सुबह बिस्तर से उठते ही जैसे ही पैर जमीन पर रखते हैं, एड़ी में तेज चुभने वाला दर्द महसूस होता है? कई लोगों को यह दर्द सिर्फ सुबह के शुरुआती कदमों में होता है और कुछ देर चलने के बाद कम हो जाता है। ऐसे में अक्सर लोग इसे सामान्य थकान, ज्यादा चलने या उम्र बढ़ने का असर मान लेते हैं लेकिन अगर यह समस्या बार-बार हो रही है, तो इसके पीछे कोई खास वजह भी हो सकती है।
Max Hospital Patparganj के ऑर्थोपेडिक्स एंड जॉइंट रिप्लेसमेंट विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. दीपक अरोड़ा बताते हैं कि एड़ी में दर्द के कई कारण हो सकते हैं, लंबे समय तक खड़े रहने, ज्यादा चलने, अचानक एक्सरसाइज बढ़ाने, गलत जूते पहनने या पैरों पर ज्यादा दबाव पड़ने से भी एड़ी में दर्द हो सकता है। वहीं कुछ लोगों में प्लांटर फेशिआइटिस (Plantar Fasciitis) जैसी समस्या इसकी वजह बन सकती है। आइए ऑर्थोपेडिक डॉ. आकाश सिंघल से जानते हैं सुबह के समय होने वाले एड़ी के दर्द के संभावित कारण और इससे बचने के जरूरी तरीके।
सुबह उठते ही एड़ी में तेज दर्द क्यों होता है?
ऑर्थोपेडिक डॉ. दीपक अरोड़ा बताते हैं कि रातभर आराम करने के बाद जब हम अचानक खड़े होकर चलना शुरू करते हैं, तो पैर के तलवे और एड़ी पर अचानक वजन पड़ता है। इस दौरान प्लांटर फेशिया नामक टिश्यू पर खिंचाव पड़ सकता है। प्लांटर फेशिया एड़ी की हड्डी से पैर की उंगलियों तक फैला एक मजबूत टिश्यू होता है। अगर इसमें सूजन या खिंचाव हो, तो आराम के बाद उठते समय पहले कुछ कदमों में एड़ी में दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है। प्लांटर फेशिआइटिस सुबह की एड़ी के दर्द का एक आम कारण हो सकता है।
कभी-कभार लंबे समय तक खड़े रहने, ज्यादा चलने या असामान्य फिजिकल एक्टिविटी के बाद एड़ी में दर्द हो सकता है लेकिन अगर दर्द लगातार हर सुबह हो रहा है, धीरे-धीरे बढ़ रहा है या चलने-फिरने में परेशानी पैदा कर रहा है, तो इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। दर्द का कारण केवल प्लांटर फेशिया की समस्या हो, यह जरूरी नहीं है। पैर की चोट, गलत फुटवियर, शरीर का बढ़ा हुआ वजन या दूसरी ऑर्थोपेडिक समस्याएं भी एड़ी के दर्द की वजह बन सकती हैं।
- जिन लोगों को लंबे समय तक खड़े रहना पड़ता है, वे रोजाना ज्यादा चलते हैं या दौड़ते हैं, उनमें पैरों पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है।
- इसके अलावा अचानक एक्सरसाइज बढ़ाना या ऐसी एक्टिविटी करना जिसकी आदत शरीर को न हो, एड़ी पर तनाव बढ़ा सकता है, जिसके कारण भी दर्द हो सकता है।
- गलत फिटिंग वाले या ज्यादा सपोर्ट न देने वाले जूते पहनने से भी पैरों पर दबाव बढ़ सकता है।
साल 2024 में NIH की Bookshelf में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- हील फैट पैड एट्रोफी यानी एड़ी की चर्बी कम होने की समस्या में भी एड़ी के बीच के हिस्से में लगातार दर्द होता है।
- यह परेशानी ज्यादातर नंगे पैर कठोर जमीन पर चलने के कारण होती है। एड़ी के बीच के हिस्से को दबाने पर दर्द महसूस होता है। एक्स-रे या एमआरआई स्कैन से एड़ी के कुशन की मोटाई कम होने का पता चलता है।
- यदि आपको ऐसे लक्षण महसूस हों, तो सख्त फर्श पर नंगे पैर चलने से बचें और नरम सोल वाले जूते पहनें। सही समय पर डॉक्टर से सलाह लें ताकि दर्द से राहत मिल सके।
इसे भी पढ़ें: पैरों में बार-बार सूजन को न करें नजरअंदाज, इन 5 समस्याओं का हो सकता है संकेत

एड़ी के दर्द में क्या सावधानी बरतें?
ऑर्थोपेडिक डॉ. दीपक अरोड़ा सलाह देते हैं कि अगर सुबह उठते समय एड़ी में दर्द होता है, तो बिस्तर से तुरंत उठकर तेज चलने के बजाय पहले पैर को हल्का स्ट्रेच करना मददगार हो सकता है। दिनभर आरामदायक और सही फिटिंग वाले जूते पहनना भी जरूरी है। कुछ लोगों को आराम और प्रभावित हिस्से पर ठंडी सिकाई से भी राहत मिल सकती है। हालांकि, लगातार दर्द होने पर केवल घरेलू उपायों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: Foot Care Cream: खूबसूरत सॉफ्ट पैरों के लिए घर पर बनाएं ये फुट क्रीम
कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
ऑर्थोपेडिक डॉ. दीपक अरोड़ा का कहना है कि अगर एड़ी का दर्द कई दिनों तक बना रहता है, बार-बार लौटता है या रोजमर्रा की एक्टिविटी को प्रभावित करता है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। चलने में बहुत ज्यादा परेशानी, चोट के बाद अचानक दर्द, पैर में सूजन या लालिमा होने पर भी डॉक्टर से जांच जरूरी हो सकती है। अगर दर्द के साथ पैर में सुन्नपन, झनझनाहट या कमजोरी महसूस हो रही है, तो इसका कारण अलग हो सकता है और डॉक्टर को इसकी जानकारी देना जरूरी है।
निष्कर्ष
सुबह उठते ही कभी-कभार एड़ी में हल्का दर्द होना हमेशा चिंता की बात नहीं है, लेकिन अगर यह समस्या रोज होती है या पहले कुछ कदमों में तेज दर्द महसूस होता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। प्लांटर फेशिआइटिस इसके आम कारणों में से एक हो सकता है, लेकिन सही कारण जानने के लिए लक्षणों को देखना जरूरी है। आरामदायक फुटवियर, पैर पर दबाव कम करना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से जांच कराना एड़ी के दर्द को समझने और कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या फ्लैट फुट की वजह से एड़ी में दर्द हो सकता है?
फ्लैट फुट में पैर के आर्च की संरचना अलग होती है और इससे पैर पर पड़ने वाला दबाव बदल सकता है। कुछ लोगों में इससे एड़ी या पैर के दूसरे हिस्सों में दर्द हो सकता है।एड़ी के दर्द में किस तरह के जूते पहनने चाहिए?
एड़ी के दर्द में ऐसे जूते बेहतर रहते हैं जो सही फिटिंग वाले हों और पैरों को पर्याप्त सपोर्ट दें। बहुत टाइट या असुविधाजनक फुटवियर से बचना चाहिए।हड्डियों में दर्द किसकी कमी से होता है।
शरीर में कैल्शियम और विटामिन D की कमी से कुछ लोगों में हड्डियों में दर्द की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 13, 2026 13:35 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Deepak Kumar Arora