Ingrown Hair Se Kaise Bache: अनचाहे बालों से छुटकारा पाने के लिए कई लोग आसान तरीका यानी रेजर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई बार रेजर से शेविंग करने के बाद इनग्रोन हेयर की समस्या हो जाती है। इससे बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है जैसे शेविंग से पहले त्वचा और बालों को मुलायम बनाएं, बालों के बढ़ने की दिशा में शेविंग करें, एक ही जगह पर बार-बार रेजर न चलाएं, शेविंग के बाद त्वचा को जलन, दाने और खुजली से बचाने के लिए कपड़े को ठंडे पानी में भिगोकर त्वचा पर रखें या खुशबू रहित मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें। अगर ये तरीके आजमाने के बाद भी इनग्रोन हेयर की समस्या बनी रहती है, तो लेजर हेयर रिमूवल जैसे कॉस्मेटिक विकल्प की मदद ले सकते हैं जिसमें लेजर तकनीक की मदद से अनचाहे बालों को हटा दिया जाता है। आइए इन तरीकों को विस्तार से समझते हैं। बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist & Aesthetic Physician, Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
शेविंग के दौरान इनग्रोन हेयर से बचने के तरीके
ingrown-hair-prevention
1. शेविंग से पहले त्वचा और बालों को मुलायम बनाएं
- इनग्रोन हेयर से बचने के लिए शेविंग से पहले त्वचा को तैयार करना जरूरी है।
- इसके लिए गुनगुने पानी से त्वचा को गीला करें।
- इससे बाल नरम हो जाते हैं और उन्हें काटना आसान होता है।
- ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल न करें वरना त्वचा ड्राई हो सकती है।
यह भी पढ़ें- शेविंग के बाद फिटकरी क्यों लगाते हैं? स्किन एक्सपर्ट से जानें इसके 7 फायदे
2. बालों के बढ़ने की दिशा में शेविंग करें
इनग्रोन हेयर से बचने के लिए शेविंग करने से पहले देखें कि आपके बाल किस दिशा में बढ़ रहे हैं। फिर उसी दिशा में हल्के हाथ से रेजर चलाएं। बालों के बढ़ने की विपरीत दिशा में शेविंग करने से त्वचा में जलन और इनग्रोन हेयर की समस्या बढ़ सकती है।
American Academy Of Dermatology Association के मुताबिक, बाल किस दिशा में बढ़ते हैं, यह जानने के लिए शीशे में देखते हुए बालों वाली जगह की त्वचा को हल्का खींचें। अगर आपके बाल अलग-अलग दिशाओं में बढ़ते हैं, तो रोजाना टूथब्रश से बालों को धीरे-धीरे एक ही दिशा में ब्रश करके उन्हें उस दिशा में बढ़ने के लिए प्रशिक्षित कर सकते हैं।
3. एक ही जगह बार-बार रेजर न चलाएं
- कई लोग त्वचा को साफ करने के लिए एक ही जगह पर कई बार रेजर चलाते हैं।
- इससे त्वचा की ऊपरी परत में जलन और छोटे घाव हो सकते हैं।
- इनग्रोन हेयर की आशंका भी बढ़ सकती है।
- इससे बचने के लिए छोटे और हल्के स्ट्रोक का इस्तेमाल करें।
- हर स्ट्रोक के बाद रेजर को पानी से साफ करें, ताकि उस पर जमा बाल और शेविंग क्रीम हट जाएं।
- अगर किसी जगह बाल नहीं कट रहे हैं, तो वहां अधिक दबाव डालने के बजाय दोबारा क्रीम लगाकर सावधानी से शेविंग करें।
यह भी पढ़ें- शेविंग करने के बाद छोटे लाल दानें क्यों दिखने लगते हैं? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें
4. शेविंग के बाद त्वचा को ठंडक दें
- शेविंग के बाद त्वचा में रेडनेस, जलन या हल्की खुजली महसूस हो सकती है।
- ऐसी स्थिति में साफ कपड़े को ठंडे पानी में भिगोकर कुछ मिनट तक प्रभावित हिस्से पर रखें।
- इससे त्वचा को आराम मिल सकता है।
- इसके बाद हल्का, खुशबू रहित मॉइश्चराइजर लगाएं, ताकि त्वचा में नमी बनी रहे।
5. बार-बार इनग्रोन हेयर होने पर लेजर तकनीक पर विचार करें
- अगर शेविंग की तकनीक बदलने के बाद भी इनग्रोन हेयर बार-बार होते हैं, तो लेजर हेयर रिमूवल तकनीक की मदद ले सकते हैं।
- यह अनचाहे बालों की ग्रोथ को लंबे समय तक कम करने में मदद कर सकता है, जिससे शेविंग की जरूरत घट सकती है। यह प्रक्रिया अनुभवी त्वचा विशेषज्ञ से ही करवाना चाहिए।
इनग्रोन हेयर होने पर क्या नहीं करना चाहिए?
- अगर शेविंग के बाद त्वचा में बाल फंस गया है, तो उसे नाखूनों से कुरेदने, दाने को दबाने या चिमटी से बाल खींचने की कोशिश न करें।
- इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है और इंफेक्शन या काले निशान पड़ने का खतरा बढ़ सकता है।
- प्रभावित हिस्से पर शेविंग और वैक्सिंग तब तक रोकें, जब तक त्वचा ठीक न हो जाए।
- अगर दाने में पस हो, तेज दर्द हो या त्वचा गर्म और सूजी हुई महसूस हो, तो डॉक्टर को दिखाएं।
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
- आमतौर पर हल्के इनग्रोन हेयर घर पर उचित देखभाल से ठीक हो सकते हैं, लेकिन बार-बार दाने होना, त्वचा पर लगातार काले निशान पड़ना, तेज दर्द, पस या बढ़ती सूजन होने पर त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।
- डॉक्टर की सलाह के बगैर स्टेरॉइड या एंटीबायोटिक क्रीम का इस्तेमाल न करें।
निष्कर्ष:
शेविंग के बाद इनग्रोन हेयर की समस्या से बचने के लिए त्वचा को पहले नरम करें, बालों की दिशा में रेजर चलाएं, बार-बार एक ही जगह रेजर चलाने से बचें, शेविंग के बाद त्वचा को ठंडक दें। इसके अलावा, त्वचा को खींचकर शेविंग करने और फंसे हुए बालों को कुरेदने से बचें। अगर समस्या बार-बार हो रही है, तो लेजर हेयर रिमूवल जैसे विकल्पों पर त्वचा विशेषज्ञ से चर्चा करें। सही देखभाल से त्वचा में जलन और इनग्रोन हेयर की आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।
image credit: magnific
FAQ
क्या इनग्रोन हेयर के कारण त्वचा में सूजन आ सकती है?
हां, जब बाल त्वचा के अंदर फंस जाते हैं, तो शरीर की प्रतिक्रिया के कारण उसके आस-पास सूजन और रेडनेस हो सकती है। प्रभावित जगह पर दाने भी हो सकते हैं।क्या इनग्रोन हेयर पर बर्फ लगा सकते हैं?
अगर इनग्रोन हेयर के कारण हल्की सूजन है, तो कपड़े में लपेटकर ठंडी सिंकाई करने से राहत मिल सकती है। बर्फ को सीधे त्वचा पर न लगाएं और इसे लंबे समय तक एक ही जगह पर न रखें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 25, 2026 11:56 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta
