थकान महसूस होना एक आम बात है, लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी रहे और इसके साथ शरीर में कई अन्य बदलाव भी नजर आएं तो यह थायराइड धीमा होने यानी हाइपोथायराइडिज्म का संकेत हो सकता है। जब थायराइड ग्लैंड पर्याप्त मात्रा में हार्मोन का उत्पादन नहीं कर पाती तो शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है, जिससे थकान होना काफी आम है। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida का कहना है कि थकान के अलावा वजन बढ़ना, बालों का झड़ना और ड्राई स्किन जैसे लक्षण इस बात का संकेत होते हैं कि आपका थायराइड हार्मोन धीमा (हाइपोथायराइडिज्म) हो गया है।
थकान के अलावा थायराइड की समस्या होने के संकेत
साल 2023 में Frontiers in Endocrinology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, बड़ों में हाइपोथायराइडिज्म के आम लक्षणों में थकान, सुस्ती, ठंड बर्दाश्त न कर पाना, वजन बढ़ना, कब्ज और ड्राई स्किन शामिल हैं। वहीं, उम्र, लिंग और बीमारी की शुरुआत के आधार पर इसके लक्षण सभी लोगों में अलग-अलग हो सकते हैं।
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि थायराइड धीमा होने यानी हाइपोथायराइडिज्म की समस्या के कारण न सिर्फ पीड़ित को हर समय थकान महसूस होती है, बल्कि शरीर में ये लक्षण भी नजर आ सकते हैं:
1. वजन बढ़ना
थायराइड में जब मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है तो शरीर कैलोरी बर्न करने के बजाय उन्हें फैट और फ्लूइड के रूप में जमा करने लगता है। अगर आप ज्यादा नहीं खा रहे हैं और फिर भी आपका वजन लगातार बढ़ रहा है या कम नहीं हो रहा है तो थायराइड का टेस्ट जरूर करवाएं।
2. ज्यादा ठंड लगना
थायराइड हार्मोन शरीर का तापमान कंट्रोल रखने में मदद करते हैं। जब इसका लेवल कम होता है तो शरीर सही तरह से गर्मी नहीं बना पाता है। ऐसे में पीड़ित व्यक्ति को सामान्य या गर्मी के मौसम में भी दूसरों की तुलना में बहुत ज्यादा ठंड लगने लगती है और हाथ-पैर ठंडे रहते हैं।
इसे भी पढ़े: बाल झड़ने से परेशान हैं? कहीं थायराइड तो नहीं वजह, डॉक्टर से जानें दोनों में कनेक्शन
3. ड्राई स्किन
हाइपोथायरायडिज्म में स्किन सेल्स का नवीनीकरण धीमा हो जाता है। इससे स्किन अपनी नेचुरल नमी खो देती है, जिससे स्किन बहुत ज्यादा ड्राई, खुरदुरी और पपड़ीदार हो जाती है।
4. ज्यादा बाल झड़ना
थायराइड हार्मोन बालों की जड़ों को मजबूत बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी होते हैं। जब थायराइड धीमा होता है तो बाल पतले होने लगते हैं, उनकी ग्रोथ रुक जाती है और कंघी करते समय बहुत ज्यादा बाल झड़ने लगते हैं।
5. कब्ज होना
थायराइड हार्मोन कम होने से गट मूवमेंट बहुत धीमी पड़ जाती है। इसके कारण भोजन आंतों में अटका रहता है और मरीज को लगातार कब्ज, ब्लोटिंग और पेट भारी रहने की समस्या रहती है।
6. जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द
मेटाबॉलिज्म धीमा होने से मांसपेशियों और जोड़ों में सूजन आने लगती है। बिना कोई भारी काम किए भी हाथ-पैरों में दर्द, जकड़न, कमजोरी और सुबह उठने पर जोड़ों में दर्द महसूस होता है।
7. याददाश्त कमजोर होना
हाइपोथायराइड आपके दिमाग की कार्यप्रणाली को भी प्रभावित करता है। इसके कारण चीजों को भूलना, फोकस करने में समस्या, फैसला लेने में भ्रम होना और मानसिक सुस्ती महसूस होती है।
