शरीर की अंदरूनी सफाई के लिए आयुर्वेद में पंचकर्म क्या है? डॉक्टर से जानें इसे करने का सही तरीका

अनियमित खान-पान, तनाव और खराब लाइफस्टाइल के कारण कई लोग पेट फूलने, गैस, कब्ज, अपच और शरीर में भारीपन जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं। ऐसे में शरीर को अंदर से साफ रखने के लिए आयुर्वेद में पंचकर्म के बारे में बताया गया है। पंचकर्म को आयुर्वेद की प्रमुख शोधन प्रक्रिया माना जाता है। इसके जरिए शरीर में मौजूद दोषों को संतुलित करने और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की जाती है। आइए इस लेख में हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं कि पंचकर्म क्या है और इसे कैसे किया जाता है?
क्या है पंचकर्म चिकित्सा?
डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि आयुर्वेद में पंचकर्म का मतलब है पांच शोधन प्रक्रियाएं। इन प्रक्रियाओं का उद्देश्य शरीर में असंतुलित वात, पित्त और कफ दोषों को कंट्रोल करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें शरीर से बाहर निकालना है। आयुर्वेद में मुख्य रूप से दो तरह की चिकित्सा बताई गई हैं। पहली शमन चिकित्सा और दूसरी शोधन चिकित्सा।
- शमन चिकित्सा- इसमें दवाओं, खान-पान और लाइफस्टाइल में बदलाव के जरिए बीमारी के लक्षणों और दोषों को कंट्रोल करने की कोशिश की जाती है।
- शोधन चिकित्सा- इसमें खास तरह की प्रक्रियाओं के जरिए शरीर से दोषों को बाहर निकालने की कोशिश की जाती है। पंचकर्म इसी चिकित्सा का हिस्सा है।
2009 में The Scientific World Journal में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, आयुर्वेद का मानना है कि जब शरीर के तत्वों का नेचुरल संतुलन बिगड़ जाता है तो शरीर के टिश्यू में टॉक्सिक तत्व या अपशिष्ट पदार्थ, जिन्हें आम कहा जाता है, जमा होने लगते हैं। पंचकर्म का उद्देश्य इन जमा हुए अपशिष्टों और अशुद्धियों को बाहर निकालकर शरीर का नेचुरल संतुलन बनाना है।
पंचकर्म के प्रकार
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, पंचकर्म में 5 मुख्य प्रक्रियाएं शामिल होती हैं। इन्हें मरीज की जरूरत और मेडिकल स्थिति के अनुसार चुना जाता है-
1. वमन कर्म
वमन पंचकर्म की एक अहम प्रक्रिया है। इसमें खास आयुर्वेदिक औषधियों की मदद से डॉक्टरों की देखरेख में उल्टी कराई जाती है। आयुर्वेद में इसे मुख्य रूप से कफ दोष को कम करने से जोड़ा जाता है। इस प्रक्रिया का इस्तेमाल कुछ खास परिस्थितियों में किया जाता है। इसे घर पर नमक का पानी पीकर या किसी तरीके से खुद करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इससे शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी समेत अन्य समस्याएं हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या पंचकर्म थेरेपी से कैंसर का रिस्क कम किया जा सकता है? जानें क्या कहता है आयुर्वेद
2. विरेचन कर्म
विरेचन में खास औषधियों के जरिए से मल त्याग की प्रक्रिया को बढ़ाया जाता है। आयुर्वेद में इसे मुख्य रूप से पित्त दोष के शोधन से जोड़ा जाता है। कुछ मरीजों में डॉक्टर उनकी स्थिति के अनुसार विरेचन की सलाह दे सकते हैं। हालांकि, पेट फूलने, गैस या भारीपन होने पर खुद से विरेचन की दवा लेने से बचना चाहिए। इसके लिए पहले समस्या का कारण समझना जरूरी है।
3. बस्ति कर्म
बस्ति को आयुर्वेद में जरूरी पंचकर्म प्रक्रियाओं में शामिल किया गया है। इसमें औषधीय द्रव या तेल को खास विधि से मलाशय के रास्ते दिया जाता है। बस्ति मुख्य रूप से दो तरह का होता है। पहला अनुवासन बस्ति, जिसमें औषधीय तेल का इस्तेमाल किया जाता है। दूसरा आस्थापन या निरूह बस्ति, जिसमें औषधीय काढ़े और अन्य तय की गई लिक्विड का इस्तेमाल किया जाता है। आयुर्वेद में बस्ति को खास रूप से वात दोष को मैनेज करने से जोड़ा जाता है।
4. नस्य कर्म
नस्य प्रक्रिया में नाक के रास्ते औषधीय तेल या अन्य औषधीय पदार्थ दिए जाते हैं। आयुर्वेद में इसे सिर और गर्दन से जुड़ी कुछ समस्याओं के इलाज में इस्तेमाल किया जाता है। नस्य को पंचकर्म की तैयारी से जुड़ी प्रक्रिया या कुछ शोधन प्रक्रिया के रूप में भी समझाया जाता है। इसका इस्तेमाल मरीज की स्थिति के अनुसार किया जाता है।
Panchakarma-in-Ayurveda
5. रक्तमोक्षण
रक्तमोक्षण में खास विधियों से शरीर से थोड़ी मात्रा में ब्लड निकाला जाता है। आयुर्वेद की कुछ परंपराओं में इसे पंचकर्म की पांचवीं प्रक्रिया मानी जाती है। यह प्रक्रिया सिर्फ डॉक्टर की निगरानी और मेडिकल जांच के बाद ही की जाती है।
पंचकर्म से पहले और बाद में क्या किया जाता है?
डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि पंचकर्म में सिर्फ मुख्य 5 प्रक्रियाएं ही जरूरी नहीं होतीं हैं, बल्कि इनके पहले और बाद की देखभाल भी जरूरी मानी जाती है।
पंचकर्म से पहले
शोधन प्रक्रिया से पहले शरीर को तैयार किया जाता है। इसमें स्नेहन और स्वेदन जैसी प्रक्रियाएं शामिल हो सकती हैं। स्नेहन में शरीर पर तेल लगाना या मेडिकल सलाह के अनुसार स्नेह पदार्थ देना शामिल हो सकता है। स्वेदन में कंट्रोल तरीके से पसीना उत्पन्न कराया जाता है। अभ्यंग यानी तेल से मालिश भी इस तैयारी का हिस्सा हो सकता है।
प्रधान कर्म
इस चरण में मरीज की जरूरत के अनुसार वमन, विरेचन, बस्ति, नस्य या रक्तमोक्षण जैसी प्रक्रियाएं की जाती हैं।
पंचकर्म के बाद
पंचकर्म की मुख्य प्रक्रिया पूरी होने के बाद शरीर को नॉर्मल रूटीन में वापस लाने पर ध्यान दिया जाता है। इसमें हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन, सही तरह से आराम करना और डॉक्टर द्वारा बताए गए खान-पान के नियमों का पालन करना शामिल होता है।
किन लोगों को पंचकर्म की जरूरत पड़ सकती है?
डॉ. श्रेय शर्मा के मुताबिक, पंचकर्म हर व्यक्ति के लिए जरूरी नहीं है। आयुर्वेदिक इलाज मरीज की बीमारी, उम्र, पाचन क्षमता, शारीरिक ताकत और अन्य स्वास्थ्य स्थितियों के बारे में पता लगाने के बाद ही करने की सलाह दी जाती है। अगर किसी व्यक्ति को लंबे समय से कोई समस्या है और शमन से मिलने वाला फायदा नहीं मिल रहा है तो डॉक्टर कुछ परिस्थितियों में शोधन चिकित्सा के बारे में सोच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: ठंड में दस्त लगने पर क्या करना चाहिए? आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से जानें 5 कारगर घरेलू उपाय
क्या घर पर खुद कर सकते हैं पंचकर्म?
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, घर पर खुद से पंचकर्म करने से बचना चाहिए। यह एक ऐसी प्रक्रिया है और इसे बिना आयुर्वेदिक डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए। खासकर वमन और विरेचन जैसी प्रक्रियाओं को खुद करना नुकसानदायक हो सकता है। पेट में ब्लोटिंग, गैस, भारीपन या कब्ज होने पर भी खुद से विरेचन लेना सही नहीं है। पहले समस्या का कारण जानना जरूरी है। इसके बाद डॉक्टर जरूरत के अनुसार, दवा, खान-पान में बदलाव या किसी अन्य इलाज की सलाह दे सकते हैं।
निष्कर्ष
आयुर्वेद में पंचकर्म को शरीर के दोषों के शोधन की एक जरूरी मेडिकल पद्धति मानी गई है। इसमें वमन, विरेचन, बस्ति, नस्य और रक्तमोक्षण जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं। इसके साथ स्नेहन, स्वेदन और अभ्यंग जैसी कर्म प्रक्रियाएं भी जरूरी होती हैं। हालांकि, पंचकर्म शरीर की सामान्य सफाई या वजन कम करने का आसान तरीका नहीं है। हर व्यक्ति को इसकी जरूरत नहीं होती है। इसलिए, शरीर को हेल्दी रखने के लिए संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधियां और अच्छी लाइफस्टाइल अपनाना चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
पंचकर्म कितने दिनों का होता है?
आमतौर पर पंचकर्म 7 से 21 दिनों तक चलता है, हालांकि, व्यक्ति की बीमारी, प्रकृति और आयुर्वेदिक डॉक्टर की सलाह के अनुसार यह 14 से 28 दिन या उससे ज्यादा का भी हो सकता है।पंचकर्म कौन नहीं कर सकता है?
प्रेग्नेंट महिलाओं, छोटे बच्चों, बहुत ज्यादा कमजोर या बुजुर्ग व्यक्तियों, तेज बुखार, गंभीर इंफेक्शन या बहुत असंतुलित वात और कमजोर पाचन वाले लोगों को पंचकर्म नहीं कराना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 22, 2026 21:17 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Nov 22, 2026 21:17 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma