प्रेग्नेंसी के दौरान गर्भ में पल रहे बच्चे की हर छोटी-बड़ी हलचल मां के लिए खास होती है। जैसे-जैसे प्रेग्नेंसी का समय आगे बढ़ता है तो समय के साथ मां के मन में कई सवाल उठते हैं। इनमें एक सवाल अक्सर पूछा जाता है कि जब मां सोती है तो गर्भ में बच्चा क्या करता है? इस बारे में दिल्ली के आनंद निकेतन में स्थित गायनिका: एवरी वुमन मैटर क्लीनिक की सीनियर कंसल्टेंट, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन बताती हैं कि गर्भ में बच्चा पूरे समय एक जैसा एक्टिव नहीं रहता है। वह भी आराम और एक्टिविटी के अलग-अलग स्टेज से गुजरता है।
जब मां सोती है तो गर्भ में बच्चा क्या करता है?
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन बताती हैं कि मां के सोने और बच्चे के सोने का समय बिल्कुल एक जैसा हो ऐसा जरूरी नहीं होता है। गर्भ में बच्चा अपनी अलग सोने और जागने की साइकिल से गुजरता है। इसलिए ऐसा हो सकता है कि मां सो रही हो और उस समय बच्चा कुछ हलचल कर रहा हो। इसी तरह मां जाग रही हो, लेकिन बच्चा कुछ समय के लिए शांत हो। गर्भ में बच्चा कितने घंटे सोता है इसके बारे में बताना मुश्किल है क्योंकि हर शिशु की गर्भ में अलग-अलग एक्टिविटी होती है।
- डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन के अनुसार, गर्भ में बच्चे की एक्टिविटीज लगातार एक जैसी नहीं रहतीं। कुछ समय बच्चा एक्टिव हो सकता है और कुछ समय आराम या नींद की अवस्था में रह सकता है।
- गर्भ में बच्चा अपनी नींद के दौरान भी विकास की प्रोसेस से गुजरता रहता है। वह अलग-अलग सोने की स्थिति में रह सकता है। कुछ अवस्थाओं में शरीर अपेक्षाकृत शांत रहता है, जबकि दूसरी अवस्था में हल्की एक्टिविटीज हो सकती हैं।
- बच्चे की एक्टिविटीज में हाथ-पैर हिलाना, शरीर को मोड़ना या अपनी स्थिति बदलना शामिल हो सकता है। प्रेग्नेंसी आगे बढ़ने के साथ मां को बच्चे की हलचल ज्यादा स्पष्ट महसूस होने लगती है।
क्या मां के खाने का असर बच्चे की एक्टिविटी पर पड़ता है?
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन बताती हैं कि मां के भोजन, शरीर में होने वाले बदलाव और प्रेग्नेंसी की स्टेज के कारण बच्चे की एक्टिविटीज में बदलाव महसूस हो सकता है। कुछ महिलाओं को खाने के बाद बच्चे की हलचल ज्यादा महसूस होती है, जबकि कुछ को इसमें कोई खास अंतर नजर नहीं आता। इसलिए बच्चे की मूवमेंट को सिर्फ खाने या मां के सोने-जागने से जोड़कर देखना सही नहीं है। हर प्रेग्नेंसी अलग होती है और बच्चे की एक्टिविटीज का पैटर्न भी अलग हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: गर्भ में 9 महीने के बच्चे का वजन कितना होना चाहिए? खुद डॉक्टर ने दी है सही जानकारी
बच्चे की मूवमेंट कब ज्यादा महसूस होती है?
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन के अनुसार, प्रेग्नेंसी के शुरुआती समय में बच्चे की मूवमेंट बहुत हल्की होती हैं, इसलिए मां को उनका एहसास नहीं होता। जैसे-जैसे प्रेग्नेंसी का समय आगे बढ़ता है यानी दूसरे ट्राइमेस्टर में बच्चे की हलचल ज्यादा स्पष्ट हो सकती है। शुरुआत में हलचल पेट में बुलबुले, फड़फड़ाहट या हल्की थपथपाहट जैसी महसूस हो सकती है। बाद में किक और शरीर के दूसरी तरह से हिलने का एहसास हो सकता है। इस दौरान बच्चे को गर्भ में स्पर्श की भावना भी महसूस होने लगती है।
इसे भी पढ़ें: क्या डिहाइड्रेशन की वजह से गर्भ में पल रहे शिशु को नुकसान हो सकता है? डॉक्टर से जानें सच्चाई
साल 2017 में UT Southwestern Medical Center में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, गर्भ में बच्चे का विकास सबसे पहले स्पर्श यानी छूने की भावना से शुरू होता है, जो लगभग 8 हफ्ते में शुरू हो जाता है।
- सबसे पहले यह सेंसिटिविटी चेहरे, होंठ और नाक पर विकसित होती है।
- इसके बाद 12 हफ्तों तक हथेलियों और तलुओं पर और 17 हफ्तों तक पेट पर स्पर्श रिसेप्टर्स बन जाते हैं।
- हालांकि, स्कैन से पता चलता है कि भ्रूण को 30 हफ्ते के बाद ही दर्द महसूस होता है।
- तीसरी तिमाही के मध्य तक, बच्चा गर्मी, ठंड, दबाव और दर्द जैसी सभी संवेदनाओं को पूरी तरह महसूस करने में सक्षम हो जाता है।
निष्कर्ष
जब मां सोती है, तब गर्भ में बच्चा हमेशा उसी समय सोए, यह जरूरी नहीं है। बच्चा अपनी सोने और जागने की साइकिल के अनुसार सो सकता है, आराम कर सकता है और अलग-अलग समय पर हाथ-पैर या शरीर हिला सकता है। मां के आराम करने पर कई बार बच्चे की हलचल ज्यादा महसूस होती है क्योंकि आसपास की एक्टिविटी कम होती हैं। हालांकि, अगर प्रेग्नेंसी के दौरान बच्चे की सामान्य हलचल में अचानक या ज्यादा कमी महसूस हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना और समय पर जांच कराना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या गर्भ में बच्चा आवाजें सुन सकता है?
गर्भ में जैसे-जैसे समय आगे बढ़ता है तो बच्चा बाहरी आवाजों और मां की आवाज को सुनने में सक्षम होने लगता है। तेज आवाज या अचानक आवाज पर उसकी एक्टिविटी में बदलाव भी महसूस हो सकता है।क्या गर्भ में बच्चा हिचकी लेता है?
गर्भ में बच्चे को हिचकी आ सकती है। मां को यह पेट में एक ही जगह पर नियमित और हल्की-हल्की थरथराहट के रूप में महसूस हो सकती है।क्या गर्भ में बच्चा अंगड़ाई लेता है?
गर्भ में बच्चा कई तरह की सामान्य एक्टिविटीज कर सकता है, जिनमें अंगड़ाई लेना शामिल हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 18, 2026 18:00 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Gunjan Sarin