अचानक खड़े होने पर सिर चक्कर आने की समस्या कभी न कभी किसी न किसी व्यक्ति को होती है। कई बार बिस्तर से उठने या कुर्सी से अचानक से खड़े होने पर ऐसा होता है। इसके साथ कुछ लोगों की आंखों के आगे अंधेरा छा जाता है, जिससे बैलेंस बिगड़ जाता है। यह स्थिति कुछ सेकंड के लिए होती है, लेकिन ऐसा होता क्यों है? आइए इस बारे में Dr. Annu Aggarwal, Consultant, Neurology, Specialist Cognitive and Behavioural Neurology, Kokilaben Dhirubhai Ambani Hospital, Mumbai से जानें।
अचानक खड़े होने पर चक्कर क्यों आता है?
डॉ. अन्नू अग्रवाल के अनुसार, जब आप बैठे या लेटे होते हैं, तो ब्लड फ्लो पूरे शरीर में बराबर होता है, जैसे ही आप अचानक खड़े होते हैं, ग्रेविटी के कारण शरीर का खून नीचे पैरों और पेट की ओर जाने लगता है। इसके कारण दिल तक पहुंचने वाले खून की मात्रा में थोड़ी कमी आती है, जिससे ब्रेन तक ऑक्सीजन और ब्लड फ्लो कुछ सेकंड के लिए कम हो जाता है।
चक्कर आने पर कम हो जाता है ब्लड प्रेशर
डॉ. अन्नू बताती हैं, शरीर में इस समस्या को ठीक करने का एक सिस्टम होता है। हमारे शरीर में ऐसे सेंसर होते हैं, जो ब्लड प्रेशर और ब्लड फ्लो में आई इस कमी को पहचान लेते हैं और तुरंत दिल को तेजी से और जोर से पंप करने का सिग्नल भेजते हैं। यह सब कुछ ही मिलीसेकंड में हो जाता है। इसलिए, अगर हम स्वस्थ हैं, तो खड़े होने पर हमें चक्कर नहीं आते हैं।
हालांकि, उम्र बढ़ने के साथ यह सिस्टम धीमा हो जाता है। इसलिए, बुजुर्गों और बीमार युवाओं में भी ब्लड प्रेशर को ठीक होने में कुछ सेकंड या कुछ मिनट लग सकते हैं। इस दौरान व्यक्ति को चक्कर आ सकते हैं, धुंधला दिखाई दे सकता है और अगर ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा कम हो जाए तो वे बेहोश होकर गिर भी सकते हैं। बैठने या लेटने की स्थिति से उठने पर ब्लड प्रेशर गिरने की इस मेडिकल समस्या को "ऑर्थोस्टैटिक हाइपोटेंशन" या "पोस्चुरल हाइपोटेंशन" कहा जाता है।
इसे भी पढ़ें: बार-बार चक्कर आने की वजह सिर्फ लो-बीपी नहीं, ये 7 कारण भी हो सकते हैं जिम्मेदार
अचानक चक्कर आने के कारण
अचानक चक्कर आने की समस्या कई स्वास्थ्य कारणों से हो सकती है।
1. शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन)
जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो ब्लड की मात्रा कम हो जाती है। इसके कारण ब्लड प्रेशर जल्दी गिरता है, जिससे अचानक खड़े होने पर चक्कर आने की समस्या हो सकती है।
why do you feel dizzy when standing up suddenly 1
2. लंबे समय तक बैठे या लेटे रहना
काफी देर तक एक ही स्थिति में रहने के बाद जब आप एकदम से उठते हैं, तो शरीर के नर्वस सिस्टम को ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में थोड़ा टाइम लगता है।
3. दवाइयों का असर
हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी या डिप्रेशन के लिए ली जाने वाली कुछ दवाइयां ब्लड वेसल्स को रिलैक्स कर देती हैं, जिससे खड़े होते समय बीपी यानी ब्लड प्रेशर अचानक कम हो सकता है।
4. पोषक तत्वों और हीमोग्लोबिन की कमी
शरीर में खून की कमी या विटामिन B12 जैसे पोषक तत्वों की कमी के कारण ब्रेन तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती है, जिससे यह समस्या ज्यादा बार हो सकती है।
5. दिल या नर्वस सिस्टम से जुड़ी स्थितियां
अगर दिल की धड़कन अनियमित हो या डायबिटीज जैसी बीमारी के कारण नसें कमजोर हो गई हों, तो शरीर बीपी के इस बदलाव को तेजी से नियंत्रित नहीं कर पाता है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2012 में The Journal of Pediatrics में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, अचानक खड़े होने पर चक्कर आना किसी न्यूरोलॉजिकल बीमारी के कारण नहीं, बल्कि शरीर के सामान्य कामकाज और ग्रेविटी के खिंचाव के कारण होता है। इसके अलावा-
- ब्लड प्रेशर में कमी: अचानक खड़े होने पर ब्लड प्रेशर अचानक कम हो जाता है, जो लगभग 8 से 15 सेकंड के अंदर होता है और फिर अपने आप सही हो जाता है।
- दिमाग में ब्लड फ्लो: ब्लड प्रेशर कम होने के कारण दिमाग तक पहुंचने वाले ब्लड फ्लो कम हो जाता है, जिससे चक्कर आना और धुंधला दिखने की समस्या हो सकती है।
- दिल की धड़कना का बढ़ना: ब्लड प्रेशर कम होने से शरीर की तंत्रिका प्रणाली तुरंत रिएक्ट करती है और हार्ट रेट को बढ़ाता है ताकि ब्लड प्रेशर नॉर्मल हो सके।
कब यह समस्या गंभीर हो सकती है?
