शेविंग रोज की ग्रूमिंग का एक हिस्सा है, लेकिन कई लोगों को शेव करने के बाद त्वचा पर छोटे-छोटे लाल रंग के दाने दिखाई देने लगते हैं। कभी इन दानों के साथ जलन और खुजली होती है, तो कभी इनमें दर्द या सूजन भी महसूस हो सकती है। खासकर चेहरे, गर्दन, बगल या शरीर के उन हिस्सों पर यह समस्या ज्यादा परेशान कर सकती है, जहां बार-बार शेविंग की जाती है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि शेविंग करने के बाद छोटे-छोटे लाल दानें क्यों दिखते हैं? आइए इस बारे में Dr. Sunil Kumar Prabhu, Consultant dermatologist and Aesthetic Physician, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।
शेविंग के बाद छोटे लाल दाने दिखने के कारण क्या है?
डॉ. सुनील कुमार प्रभु के अनुसार, शेविंग के बाद छोटे लाल दाने अक्सर रेजर बर्न, इनग्रोन हेयर (त्वचा के अंदर उगने वाले बाल) या शेविंग से होने वाले फॉलिकुलिटिस की वजह से होते हैं। शेविंग से बाल त्वचा के बहुत पास से कटते हैं और इससे बालों की जड़ों (फॉलिकल्स) के आसपास थोड़ी जलन हो सकती है। अगर रेजर की धार कम (blunt) हो, बहुत ज्यादा दबाव डाला जाए या एक ही जगह पर बार-बार शेव की जाए, तो सूजन ज्यादा साफ दिख सकती है।
1. रेजर बर्न की समस्या
रेजर बर्न आमतौर पर शेविंग करने के तुरंत बाद स्किन पर रेडनेस, जलन, खुजली और छोटे-छोटे उभरे हुए दाने दिखाई देते हैं। यह अक्सर इंफेक्शन के बजाय रगड़ और जलन की वजह से होता है।
बहुत ज्यादा प्रेशर डालकर शेव करने, एक ही जगह पर बार-बार रेजर चलाने या त्वचा पर ज्यादा रगड़ने से जलन बढ़ सकती है। अगर रेजर ठीक से साफ नहीं है, ब्लेड बहुत पुरानी है या इसकी धार कम हो गई है, तो शेविंग करने से स्किन पर ज्यादा परेशानी हो सकती है।
American Academy of Dermatology Association के अनुसार, शेविंग से त्वचा में जलन होने पर ये दर्दनाक या खुजली वाले दाने हो जाते हैं, जिनको रेजर बंप या शेविंग बंप कहा जाता है।
इसे भी पढ़ें: नाक के आसपास छोटे-छोटे पोर्स ज्यादा क्यों दिखाई देते हैं? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें

2. इनग्रोन हेयर के कारण
शेविंग के बाद छोटे लाल दाने होने का एक आम कारण इनग्रोन हेयर (त्वचा के अंदर की ओर बाल उगने की समस्या) भी है। शेविंग के बाद, बाल नॉर्मली बाहर निकलने के बजाय मुड़कर आसपास की त्वचा में उग सकते हैं। शरीर फंसे हुए बालों पर सूजन के साथ रिएक्ट कर सकता है, जिससे लाल या कभी-कभी दर्दनाक दाना बन सकता है। घुंघराले या मोटे बालों वाले लोगों में इनग्रोन हेयर ज्यादा आम होते हैं।
3. फॉलिकुलाइटिस के कारण
जब बालों की जड़ों यानी फॉलिकल्स में सूजन आ जाती है, जिसे फॉलिकुलिटिस कहा जाता है। कुछ मामलों में, बैक्टीरिया बालों के रोम के आसपास सूजन को बढ़ा सकते हैं, खासकर तब जब शेविंग से त्वचा पर छोटे-छोटे कट लग जाएं। अगर दानों में मवाद हो, दर्द बढ़ जाए या वे फैलने लगें, तो इंफेक्शन की संभावना बढ़ सकती है।
अगर दानों में पस (pus) दिखाई दे, दर्द बढ़ जाए या दाने आसपास के हिस्से में फैलने लगें, तो इसे सिर्फ नॉर्मल शेविंग की जलन मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।
शेविंग सही तरीके से करना है जरूरी
डॉ. सुनील कुमार के अनुसार, त्वचा पर दानों की समस्या से बचने के लिए शेविंग का सही तरीका भी बहुत मायने रखता है। ऐसे में इसकी सही तरीके से करना और कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। जैसे -
- शेविंग करने के लिए पहले गुनगुने पानी का इस्तेमाल करने से बाल नरम हो सकते हैं, जबकि हल्के शेविंग जेल या क्रीम से रगड़ कम हो सकती है।
- शेविंग करने के लिए साफ और तेज धार वाले रेजर का इस्तेमाल करना चाहिए।
- बालों के उगने की दिशा में शेव करने से जलन कम हो सकती है।
- रेजर को त्वचा पर बहुत जोर से दबाने या एक ही जगह पर बार-बार चलाने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: चेहरे के ओपन पोर्स से हैं परेशान? अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय और पाएं ग्लास स्किन!