8. मूड स्विंग्स और डिप्रेशन
शरीर में हार्मोनल असंतुलन का सीधा असर मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। मरीज बिना किसी कारण उदास रहने लगता है, चिड़चिड़ापन बढ़ता है और कई बार यह डिप्रेशन का रूप ले सकता है।

9. पीरियड्स का अनियमित होना
हाइपोथायराइडिज्म महिलाओं के प्रजनन तंत्र पर बहुत गहरा असर डालता है। थायराइड के कारण पीरियड साइकिल बिगड़ जाती है, जिसके कारण पीरियड्स बहुत जल्दी-जल्दी आना, ज्यादा ब्लीडिंग होना या कई महीनों तक पीरियड न आना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इससे महिलाओं की फर्टिलिटी पर भी असर पड़ता है।
10. दिल की धड़कन धीमी पड़ना और सूजन
थायराइड धीमा होने से दिल की धड़कन सामान्य से कम हो जाती है। इसके अलावा आंखों के नीचे, चेहरे पर और एंकल में हल्की सूजन नजर आने लगती है।
थायराइड धीमा होने पर क्या करें?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, अगर आप अपने शरीर में इनमें से कोई लक्षण महसूस कर रहे हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। यह एक बहुत ही आसानी से ठीक होने वाली और मैनेज करने वाली स्थिति होती है।
- ब्लड टेस्ट करवाएं: सबसे पहले अपने डॉक्टर से मिलकर TSH, Free T3 और Free T4 टेस्ट कराएं। TSH का बढ़ा हुआ लेवल दिखाता है कि आपका थायराइड धीमा काम कर रहा है।
- सही दवा लें: अगर थायराइड धीमा निकलता है, तो डॉक्टर आपको थायराइड हार्मोन की दवा की सही खुराक दे सकते हैं, जिसे सही समय पर ठीक तरह से लेना जरूरी है।
- दवा लेने का सही तरीका: थायराइड की गोली हमेशा सुबह खाली पेट कम से कम एक गिलास पानी के साथ लेनी चाहिए। दवा खाने के 45 मिनट से 1 घंटे बाद तक चाय, कॉफी या नाश्ता न करें।
इसे भी पढ़े: थायराइड में वजन कम करना क्यों होता है मुश्किल? डॉक्टर से जानें कारण
लाइफस्टाइल और खान-पान में क्या बदलाव करना चाहिए?
- थायराइड संतुलित करने के लिए आयोडीन से भरपूर डाइट लें और नमक हमेशा अच्छी क्वालिटी वाला ही इस्तेमाल करें।
- कच्चे सोयाबीन, पत्तागोभी, फूलगोभी और ब्रोकली का ज्यादा सेवन न करें, क्योंकि इनमें गोइट्रोजन होते हैं जो थायराइड हार्मोन के अवशोषण में बाधा डालते हैं।
- रोजाना 30 मिनट की वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज करें, जो आपके मेटाबॉलिज्म को तेज करता है और सुस्ती दूर करता है।
निष्कर्ष
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि लगातार थकान और शरीर के संकेतों को सही समय पर समझकर आप थायराइड को मैनेज कर सकते हैं। आपका शरीर जब भी किसी बीमारी से पीड़ित होता है तो वह लक्षणों के जरिए नजर आता है। थायराइड की समस्या का समय पर पता चलना बहुत जरूरी है ताकि आप दोबारा एनर्जी महसूस कर सकें और इसे मैनेज कर सकें।
Image Credit: Freepik
बाल झड़ने से परेशान हैं? कहीं थायराइड तो नहीं वजह, डॉक्टर से जानें दोनों में कनेक्शन
FAQ
थायराइड किसकी कमी से होता है?
थायराइड मुख्य रूप से शरीर में आयोडीन की कमी के कारण हो सकता है, क्योंकि थायराइड ग्लैंड को हार्मोन बनाने के लिए आयोडीन की जरूरत होती है।थायराइड का दर्द कहां होता है?
थायराइड की समस्या होने पर गर्दन के सामने वाले हिस्से में दर्द और सूजन महसूस होती है, जो कई बार शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 12, 2026 16:23 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh