Is Normal Delivery Possible With Short Cervix: शॉर्ट सर्विक्स को हिंदी में छोटा गर्भाशय ग्रीवा कहा जाता है। सर्विक्स की लंबाई गर्भावस्था के दौरान 3 से 5 सेंटीमीटर होती है। लेकिन जब यह लंबाई 2.5 सेंटीमीटर से कम होती है, तब इसे 'शॉर्ट सर्विक्स' कहा जाता है। यह स्थिति गर्भवती महिलाओं में समस्याएं पैदा कर सकती है, जैसे प्रीटरम (समय से पहले) डिलीवरी का खतरा। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि नॉर्मल डिलीवरी पूरी तरह असंभव हो जाती है। नॉर्मल डिलीवरी के कई कारक होते हैं, और कुछ विशेष देखभाल के साथ शॉर्ट सर्विक्स के साथ भी यह संभव है। आइए विस्तार से समझते हैं कि शॉर्ट सर्विक्स का नॉर्मल डिलीवरी पर क्या प्रभाव पड़ता है और इस स्थिति में किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। इस लेख में डॉक्टर से जानेंगे शॉर्ट सर्विक्स के साथ नॉर्मल डिलीवरी की संभावना और इससे जुड़ी जानकारी। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के झलकारीबाई हॉस्पिटल की वरिष्ठ गाइनोकॉलोजिस्ट डॉ दीपा शर्मा से बात की।
शॉर्ट सर्विक्स का डिलीवरी पर प्रभाव
सर्विक्स का काम गर्भावस्था के दौरान बच्चे को गर्भाशय में बनाए रखना और प्रसव के दौरान बच्चे को बाहर निकलने का मार्ग देना है। अगर सर्विक्स छोटा होता है, तो यह जल्दी से पतला या चौड़ा हो सकता है, जिससे समय से पहले प्रसव का जोखिम बढ़ सकता है।
शॉर्ट सर्विक्स से प्रीटरम लेबर का खतरा बढ़ जाता है
शॉर्ट सर्विक्स वाली महिलाओं में समय से पहले प्रसव (37 सप्ताह से पहले) का खतरा ज्यादा होता है। यह रिस्क इसलिए होता है क्योंकि छोटी सर्विक्स के कारण गर्भाशय जल्दी से प्रसव के लिए तैयार हो सकता है। हालांकि, हर शॉर्ट सर्विक्स वाली महिला को प्रीटरम लेबर नहीं होता।
शॉर्ट सर्विक्स के कारण- Causes of Short Cervix
सर्विक्स की लंबाई छोटी होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं-
- कुछ महिलाओं में जन्म से ही गर्भाशय ग्रीवा की लंबाई कम होती है।
- पहले हुई गर्भाशय या गर्भाशय ग्रीवा की सर्जरी के कारण सर्विक्स की लंबाई कम हो जाती है।
- अगर पहले कोई गर्भपात हुआ हो, तो गर्भाशय ग्रीवा कमजोर हो सकता है।
- गर्भाशय की संरचना में कोई असामान्यता भी शॉर्ट सर्विक्स का कारण हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- आईवीएफ के बाद गर्भपात की संभावना हो सकती है कम, फॉलो करें डॉक्टर के बताए ये 5 टिप्स
क्या शॉर्ट सर्विक्स के साथ नॉर्मल डिलीवरी संभव है?
शॉर्ट सर्विक्स के साथ भी नॉर्मल डिलीवरी (वजाइनल बर्थ) संभव हो सकती है, लेकिन इसके लिए कुछ सावधानियों की जरूरत होती है। अगर गर्भाशय ग्रीवा मजबूत है और समय से पहले प्रसव के कोई लक्षण नहीं होते, तो शॉर्ट सर्विक्स वाली महिलाएं की भी नॉर्मल डिलीवरी हो सकती है-
- सर्वाइकल सट्रेज (Cervical Cerclage) एक सर्जिकल प्रक्रिया है जिसमें गर्भाशय ग्रीवा को बंद कर दिया जाता है ताकि गर्भावस्था के दौरान गर्भाशय का मुंह न खुले और समय से पहले प्रसव न हो।
- प्रोजेस्टेरोन हॉर्मोन की थेरेपी गर्भाशय ग्रीवा को स्थिर और मजबूत रखने में मदद करती है। यह थेरेपी प्रीटरम लेबर को रोकने में भी फायदेमंद हो सकती है।
- शॉर्ट सर्विक्स की स्थिति में महिलाओं को भारी शारीरिक कार्यों और तनाव से बचने की सलाह दी जाती है। लंबे समय तक आराम करना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दिनचर्या में बदलाव करना गर्भावस्था को सुरक्षित बना सकता है।
- गर्भावस्था के दौरान शॉर्ट सर्विक्स की स्थिति की निगरानी के लिए नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड किया जाता है। इससे सर्विक्स की लंबाई और गर्भाशय की स्थिति पर नजर रखी जाती है, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
image credit: invitra.com, sitarambhartia