गर्मियों में दही का सेवन कई तरीकों से किया जाता है, जो न केवल स्वादिष्ट लगता है बल्कि सेहत के लिए भी बेहद लाभदायक साबित होता है। आजकल, दही से सिर्फ लस्सी और छाछ ही नहीं बनती है बल्कि सब्जी, रायता और कटलेट भी बनते हैं। खासकर, इन दिनों सबसे ज्यादा लोग फ्रूट रायता खाना पसंद करते हैं, जो कि स्वाद में खट्टा-मीठा होता है। दही का इन तरीकों से सेवन करने के बाद लोगों को लगता है कि उन्होंने हेल्दी चीज खाई है। लेकिन जब पेट से जुड़ी समस्याएं होती हैं तो लोगों को लगता है कि दही उन्हें नुकसान कर रहा है और इसे खाना बंद कर देते हैं। जबकि असल में दही नुकसान नहीं करता है बल्कि अलग-अलग चीजों को मिलाकर दही का सेवन नुकसानदायक हो सकता है। आयुर्वेद के अनुसार दही का सेवन करने के अनेक फायदे हैं लेकिन इसके साथ ही दही का सेवन करने के लिए कुछ नियम भी बताए गए हैं। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) दही और फलों को साथ में मिलाकर बनने वाले फ्रूट रायता के बारे में बता रहे हैं।
क्या फ्रूट रायता सेहत के लिए अच्छा है? - Is Fruit Raita Good For Health In Hindi
डॉक्टर श्रेय ने बताया कि दही और दही से बनने वाली लस्सी और छाछ का सेवन करने से तुरंत लोगों को ठंडक का एहसास होता है, जिस वजह से लोग दही को ठंडा समझते हैं। जब कि असल में दही की तासीर गर्म होती है। डॉक्टर ने बताया कि अगर आप दही में पानी मिलाकर इसकी लस्सी बनाते हैं या छाछ के रूप में इसे पीते हैं तो दही की तासीर हल्की हो जाती है, जो कि पेट के लिए फायदेमंद होती है। दही में जीरा, हींग और पानी मिलाकर बनाया गया रायता भी पेट के लिए फायदेमंद होता है लेकिन अगर आप दही के रायते में फलों को मिलाकर खाते हैं यानी फ्रूट रायता बनाते हैं तो इस बात का खास ध्यान रखें कि दही बिना मलाई वाला होना चाहिए, इसे खाने के कुछ खास नुकसान नहीं हैं। हालांकि, लोगों को इसका सेवन अपने अग्नि बल के अनुसार करना चाहिए। जिन लोगों को डाइजेशन संबंधी समस्याएं रहती हैं, उन्हें इसका सेवन करने से परहेज करना चाहिए। ऐसे में आप अपने पेट की अग्नि के हिसाब से गर्मियों के मौसम में स्वादिष्ट लगने वाले फ्रूट रायता का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: खट्टी दही खाने से सेहत को मिलते हैं ये 8 फायदे, आज से ही डाइट में करें शामिल
डॉक्टर श्रेय के अनुसार, दही की तासीर गर्म होती है और यह पचने में भी भारी होती है। नियमित दही का सेवन करने से कफ और पित्त बढ़ता है और पाचन अग्नि में सुधार हो सकता है। हालांकि, दही खाते समय ध्यान रखें कि इसका सेवन दिन के समय करें, रात के समय दही का का सेवन सेहते के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: सुबह ब्रेकफास्ट में बनाएं ये हेल्दी और टेस्टी दही पोहा, 5 मिनट में हो जाएगा तैयार
फलों के साथ दही खाने के नुकसान - Disadvantages Of Eating Curd With Fruits
1. दही और फल दोनों को साथ मिलाकर खाया जाता है, तो यह कुछ लोगों में पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है, जैसे कि गैस और एसिडिटी जैसी समस्याएं।
2. दही और फलों का साथ में सेवन करने का बुरा असर कुछ लोगों की गट हेल्थ पर पड़ सकता है।
3. अगर आप मलाई वाले दही में फलों को मिलाकर रायता खाते हैं तो इससे पाचन बिगड़ सकता है।
गर्मियों में दही का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता है। लेकिन इसका सेवन दिन से समय करें और अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं तो डॉक्टर से सलाह के बाद ही इसका सेवन करें।
All Images Credit- Freepik