किसी से बात करते समय अगर हमारे मुंह से बदबू आए तो अक्सर यह शर्मिंदगी का कारण बन जाती है। दरअसल अचानक आने वाली मुंह से बदबू की समस्या बहुत असुविधा और चिंता की बात हो सकती है, जो अक्सर खराब ओरल हेल्थ या शरीर में चल रही किसी अंदरूनी गड़बड़ी का संकेत हो सकती है। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida का कहना है कि मुंह से बदबू आना सिर्फ एक कॉस्मेटिक या सामाजिक समस्या नहीं है, बल्कि कई बार यह आपके शरीर के अंदर पनप रही किसी स्वास्थ्य समस्या का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। इसलिए, जब यह बदबू अचानक शुरू होती है तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।
अचानक मुंह से बदबू आने के कारण
साल 2023 में Cureus में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, सांसों की बदबू या हैलिटोसिस के 85% से ज्यादा मामले मुंह के अंदर की समस्याओं से जुड़े होते हैं, जिनमें मुख्य रूप से जीभ पर परत जमना, मुंह का खराब हाइजीन और जीभ के पिछले हिस्से में मौजूद ग्राम-नेगेटिव बैक्टीरिया द्वारा दुर्गंधयुक्त वोलेटाइल सल्फर कंपाउंड्स का निर्माण होना शामिल है।
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि मुंह की बदबू का कनेक्शन सिर्फ दांतों से नहीं, बल्कि आपके पाचन तंत्र, सांस की नली और शरीर के मेटाबॉलिज्म से भी होता है-
1. ड्राई माउथ
ड्राई माउथ की समस्या अचानक मुंह से बदबू आने का सबसे आम कारण है। लार हमारे मुंह का नेचुरल क्लींजर है। लार मुंह में मौजूद भोजन के कणों और बैक्टीरिया को बहाकर साफ करती है। जब किसी कारण से मुंह में लार बनना कम हो जाता है तो बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं और मुंह से बदबू आने लगती है।
ड्राई माउथ की समस्या अक्सर रात में मुंह खोलकर सोना, तनाव या कुछ दवाओं के कारण होती है।
इसे भी पढ़ें: क्या मुंह से बदबू आने की वजह कम पानी पीना भी हो सकती है? जानें डिहाइड्रेशन और मुंह की दुर्गंध का कनेक्शन
2. दांतों और मसूड़ों का इंफेक्शन
अगर आपके किसी दांत में अचानक कैविटी हो गई है या मसूड़ों में सूजन आ गई है तो वहां खाना फंसने लगता है। यह फंसा हुआ खाना जब सड़ता है तो सल्फर पैदा करने वाले एनाएरोबिक बैक्टीरिया बहुत खराब बदबू छोड़ते हैं, जो मुंह से बदबू आने का कारण बनता है।
3. टॉन्सिल स्टोन
गले के दोनों तरफ स्थित टॉन्सिल की दरारों में खाना, डेड सेल्स और बैक्टीरिया जमा होकर छोटे-छोटे सफेद या पीले पत्थरों का रूप ले लेते हैं। इन टॉन्सिल स्टोन्स से सड़न जैसी तेज बदबू आती है और मरीज को गले में कुछ फंसा हुआ सा महसूस होता है।
4. एसिड रिफ्लक्स और पाचन से जुड़ी समस्याएं
जब पेट का एसिड और अधपचा भोजन वापस खाने की नली की तरफ ऊपर आता है तो पेट की गंध मुंह तक पहुंच जाती है। पेट में इंफेक्शन, गंभीर कब्ज या अपच भी अचानक सांसों से बदबू आने का कारण बनते हैं।
5. साइनस और गले का इंफेक्शन
जब आपको सर्दी, जुकाम या साइनस का इंफेक्शन होता है, तो नाक और साइनस से बलगम गले के पीछे टपकता रहता है। यह बलगम बैक्टीरिया का घर बन जाता है, जिससे सांस लेते या बोलते समय तेज बदबू आती है।
6. डायबिटीज और कीटोएसिडोसिस
अगर डायबिटीज के मरीज के मुंह से अचानक फलों जैसी बदबू आने लगे तो यह एक इमरजेंसी हो सकती है। इसका मतलब है कि शरीर में इंसुलिन की कमी से कीटोन्स बन रहे हैं।
डाइट और लाइफस्टाइल से जुड़े ट्रिगर
- ज्यादा लहसुन, प्याज या मसालेदार खाने में वोलेटाइल सल्फर कंपाउंड्स होते हैं जो पचने के बाद खून में शामिल होकर फेफड़ों तक पहुंचते हैं और सांसों के जरिए बाहर निकलते हैं।
- लो-कार्ब या कीटो डाइट के दौरान जब आप कार्बोहाइड्रेट खाना बंद कर देते हैं, तो शरीर फैट बर्न करता है, जिससे 'कीटोन्स' बनते हैं और सांसों से बदबू आती है।
- तंबाकू, सिगरेट और शराब जैसी चीजें मुंह को सूखा देती हैं और मसूड़ों के इंफेक्शन को बढ़ाती हैं।
इसे भी पढ़ें: ब्रश करने के बाद भी मुंह से दुर्गंध क्यों आती है? डेंटिस्ट से जानें इसके छिपे कारण और बचाव के उपाय
मुंह की बदबू से बचने के उपाय
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, अगर आपको अचानक मुंह से बदबू महसूस होने लगी है तो तुरंत इन बातों का ध्यान दें-
- दिन में दो बार सुबह और रात सोने से पहले ब्रश करें।
- 80% बदबू जीभ पर जमा सफेद परत की वजह से होती है। इसलिए, जीभ को टंग क्लीनर से रोज साफ करें।
- दांतों के बीच फंसे खाने को निकालने के लिए डेंटल फ्लॉस का इस्तेमाल करें।
- दिन में 2.5 से 3 लीटर पानी पिएं ताकि मुंह में नमी बनी रहे और लार का निर्माण होता रहे।
- ज्यादा अल्कोहल वाले माउथवॉश मुंह को और सुखा देते हैं। इसलिए गुनगुने पानी में थोड़ा नमक मिलाकर कुल्ला करें।
- सौंफ, लौंग या इलायची चबाएं, क्योंकि ये प्राकृतिक रूप से लार के बहाव को बढ़ाते हैं और बदबू को दूर करते हैं।
डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए?
अगर अच्छी ओरल केयर और पानी पीने के बाद भी आपके मुंह से बदबू आने की समस्या 1-2 हफ्तों तक लगातार बनी रहती है तो इसे नजरअंदाज न करें। इस स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है। आप किसी डेंटिस्ट से मिलकर दांतों और मसूड़ों की जांच कराएं। अगर दांत पूरी तरह हेल्दी हैं तो फिजिशियन या ईएनटी स्पेशलिस्ट से मिलकर पेट, साइनस या टॉन्सिल की जांच करानी चाहिए।
निष्कर्ष
मुंह से अचानक बदबू आना कोई ऐसी समस्या नहीं है, जिससे आप डरें या शर्मिंदा हों। यह बस आपके शरीर का एक संकेत है कि मुंह या पेट की अंदरूनी सेहत पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। मुंह की सही सफाई, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेने से यह समस्या ठीक हो सकती है।
Image Credit: Freepik
FAQ
किस विटामिन की कमी से मुंह से बदबू आती है?
मुंह से बदबू आने की समस्या मुख्य रूप से विटामिन सी, विटामिन डी और विटामिन बी12 की कमी के कारण आ सकती है।क्या लिवर खराब होने पर मुंह से बदबू आती है?
हां, लिवर के गंभीर रूप से खराब होने या फेल होने पर मुंह से एक खास तरह की बदबू आ सकती है, जिसे मेडिकल भाषा में फेटोर हेपेटिकस कहा जाता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 04, 2026 10:06 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
