Fri Nov 20, 2026 | 01:13 PM IST

Medically Reviewed by Dr Akhilesh Yadav , Director – Orthopaedics & Joint Replacement Max Super Speciality Hospital, Vaishali, Ghaziabad

छोटी-मोटी चोट से भी हड्डियां फ्रैक्चर होने का खतरा किन लोगों को ज्यादा होता है? डॉक्‍टर से जानें

हमारी हड्डियां इतनी मजबूत होती हैं कि मामूली चोट, हल्की टक्कर या अचानक गिरने पर भी आसानी से नहीं टूटती हैं, लेकिन कुछ लोगों की हड्डियां अंदर से इतनी कमजोर हो जाती हैं कि उन्हें छोटी-सी चोट लगने पर भी फ्रैक्चर हो सकता है। जानें क‍िन लोगों को इसका अध‍िक खतरा होता है?
छोटी-मोटी चोट से भी हड्डियां फ्रैक्चर होने का खतरा किन लोगों को ज्यादा होता है? डॉक्‍टर से जानेंछोटी-मोटी चोट से भी हड्डियां फ्रैक्चर होने का खतरा किन लोगों को ज्यादा होता है? डॉक्‍टर से जानें

हड्डियों का मजबूत होना शरीर की सेहत के लिए बेहद जरूरी है, लेक‍िन कई लोगों को अचानक चलते-फ‍िरते या मामूली चोट लगने से ही हड्ड‍ियों में फ्रैक्‍चर हो जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, जब किसी व्यक्ति की हड्डी इतनी कमजोर हो जाती है कि सामान्य ऊंचाई से गिरने या मामूली चोट से भी हड्डी टूट जाती है, तो इसे फ्रेजिलिटी फ्रैक्चर (Fragility Fracture) कहा जाता है। इसका सबसे बड़ा कारण ऑस्टियोपोरोसिस हो सकता है। इस बीमारी में बोन डेंस‍िटी कम होने लगती है और हड्डियों के टूटने का खतरा बढ़ जाता है। आइए जानते हैं अन्‍य क‍िन लोगों को फ्रैक्‍चर होने का खतरा ज्‍यादा हो सकता है? बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने Dr. Akhilesh Yadav, Joint Specialist, Replacement Surgeon & Director At Department of Orthopaedic Max Hospital, Ghaziabad से बात की।

किन लोगों में फ्रैक्चर का खतरा सबसे अधिक होता है?

  फ्रैक्‍चर का खतरा क‍िसे ज्‍यादा होता है?
1. ऑस्टियोपोरोसिस 2. 50 साल से अध‍िक उम्र
3. स्‍टेराइड दवाओं का सेवन 4. धूम्रपान एवं अल्‍कोहल के शौकीन
5. शारीर‍िक गत‍िव‍िध‍ियां न करना 6. मेनोपॉज के बाद मह‍िलाएं
7. मोटापे के श‍िकार लोग 8. मैग्नीशियम, विटामिन K, फास्फोरस, विटामिन C, जिंक, विटामिन B12, पोटैशियम जैसे पोषक तत्‍वों की कमी
9. व‍िटाम‍िन D एवं कैल्‍श‍ियम की कमी 10. डायब‍िटीज और अर्थराइट‍िस के मरीज 

50 साल की उम्र के बाद महिलाओं और पुरुषों की हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और फ्रैक्‍चर का खतरा बढ़ने लगता है। लंबे समय तक स्टेरॉइड दवाएं लेने से हड्डियों के निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और फ्रैक्‍चर का खतरा बढ़ सकता है। इन लोगों में मामूली चोट से भी फ्रैक्‍चर का खतरा ज्‍यादा हो सकता है-

