बार-बार एंटीबायोटिक्स लेने के बाद भी ठीक नहीं हो रहा इंफेक्शन? डॉक्टर से जानें क्यों बेअसर हो जाती हैं दवाएं

क्या आप एंटीबायोटिक्स ले रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद आपका इंफेक्शन ठीक नहीं हो रहा है? दवा का पूरा कोर्स लेने के बाद भी बुखार, गले में दर्द, खांसी या शरीर में इंफेक्शन के लक्षण बने हुए हैं? अगर हां, तो इसके पीछे सिर्फ कमजोर इम्यूनिटी ही नहीं, बल्कि एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस यानी दवाओं के प्रति बैक्टीरिया का प्रतिरोध भी हो सकता है। World AMR Awareness Week के खास मौके पर Mr. Vijay Kr. Aggarwal, Managing Director, Medicef Pharma और कैलाश अस्पताल, देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि एंटीबायोटिक्स का इस्तेमाल बैक्टीरिया से होने वाले इंफेक्शन को खत्म करने या उनकी ग्रोथ रोकने के लिए किया जाता है लेकिन जब इन दवाओं का जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से इस्तेमाल होता है, तो कुछ बैक्टीरिया उनमें मौजूद दवाओं के प्रभाव से बचने की क्षमता विकसित कर लेते हैं। ऐसी स्थिति में सामान्य रूप से इस्तेमाल होने वाली एंटीबायोटिक्स भी इंफेक्शन पर असर करना बंद कर सकती हैं।
एंटीबायोटिक्स लेने के बाद भी क्यों ठीक नहीं होता इंफेक्शन?
डॉ. गोपाल जी शर्मा के मुताबिक, एंटीबायोटिक्स लेने के बाद भी इंफेक्शन ठीक न होने के पीछे कई वजह हो सकती हैं। कई बार इंफेक्शन वायरल होता है, जबकि मरीज एंटीबायोटिक्स ले रहा होता है। इसके अलावा गलत एंटीबायोटिक का इस्तेमाल, दवा की सही खुराक न लेना या बैक्टीरिया का दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर लेना भी इसकी वजह हो सकता है। इसलिए अगर दवा लेने के बाद भी बुखार, दर्द, सूजन या दूसरे लक्षण बने रहते हैं, तो खुद से दवा बदलने के बजाय डॉक्टर से दोबारा संपर्क करना चाहिए।
एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस क्या है और यह कैसे विकसित होता है?
डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस एक ऐसी स्थिति है, जिसमें बैक्टीरिया उन दवाओं के प्रभाव से बचने की क्षमता विकसित कर लेते हैं, जिनसे पहले उन्हें खत्म किया जा सकता था। समय के साथ बैक्टीरिया में नेचुरल रूप से कुछ बदलाव होते हैं। इनमें से कुछ बदलाव उन्हें एंटीबायोटिक्स के खिलाफ जीवित रहने में मदद करते हैं।
ऐसे प्रतिरोधी बैक्टीरिया आगे बढ़ते हैं और अपनी संख्या बढ़ाकर दूसरे लोगों तक भी फैल सकते हैं। इससे सामान्य इंफेक्शन का इलाज करना मुश्किल हो सकता है। कई बार मरीज को ज्यादा प्रभावी दवाओं या लंबे इलाज की जरूरत पड़ सकती है। मेडिसेफ फार्मा के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री विजय कुमार अग्रवाल के अनुसार, एंटीबायोटिक्स का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल इस समस्या को और तेजी से बढ़ा सकता है। इसलिए दवाओं का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है।
antimicrobial resistance
एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस क्या है?
साल 2026 में World Health Organization में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, एंटीबायोटिक, एंटीवायरल, एंटीफंगल और एंटीपैरासिटिक जैसी रोगाणुरोधी यानी एंटीमाइक्रोबियल दवाएं इंसानों, जानवरों और पौधों में इंफेक्शन को रोकने और ठीक करने के लिए बेहद जरूरी हैं लेकिन जब बैक्टीरिया, वायरस, कवक या परजीवी इन दवाओं के प्रति रेजिस्टेंस विकसित कर लेते हैं, तो ये दवाएं बेअसर होने लगती हैं। इस दवा प्रतिरोध यानी रेजिस्टेंस के कारण सामान्य इंफेक्शन का इलाज भी बेहद कठिन या असंभव हो जाता है। परिणामस्वरूप बीमारी के तेजी से फैलने, गंभीर रूप लेने, स्थायी विकलांगता और मृत्यु का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
एंटीबायोटिक्स के गलत इस्तेमाल से ड्रग रेजिस्टेंस?
डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजहों में से एक इन दवाओं का गलत इस्तेमाल है। कई लोग सामान्य सर्दी-जुकाम, खांसी या वायरल बुखार होने पर भी बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स लेने लगते हैं। इसके अलावा कुछ गलतियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं-
- बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स लेना।
- पुरानी बीमारी की बची हुई दवाओं का दोबारा इस्तेमाल करना।
- किसी दूसरे व्यक्ति की एंटीबायोटिक्स लेना।
- डॉक्टर की सलाह के बिना दवा की खुराक बदलना।
- इलाज के दौरान दवा छोड़ देना या निर्धारित तरीके से न लेना।
एंटीबायोटिक्स का कोर्स कितने समय तक लेना है, यह इंफेक्शन और मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवा लेनी चाहिए।
निष्कर्ष
एंटीबायोटिक्स लेने के बाद भी इंफेक्शन ठीक न होना कई कारणों से हो सकता है, जिनमें एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस एक गंभीर वजह है। इस समस्या को बढ़ने से रोकने के लिए बिना जरूरत एंटीबायोटिक्स लेने से बचना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवाओं का इस्तेमाल करना जरूरी है। सही जानकारी, जिम्मेदार इस्तेमाल से इन जरूरी दवाओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रभावी बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है?
हां, एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस विकसित करने वाले बैक्टीरिया एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैल सकते हैं। यह संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क, दूषित हाथों, सतहों या भोजन-पानी के माध्यम से फैल सकता है।एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस की जांच कैसे की जाती है?
इसके लिए डॉक्टर कल्चर और सेंसिटिविटी टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 23, 2026 12:06 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Nov 23, 2026 12:06 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Gopal Jee Sharma