
Khubkala Side Effects in Hindi: खूबकला एक पौधा है, जिसकी पत्तियों, तनों, बीजों और फूलों का उपयोग औषधि के लिए किया जाता है। लेकिन आयुर्वेद में सबसे ज्यादा खूबकला के बीजों का उपयोग किया जाता है। खूबकला के बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। आपको बता दें कि खूबकला के बीजों में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, इसलिए इनका उपयोग कई तरह की बीमारियों का इलाज करने के लिए किया जाता है। आयुर्वेद में मूत्र पथ इंफेक्शन, खांसी, क्रोनिक ब्रोंकाइटिस, बुखार और सूजन जैसी समस्याओं में इन बीजों का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। लेकिन अगर आप इन बीजों का अधिक मात्रा में सेवन करते हैं, जो सेहत को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। तो आइए, इस लेख में खूबकला के बीजों के नुकसान के बारे में विस्तार से जानते हैं-
खूबकला बीज के नुकसान- Khubkala Seeds Side Effects in Hindi
1. पित्त बढ़ना
खूबकला के बीजों की तासीर बेहद गर्म होती है। इन बीजों के अधिक सेवन से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। खासकर, जिन लोगों की पित्त प्रकृति है, उनकी दिक्कत बढ़ सकती है। इसके अलावा, गर्मी के मौसम में भी खूबकला के बीजों का ज्यादा सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए गर्मी और पित्त बढ़ने पर आपको इन बीजों के सेवन से बचना चाहिए। ज्यादा मात्रा में खूबकला खाने से एसिडिटी, रैशेज और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- बुखार में फायदेमंद होता है खूबकला, जानें सेवन का तरीका
2. प्रेगनेंसी में नुकसानदायक
प्रेगनेंसी में भी खूबकला के बीजों का सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है। आयुर्वेद में गर्भावस्था के दौरान खूबकला का सेवन करना असुरक्षित माना गया है। इसलिए अगर आप गर्भवती हैं या फिर स्तनपान करवाती हैं, तो खूबकला के बीज खाने से बचें।
3. उल्टी और मतली
खूबकला के बीजों का सेवन करने से आपको उल्टी और मतली जैसे साइड इफेक्ट्स भी महसूस हो सकते हैं। दरअसल, इन बीजों में कार्डियक ग्लाइकोसाइड्स नामक कैमिकल होते हैं, जो उल्टी, दस्त और सिरदर्द जैसी समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसलिए अगर आप पहले से ही इन समस्याओं से परेशान हैं, तो इन बीजों से परहेज करें।
इसे भी पढ़ें- खूबकला, अंजीर और मुनक्का साथ में खाने से सेहत को मिलते हैं ये 6 लाभ, जानें सेवन का तरीका
4. हृदय रोग
खूबकला के बीजों में मौजूद कार्डियक ग्लाइकोसाइड्स हृदय रोगों का जोखिम बढ़ा सकते हैं। वहीं, अगर किसी व्यक्ति को पहले से ही कोई हृदय रोग है, तो खूबकला खाने से उनकी स्थिति ज्यादा खराब हो सकती है। इसलिए इस स्थिति में खूबकला का सेवन करने से बचना चाहिए।
खूबकला भले ही कई स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज में रामबाण होता है। लेकिन ज्यादा मात्रा में खूबकला खाने से सेहत को गंभीर नुकसान भी पहुंच सकते हैं। इसलिए अगर आप भी खूबकला खाने का सोच रहे हैं, तो पहले डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।