1. धूम्रपान और अल्‍कोहल का सेवन करने वाले लोग

Dr. Akhilesh Yadav के अनुसार, धूम्रपान और अल्‍कोहल का सेवन भी हड्डियों को कमजोर कर सकता है। सिगरेट में मौजूद निकोटीन और अन्य हानिकारक रसायन हड्डियों की सेहत को प्रभावित कर सकते हैं। वहीं, अल्‍कोहल का सेवन करने से शरीर में कैल्शियम और विटामिन D के इस्तेमाल होने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने धूम्रपान और शराब के सेवन को फ्रेजिलिटी फ्रैक्चर (मामूली चोट से हड्डी टूटने) के खतरे से जुड़े जीवनशैली संबंधी कारकों में शामिल किया है। इसलिए हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए इन आदतों से दूरी बनाना जरूरी है।

2. शारीरिक गतिविधियां न करने वाले लोग

people-who-have-fracture-riskpeople-who-have-fracture-risk

जो लोग लंबे समय तक बैठे रहते हैं, शारीरिक गतिविधियां नहीं करते हैं या किसी बीमारी के कारण लंबे समय तक बिस्तर पर रहते हैं, उनमें भी हड्डियों की कमजोरी का खतरा बढ़ सकता है। इससे धीरे-धीरे बोन डेंसिटी कम हो सकती है और फ्रैक्‍चर का खतरा बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें- हड्डियों में दर्द है तो न करें नजरअंदाज, तुरंत करवाएं ये 7 जरूरी मेडिकल टेस्ट

3. मेनोपॉज के बाद महिलाएं में फ्रैक्‍चर का खतरा

महिलाओं में मेनोपॉज यानी पीरियड्स बंद होने के बाद हड्डियों की कमजोरी का खतरा बढ़ जाता है। दरअसल, मेनोपॉज के दौरान शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होने लगता है। यह हार्मोन हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। एस्ट्रोजन का स्तर कम होने से हड्डियों में आसानी से फ्रैक्‍चर हो सकता है।

साल 2024 में Best Practice & Research Clinical Endocrinology & Metabolism में प्रकाश‍ित एक रिव्यू आर्टिकल में बताया गया है क‍ि मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन का स्तर कम होने से हड्डियों के टूटने की प्रक्रिया तेज हो जाती है, जबकि नई हड्डियों के निर्माण की गति इसकी तुलना में कम रहती है। इसके कारण बोन डेंसिटी तेजी से घट सकता है। इससे महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस और फ्रैक्चर होने का खतरा बढ़ जाता है।

4. मोटापे से है फ्रैक्‍चर का कनेक्‍शन

ज‍िन लोगों का वजन अध‍िक होता है या जो मोटापे का श‍िकार हैं, उनमें फ्रैक्‍चर होने का खतरा भी ज्‍यादा हो सकता है। मोटापे से हड्डियों और जोड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। शरीर का वजन ज्यादा होने से गिरने पर हड्डियों में चोट लगने और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ सकता है।

5. पोषक तत्‍वों की कमी

शरीर को पर्याप्त पोषण न मिलने से हड्डियों के ल‍िए जरूरी कैल्शियम, विटामिन डी और प्रोटीन नहीं मिल पाता है। लंबे समय तक मैग्नीशियम, विटामिन K, फास्फोरस, विटामिन C, जिंक, विटामिन B12, पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों की कमी रहने से बोन डेंसिटी प्रभावित हो सकती है। इससे गिरने या चोट लगने पर फ्रैक्चर का खतरा बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें- ऑस्टियोपोरोसिस vs ऑस्टियोपीनिया: हड्डि‍यों की इन दो बीमार‍ियों में क्‍या अंतर है? डॉक्‍टर से जानें

6. कैल्शियम और विटामिन D की कमी होना

हड्डियों को मजबूत रखने के लिए कैल्शियम और विटामिन D दोनों जरूरी हैं। कैल्शियम हड्डियों के व‍िकास में मदद करता है, जबकि विटामिन D शरीर को भोजन से कैल्शियम के एब्‍जॉर्ब होने की प्रक्र‍िया में मदद करता है। अगर किसी व्यक्ति के शरीर में लंबे समय तक इन दो पोषक तत्वों की कमी है, तो उसकी हड्डियां कमजोर हो सकती हैं।