शेविंग के बाद त्वचा की देखभाल कैसे करें?
डॉ. सुनील कुमार बताते हैं, शेविंग के बाद, हल्के से धोना और बिना खुशबू वाला मॉइस्चराइजर लगाना त्वचा को शांत करने में मदद कर सकता है। जिन लोगों को अक्सर इनग्रोन हेयर की समस्या होती है, उन्हें डर्मेटोलॉजिस्ट से सही एक्सफोलिएटिंग प्रोडक्ट्स के बारे में बात करने से फायदा हो सकता है। हर व्यक्ति की स्किन और इससे जुड़ी समस्या अलग हो सकती है, इसलिए एक ही उपाय सभी के लिए सही नहीं होता है।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. सुनील कुमार आगे कहते हैं, लगातार या बार-बार होने वाले दानों को अपने आप नॉर्मल रेजर बर्न नहीं मानना चाहिए। अगर उनमें दर्द हो, मवाद भर जाए, लगातार सूजन बनी रहे, गहरे निशान या दाग रह जाएं या शेविंग की आदतें बदलने के बाद भी होते रहें, तो तुरंत डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें।
ऐसा करने से एक्सपर्ट ये पता लगा सकते हैं कि इसकी वजह फॉलिकुलिटिस, इनग्रोन हेयर या स्किन से जुड़ी कोई और समस्या तो नहीं है।
निष्कर्ष
शेविंग के बाद छोटे लाल दाने निकलना आम समस्या हो सकती है, लेकिन इसके पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं। रेजर की रगड़ से होने वाली जलन, त्वचा के अंदर बढ़ते बाल और बालों के रोम में सूजन इसके कारण हैं। लाल दानों की समस्या से बचने के लिए शेविंग के सही तरीके साफ और तेज रेजर, पर्याप्त शेविंग जेल और शेविंग के बाद त्वचा की सही देखभाल से परेशानी को कम करने में मदद मिल सकती है।
ध्यान रहे, दाने लगातार बने रहें, दर्दनाक हों, उनमें पस आए या त्वचा पर निशान पड़ने लगें, तो इसे शेविंग का रिएक्शन मानकर नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
गलत तरीके से शेविंग करने से क्या होता है?
गलत तरीके से शेविंग करने से व्यक्ति को जलन होने, इंफेक्शन, त्वचा के कटने, सूजन आने, दर्द होने, छोटे-छोटे दाने होने और त्वचा में खिंचाव होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।त्वचा पर छोटे दाने क्यों होते हैं?
पोर्स के बंद होने, डेड सेल्स के जमा होने, एलर्जी, इंफेक्शन, ज्यादा पसीना आने, पसीने के त्वचा पर रूकने और हार्मोन्स में बदलाव होने के कारण त्वचा पर छोटे दाने हो सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 24, 2026 22:07 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Sunil Kumar Prabhu