Fri Nov 27, 2026 | 11:22 PM IST

Medically Reviewed by Dr Rohit Udaya Prasad , Senior Consultant - ENT & Cochlear Implants

कान के पर्दे में छेद हो तो क्या करना चाहिए? डॉक्टर से जानें

कान के पर्दे में छेद इंफेक्शन, चोट या दबाव में बदलाव जैसे कई कारणों से हो सकता है, जिससे दर्द और सुनने में परेशानी होती है। कान को सूखा रखना, बिना सलाह के कुछ न डालना और गंभीर लक्षणों पर तुरंत ईएनटी डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
कान के पर्दे में छेद हो तो क्या करना चाहिए? डॉक्टर से जानेंImages Credit- Magnific

अक्सर लोगों को कान में कुछ भी न डालने की सलाह दी जाती है, ताकि कान के पर्दे में छेद होने की समस्या से बचा जा सके, लेकिन कई बार लोगों को कान के पर्दे में छेद होने की समस्या हो जाती है। ऐसे में लोगों को यह समझ नहीं आता है कि कान में पर्दे में छेद होने की स्थिति में क्या करना चाहिए? आइए इस बारे में Dr. Rohit Udaya Prasad, Lead and Senior Consultant, ENT and Cochlear Implants, at KIMS Hospitals, Electronic City, Bengaluru से जानें।

कान के पर्दे में छेद की समस्या क्यों होती है?

डॉ. रोहित के अनुसार, कान के पर्दे में छेद (जिसे टिम्पैनिक मेम्ब्रेन परफोरेशन भी कहा जाता है) कई कारणों से हो सकता है, जैसे-

  • कान में इंफेक्शन
  • दबाव में बदलाव
  • बहुत शोर-शराबे वाली जगह पर रहना
  • कान में चोट लगना
  • कान साफ करने के लिए कॉटन स्वैब (रुई की तीली) का इस्तेमाल करना

इससे व्यक्ति को कान में दर्द, सुनने में परेशानी, कान में घंटी बजने जैसी आवाज आना, कान से पानी या मवाद बहना और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: कान में दर्द या सुनाई कम देने पर क्या गलतियां करने से बचना चाहिए? डॉक्टर से जानें

कान के पर्दे में छेद हो जाए, तो क्या करें?

डॉ. रोहित आगे कहते हैं, कान के पर्दे में छेद होने जैसी समस्या होने पर इससे राहत के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है, ताकि इससे जुड़ी अन्य परेशानियों से बचा जा सके।

कान को सूखा रखें

नहाते समय या स्विमिंग करते समय चोट लगे कान के अंदर पानी नहीं जाने देना चाहिए। नहाते समय कान में पेट्रोलियम जेली (वैसलीन) लगी रुई (कॉटन बॉल) डाल लेनी चाहिए। जब तक कान का पर्दा ठीक न हो जाए, तब तक स्विमिंग न करें।

Images Credit- MagnificImages Credit- Magnific

कान में कोई चीज न डालें

कान में कॉटन स्वैब, कान साफ करने वाली चीजें या कोई भी ईयर ड्रॉप्स (दवा) तब तक न डालें, जब तक कि डॉक्टर ऐसा करने की सलाह न दें। ऐसा इसलिए है क्योंकि कान के पर्दे में छेद होने पर, कुछ ईयर ड्रॉप्स कान के अंदरूनी हिस्से को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

क्या कहती है स्टडी?

साल 2017 में Therapeutics and Clinical Risk Management में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, कान के पर्दे में छेद होने या फटने पर कान को सूखा व इंफेक्शन से सुरक्षित रखना, सर्दी-जुकाम से बचना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से एंटीबायोटिक्स लेना जरूरी है, जबकि 3 मिमी से छोटे छेद ज्यादातर समय अपने आप भर जाते हैं और मध्यम या बड़े छेदों में इंफेक्शन के खतरे व धीमी भरने की दर को देखते हुए अध्ययन में साप्ताहिक सी बकथॉर्न ऑयल पैच से तेजी से भरने में मदद देखी गई, पर ठीक न होने पर मायरिंगोप्लास्टी सर्जरी करनी पड़ती है। वहीं दर्द, कान बजने या कम सुनाई देने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत ईएनटी डॉक्टर से एंडोस्कोपिक जांच करानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: कान के वैक्स से तेज बदबू क्यों आती है, क्या यह किसी बीमारी के कारण हो सकता है?

ENT एक्सपर्ट के पास कब जाएं?

डॉ. रोहित बताते हैं, कान की जांच कराना बहुत जरूरी है, ताकि यह पता चल सके कि चोट कितनी गहरी है, कोई इंफेक्शन है या नहीं और सुनने की क्षमता पर क्या असर पड़ा है। डॉक्टर आपको सुनने की जांच (हियरिंग टेस्ट) कराने के लिए कह सकते हैं और अगर इंफेक्शन है, तो दवाएं भी दे सकते हैं।

इलाज के विकल्प क्या है?

डॉ. रोहित आगे कहते हैं, कई मामलों में, कान के पर्दे के छोटे छेद अपने आप ठीक हो जाते हैं। बड़े छेदों के लिए सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है, जिसमें कान के पर्दे की पैचिंग या टिम्पैनोप्लास्टी (tympanoplasty) जैसी सर्जिकल प्रक्रिया शामिल हो सकती है।

डॉक्टर से सलाह कब लें?

डॉ. रोहित के अनुसार, अगर आपको बहुत तेज चक्कर आ रहे हैं, सुनने में परेशानी हो रही है, असहनीय दर्द हो रहा है, कान से पानी या मवाद बह रहा है, तो तुरंत अपने डॉक्टर से सलाह लें।

निष्कर्ष

कान के पर्दे में छेद (टिम्पैनिक मेम्ब्रेन परफोरेशन) होने पर कान को सूखा रखना सबसे जरूरी है। नहाते समय वैसलीन लगी रुई लगाएं, स्विमिंग से बचें और डॉक्टर की सलाह के बिना कान में रुई की तीली, कोई भी चीज या ईयर ड्रॉप्स न डालें क्योंकि कुछ दवाएं कान के अंदर के हिस्से को नुकसान पहुंचा सकती हैं। चोट की गहराई, इंफेक्शन और सुनने की क्षमता जानने के लिए ENT डॉक्टर से जांच कराएं। छोटे छेद अक्सर अपने आप भर जाते हैं, जबकि बड़े छेदों में पैचिंग या टिम्पैनोप्लास्टी सर्जरी की जरूरत हो सकती है। तेज चक्कर, सुनने में कमी, असहनीय दर्द या कान से पानी या मवाद बहने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

FAQ

  • कान में दर्द क्यों होता है?

    कान में इंफेक्शन, ईयरवैक्स के जमने, सर्दी-जुकाम, एलर्जी, साइनस, पर्दे में चोट लगने और कान में दबाव पड़ने जैसी समस्याओं के कारण व्यक्ति को कान में दर्द होने की समस्या हो सकती है।
  • कान का पर्दा फटने के क्या लक्षण हैं?

    कान का पर्दा फटने पर व्यक्ति को कान में अचानक से तेज दर्द होने, सुनने में कमी, कान से पानी आने, खून निकलने, कान में बजने, कान में भारी लगने, सीटी जैसी आवाज आने, चक्कर आने और बुखार आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

Read Next

नाखून भी बताते हैं शरीर में आयरन की कमी का संकेत, डॉक्टर से जानें कैसे पहचानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 22:50 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr Rohit Udaya Prasad