डॉ. अन्नू बताती हैं, अगर व्यक्ति को खड़े होने पर चक्कर आने की समस्या बार-बार होती है और इसके साथ बेहोशी आने, हार्ट से जुड़ी समस्या के लक्षण दिखने, गंभीर सिरदर्द होने और बोलने में परेशानी, धुंधला दिखने और शरीर में सुन्नपन या कमजोरी जैसी समस्या होती है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
इसे भी पढ़ें: सुबह उठते ही चक्कर आने के क्या कारण हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें
किन बातों का ध्यान रखें?
डॉ. अन्नू का कहना है, अचानक खड़े होने पर चक्कर आने की समस्या से बचने और शरीर की कमजोरी को दूर करने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखा जा सकता है।
धीरे-धीरे उठें
लेटने के बाद सीधे खड़े होने के बजाय पहले 1 मिनट के लिए बिस्तर के किनारे बैठें, इसके बाद धीरे से उठें।
पर्याप्त पानी पिएं
दिनभर में सही मात्रा में पानी और लिक्विड का सेवन करें, ताकि शरीर में ब्लड फ्लो सही बना रहे।
पैरों को हिलाएं
खड़े होने से पहले अपने पैरों और पंजों को थोड़ा हिलाएं ताकि ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनी रहे।
बैलेंस डाइट लें
आयरन, प्रोटीन और हेल्दी फैट्स से भरपूर हरी सब्जियां, फल, ड्राई फ्रूट्स और दाल जैसे फूड्स को डाइट में शामिल करें, ताकि शरीर में खून की कमी न हो।
यूरिन पास करने के बाद कुछ देर बैठें
पेशाब या मल त्याग करने के लिए बैठें और काम हो जाने के बाद भी 1 मिनट तक बैठे रहें।
दरवाजा बंद न करें
बुजुर्गों को बाथरूम का दरवाजा बंद नहीं करना चाहिए।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
अगर व्यक्ति को चक्कर आने की समस्या कभी-कभार होती है, तो यह नॉर्मल है, लेकिन अगर व्यक्ति को यह समस्या रोज होती है, चक्कर के साथ बेहोशी आती है, सीने में दर्द या गिरने जैसी समस्याएं होती हैं, तो इस स्थिति को नजरअंदाज न करते हुए, तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
निष्कर्ष
अचानक से खड़े होने पर चक्कर आने की समस्या ब्लड प्रेशर के कम होने, ग्रेविटी के कारण पैरों की तरफ ब्लड फ्लो के बढ़ने और ब्रेन तक ऑक्सीजन न पहुंचने के कारण यह समस्या होती है। ऐसा शरीर में पानी की कमी, लंबे समय तक लेटे या बैठे रहने, दवाइयों का सेवन करने, पोषक तत्वों की कमी, हीमोग्लोबिन की कमी और दिल या नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्या के कारण ऐसा होता है।
इससे बचने के लिए लाइफस्टाइल में छोटे बदलाव करके सही किया जा सकता है। सही खान-पान, पर्याप्त पानी और उठने-बैठने की सही आदतों को अपनाकर इस समस्या से आसानी से बचा जा सकता है। ध्यान रहे, अगर यह समस्या बार-बार होती है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
चक्कर आने पर कौन सा टेस्ट करना चाहिए?
चक्कर आने की समस्या होने पर व्यक्ति का ब्लड शुगर, सीबीसी (हीमोग्लोबिन की कमी), ब्लड प्रेशर, इलेक्ट्रोलाइट्स और थायराइड प्रोफाइल जैसे टेस्ट डॉक्टर की सलाह के साथ कराने चाहिए।कौन सा विटामिन की कमी से चक्कर आते हैं?
शरीर में विटामिन बी12 और विटामिन डी कमी के कारण चक्कर आने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, कई बार व्यक्ति को आयरन की कमी के कारण भी चक्कर आ सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 29, 2026 22:37 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Annu Aggarwal
