गर्मियों में कमरख या स्टार फ्रूट सलाद या चाट में डालकर खाया जाता है। खट्टा-मीठा यह फल गर्मियों में शरीर को एक्टिव रखता है। इसे खाने के कई फायदे हैं, जिसे हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा ने विस्तार से बताया। डॉ. श्रेय के अनुसार, आयुर्वेद में कमरख को कर्मंग कहा जाता है। इसे जब काटा जाता है, तो यह स्टार की तरह दिखाई देता है, इसलिए बहुत से लोग इसे स्टार फ्रूट भी कहते हैं। कुछ लोग इसे कैरमबोला भी कहते हैं। गर्मियों में इसे खाना फायदेमंद होता है, लेकिन इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।
गर्मियों में कमरख खाने के पांच फायदे
डॉ. श्रेय कहते हैं कि कमख भूख बढ़ाने से लेकर स्किन को बेहतर करने में मदद करता है। इसके कई फायदे हैं, जिसमें से मैं आज कमरख के पांच मुख्य फायदे बताना चाहूंगा।”
कमरख भूख बढ़ाने में फायदेमंद
डॉ. श्रेय के मुताबिक, “गर्मी के मौसम में अक्सर लोग पानी खूब पीते हैं, जिसकी वजह से लोगों को भूख कम लगती है। आयुर्वेद के अनुसार, कमरख का खट्टा स्वाद पाचन अग्नि को एक्टिव करने में मदद करता है। इस कारण कमरख को चटनी में खट्टे के तौर या सलाद में काटकर खाया जा सकता है।”
कमरख डाइजेशन को बेहतर बनाने में मददगार
डॉ. श्रेय के अनुसार, “कमरख में फाइबर की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जो डाइजेशन को बेहतर बनाने में मदद करता है। गर्मियों में बहुत ज्यादा तला-भुना या भारी खाना खाने के बाद लोगों को एसिडिटी हो जाती है। कमरख हल्की कब्ज, भारीपन, एसिडिटी और गैस में राहत दे सकता है, लेकिन इसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।”
गर्मियों मे शरीर को हाइड्रेट रखना
डॉ. श्रेय ने कहा, “कमरख या स्टार फ्रूट में पानी की मात्रा अच्छी होती है। गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए पानी तेजी से बाहर निकलता है, इसलिए पानी से भरपूर फल शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। कमरख खाने से शरीर में ताजगी, बनी रहती है और डिहाइड्रेशन का रिस्क कम हो सकता है।"

यह भी पढ़ें- क्या स्टार फ्रूट ब्लड शुगर को कम करता है? एक्सपर्ट से जानें
गर्मियों में कमरख स्किन के लिए फायदेमंद
डॉ. श्रेय कहते हैं, “कमरख में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो स्किन को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं। गर्मियों में इसे स्किन हेल्थ के लिए अच्छा माना जाता है। आयुर्वेद में भी कुछ स्किन से जुड़ी समस्याओं में इसके इस्तेमाल की बात कही गई है।”
कमरख नकसीर या ब्लीडिंग रोकने में मददगार
डॉ. श्रेय के मुताबिक, “आयुर्वेद में कच्चा कमरख शीत वीर्य माना गया है। अगर गर्मियों में नाक से खून बहता हो या ब्लीडिंग हो, तो सीमित मात्रा में कमरख खाना फायदेमंद हो सकता है, लेकिन खाने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।”
निष्कर्ष
डॉ. श्रेय कहते हैं कि गर्मियों में कमरख अच्छा है, लेकिन किडनी स्टोन, क्रोनिक किडनी की समस्याओं वाले रोगियों, ज्यादा पित्त वाले लोगों, पेट में जलन, मुंह में छाले होने पर इसे सिर्फ डॉक्टर की सलाह पर ही लें और इसे खाली पेट न खाएं। कमरख गर्मियों में स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज से फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसे संतुलित मात्रा में ही खाना चाहिए।
FAQ
क्या डायबिटीज के मरीज इसे खा सकते हैं?
इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और फाइबर अधिक होते हैं, इसलिए यह शुगर के मरीजों के लिए एक अच्छा फल है।एक दिन में कितने कमरख खाना सुरक्षित है?
एक सेहतमंद व्यक्ति दिन भर में एक मध्यम आकार का स्टार फ्रूट खा सकता है। बहुत अधिक मात्रा में इसके सेवन से पेट में एसिडिटी हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
May 12, 2026 11:28 IST
Modified By : Aneesh Rawat May 12, 2026 11:28 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Shrey Sharma