सुबह उठने के बाद या कुछ खास चीजें खाने के बाद मुंह से बदबू आना तो आम है, लेकिन अगर सारा दिन मुंह में लगातार बदबू बनी रहती है, तो चिंता का विषय है। कई लोग दिन में कई बार ब्रश या माउथवॉश भी करते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर से वही स्थिति हो जाती है। अगर मुंह का स्वाद, मसूड़ों में खून आना या गले में कुछ फंसा हुआ महसूस हो, तो इसे दांतों की सफाई समझकर नजरअंदाज न करें। मुंह से सारा दिन बदबू आने के कारण को जानने के लिए हमने Dr. Keshav Naithani, Principal Director & HOD, Department of Dental & Maxillofacial Surgery, Max Multi-Speciality Hospital, Noida (UP) से बात की।
मुंह से बदबू आने का कारण 5 बीमारियां
Oral Diseases में प्रकाशित जर्नल के अनुसार, 80% से 90% हैलिटोसिस मुंह के अंदरूनी कारणों से होता है। इसमें जीभ पर जमा सफेदी या गंदगी, मसूड़ों व दांतों की बीमारियां और मुंह की सही सफाई न रखना इसके मुख्य कारण है। इसमें 10% से 20% हैलिटोसिस मुंह से बाहरी कारणों से होता है, जो शरीर की अन्य बीमारियों से जुड़े होते हैं।
Dr. Keshav Naithani ने कहा कि बार-बार मुंह से बदबू आने का कारण सेहत से जुड़ी बीमारियां भी हो सकती है। इसमें से पांच बीमारियां होने का रिस्क ज्यादा होता है।
1. टॉन्सिल स्टोन
Dr. Keshav Naithani कहते हैं, “अगर मुंह की सफाई ठीक रखने के बावजूद बदबू बनी रहती है और गले में कुछ अटका हुआ महसूस होता है, तो इसकी एक वजह टॉन्सिल स्टोन भी हो सकती है। टॉन्सिल के अंदर छोटी-छोटी दरारें और गड्ढे होते हैं, जिन्हें टोनसिलर क्रिप्ट्स कहा जाता है। इनमें खाने के छोटे कण, बैक्टीरिया और दूसरी चीजें जमा हो सकती हैं। समय के साथ ये पदार्थ सख्त होकर छोटे सफेद या पीले पत्थर जैसे टुकड़ों में बदल सकते हैं। इन टॉन्सिल स्टोन से निकलने वाली गंध काफी तेज हो सकती है। कुछ लोगों को इसके साथ मुंह में खराब स्वाद, गले में खराश, खांसी या कुछ फंसा हुआ महसूस होने की शिकायत भी हो सकती है।”
2. मसूड़ों की बीमारी
Dr. Keshav Naithani ने बताया कि मुंह में लगातार बदबू आने का सबसे बड़ा कारण मसूड़ों की बीमारी है। दांतों और जीभ पर प्लाक जमा होने पर उसमें मौजूद बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं। शुरुआत में इससे जिजिवाइटिस हो सकता है, जिसमें मसूड़े लाल, सूजे हुए और ब्रश करते समय आसानी से खून छोड़ने लगते हैं। अगर समय पर इलाज न मिले तो यह समस्या पेरियोडोंनटिटिस तक पहुंच सकती है। इस स्थिति में मसूड़े दांतों से पीछे हटने लगते हैं और दांतों के आसपास गहरी जगहें बन सकती है। इन गहरी जगहों में बैक्टीरिया और भोजन के कण जमा होकर बदबू का कारण बन सकते हैं।

यह भी पढ़ें- क्या मुंह से बदबू आने की वजह कम पानी पीना भी हो सकती है? जानें डिहाइड्रेशन और मुंह की दुर्गंध का कनेक्शन
3. डायबिटीज
Dr. Keshav Naithani का कहना हैं, “डायबिटीज और मुंह का कनेक्शन काफी गहरा है। लंबे समय तक हाई ब्लड शुगर रहने पर मुंह में सूखापन और मसूड़ों की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इससे सांसों में बदबू आ सकती है, लेकिन डायबिटीज से जुड़ी एक खास स्थिति में सांसों की गंध अलग हो सकती है। जब शरीर में इंसुलिन कम हो जाता है, तो डायबिटिक कीटोएसिडोसिस जैसी गंभीर बीमारी हो जाए, तो सांसों से फलों जैसी गंध आ सकती है।”
4. एसिड रिफ्लक्स या GERD
Dr. Keshav Naithani कहते हैं, “GERD यानी Gastroesophageal Reflux Disease में पेट का एसिड बार-बार खाने की नली में आने लगता है। कुछ लोगों में यह एसिड मुंह तक भी पहुंच सकता है। इससे मुंह में खट्टा स्वाद, जलन और कभी-कभी सांसों में बदबू महसूस हो सकती है। अगर बदबू के साथ बार-बार सीने में जलन, खट्टी डकार, मुंह में खट्टा पानी आना या खाना खाने के बाद परेशानी बढ़ना जैसे लक्षण हैं, तो डॉक्टर को दिखाएं। खुद से दवा न लें।
5. नाक, गले या फेफड़ों का इंफेक्शन
Cleveland Clinic के मुताबिक, कभी-कभी बदबू आने का कारण मुंह के बजाय नाक, गले या सांस लेने के सिस्टम में भी हो सकता है। नाक या गले में इंफेक्शन होने पर वहां जमा फ्लूड और म्यूकस से मुंह में बदबू आ सकती है। कुछ मामलों में फेफड़ों के इंफेक्शन जैसे निमोनिया के साथ निकलने वाले फ्लूड में भी बदबू हो सकती है।
मुंह की बदबू से बचने के लिए क्या करें?
Dr. Keshav Naithani ने लोगों को सलाह दी है कि अगर किसी को बीमारी की वजह से मुंह में बदबू नहीं आ रही है, तो रोजाना ओरल हाइजीन का ध्यान रखें।
- दिन में कम से कम दो बार फ्लोराइड टुथपेस्ट से दांत साफ करें।
- रोजाना फ्लॉस से जीभ की सफाई करें।
- जीभ की सफाई पर भी ध्यान दें, क्योंकि जीभ पर बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं।
- पर्याप्त पानी पिएं ताकि मुंह ज्यादा सूखा न रहे।
- स्मोकिंग या तंबाकू का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
- डॉक्टर की सलाह पर दांतों की क्लीनिंग कराएं।
यह भी पढ़ें- मुंह में बार-बार छाले होना इन 5 बीमारियों का संकेत हो सकता है, डॉक्टर से जानें कब हो जाएं सतर्क
निष्कर्ष
अगर कभी-कभार मुंह से बदबू आती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर बदबू लगातार बनी हुई है और ब्रश या ओरल हाइजीन के बावजूद सुधार नहीं होता, तो डेंटिस्ट से जांच करानी चाहिए। डेंटिस्ट दांतों या मसूड़ों की जांच करके ही इसका कारण बता सकते हैं। मुंह की बदबू को इग्नोर न करें और समय रहते इलाज कराने से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
जीभ की सफाई न करने से मुंह से बदबू क्यों आती है?
जीभ की सतह पर जमा सफेद परत पर लाखों बैक्टीरिया पनपते हैं जो सल्फर गैस छोड़ते हैं, जिससे काफी ज्यादा बदबू पैदा होती है।दांतों में कैप या ब्रेसिज लगवाने के बाद बदबू क्यों आने लगती है?
नकली दांतों या ब्रेसिज के आसपास खाना फंसना बहुत आसान होता है। सामान्य ब्रश वहां तक नहीं पहुंच पाता, जिससे फंसा हुआ खाना सड़ने लगता है। इसके लिए इंटरडेंटल ब्रश या वॉटर फ्लॉसर का इस्तेमाल जरूरी होता है।क्या इंटरमिटेंट फास्टिंग या डाइटिंग करने से भी मुंह से गंध आती है?
हां, इसे कीटो ब्रीथ कहा जाता है। जब कोई लंबे समय तक भूखा रहता है या कार्बोहाइड्रेट बिल्कुल बंद कर देते हैं, तो शरीर ऊर्जा के लिए फैट बर्न करता है, जिससे बनने वाले कीटोन्स सांसों के जरिए बाहर निकलते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 12, 2026 14:36 IST
Modified By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Keshav Naithani Aug 12, 2026 14:36 IST
Published By : Aneesh Rawat