7. डायब‍िटीज और अर्थराइट‍िस के मरीज

डायबिटीज के कारण शरीर में हड्डियों के निर्माण और र‍िपेयर की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, कुछ मरीजों में डायबिटिक न्यूरोपैथी के कारण पैरों में सुन्नपन, कमजोरी और संतुलन बनाने में परेशानी हो सकती है। इससे गिरने और चोट लगने की आशंका बढ़ जाती है।

इसी तरह, रूमेटाइड अर्थराइटिस एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से जोड़ों के स्वस्थ टिशूज पर हमला करने लगता है। इससे जोड़ों में सूजन, दर्द और अकड़न की समस्या हो सकती है और आसानी से फ्रैक्‍चर होने का खतरा भी रहता है।

हड्डियों को फ्रैक्चर से बचाने के लिए बरतें ये जरूरी सावधानियां

फ्रैक्चर से बचने के लिए घर में कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए। जैसे-

  • बाथरूम में फिसलन रोकने वाली मैट लगाएं।
  • सीढ़ियों पर पर्याप्त रोशनी रखें।
  • रास्ते में बिखरी चीजों को हटाएं और जरूरत पड़ने पर चलने के लिए सहारे का इस्तेमाल करें।
  • नियमित वॉकिंग, हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और संतुलन सुधारने वाली एक्‍सरसाइज करें।
  • डाइट में कैल्शियम, विटामिन D और प्रोटीन शामिल करें।
  • पर्याप्त नींद न लेना, बहुत कम कैलोरी वाली डाइट लेना और प्रोटीन की कमी भी शरीर की मांसपेशियों और हड्डियों को प्रभावित कर सकती है। इससे बचें।
  • डॉक्टर की सलाह के अनुसार DEXA स्कैन कराने की सलाह दे सकते हैं। इस जांच से बोन डेंस‍िटी को मापा जाता है और ऑस्टियोपोरोसिस का पता लगाने में मदद मिलती है।

न‍िष्‍कर्ष:

ऑस्टियोपोरोसिस एक हड्ड‍ियों की कंडीशन है ज‍िसमें बोन डेंस‍िटी कम होने लगती है ज‍िससे हड्ड‍ियां आसानी से टूट सकती हैं और फ्रैक्‍चर हो सकता है। इसके अलावा 50 साल से अध‍िक उम्र के लोग, स्‍टेराइड दवाओं का सेवन करने वाले लोगों में भी इसका खतरा अध‍िक हो सकता है। धूम्रपान एवं अल्‍कोहल के शौकीन, शारीर‍िक गत‍िव‍िध‍ियां न करना, मेनोपॉज के बाद मह‍िलाएं, मोटापे के श‍िकार लोग, मैग्नीशियम, विटामिन K, फास्फोरस, विटामिन C, जिंक, विटामिन B12, पोटैशियम जैसे पोषक तत्‍वों की कमी, व‍िटाम‍िन D एवं कैल्‍श‍ियम की कमी, डायब‍िटीज और अर्थराइट‍िस के मरीजों में भी हड्ड‍ियां आसानी से फ्रैक्‍चर होने का खतरा अध‍िक हो सकता है।

image credit: magnific

FAQ

  • फ्रैक्चर होने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए?

    फ्रैक्चर होने पर प्रभावित हिस्से को हिलाने से बचें। उसे किसी सहारे से स्थिर रखें और जल्द से जल्द अस्पताल जाएं। टूटी हुई हड्डी को खुद से सीधा करने या खींचने की कोशिश न करें।
  • क्या बिना दर्द के भी फ्रैक्चर हो सकता है?

    हां, कुछ मामलों में फ्रैक्चर होने पर दर्द बहुत हल्का हो सकता है। खासकर बाल जैसी पतली दरार (Hairline Fracture) में व्यक्ति को शुरुआत में सामान्य चोट जैसा महसूस हो सकता है।

Read Next

पुरुषों में सिर्फ मोटापे की वजह से नहीं निकलता पेट, इन 5 बीमारियों का भी हो सकता है संकेत

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 20, 2026 12:58 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Akhilesh Yadav