अच्छी और गहरी नींद के लिए लोग तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं। कई लोग सोने से ठीक पहले हल्दी वाला दूध पीते हैं, तो कुछ लोग सादा दूध पसंद करते हैं। एक ओर माना जाता है कि हल्दी वाला दूध कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर है, जो अच्छी नींद को बढ़ावा देता है। वहीं कुछ लोग सोने से पहले सादा तथा गुनगुना दूध पीते हैं। माना जाता है कि इससे भी नींद अच्छी आती है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर अच्छी नींद के लिए सादा दूध पीना सही होता है या हल्दी वाला दूध?
इस बारे में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) का कहना है, "अच्छी और गहरी नींद लेने के लिए हल्दी वाले दूध को सादे दूध से बेहतर माना जाता है। विशेषकर, जिन लोगों को तनाव, एंग्जायटी आदि के कारण नींद नहीं आती है, तो उन्हें सोने से पहले हल्दी वाला दूध जरूर पीना चाहिए।"
क्या है बेहतर?
| तुलना | हल्दी वाला दूध | सादा दूध |
| कैसे काम करता है | जब आप सादे-गुनगुने दूध और हल्दी मिक्स करके इसमें चुटकी भर काली मिर्च का पाउडर डालकर पीते हैं, तो यह न सिर्फ सेहत को बेहतर बनाने में मदद करता है, बल्कि नींद में भी सुधार करता है। | दूध में प्राकृतिक रूप से एमिनो एसिड ट्रिप्टोफैन होता है। इसका सेवन करने से ब्रेन इस तत्व को सेरोटोनिन और मेलाटोनिन में तब्दील कर देता है। ये हार्मोन नींद को रेगुलेट करने के लिए जाने जाते हैं। इसलिए, सादा दूध पीने से भी नींद में सुधार हो सकता है। |
| नींद में फायदेमंद | हल्दी में मौजूद करक्यूमिन ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करता है, शरीर की अंदरूनी सूजन में कमी आती है और एंग्जायटी का स्तर कम होता है। जाहिर है, जब तनाव कम होता है, सेहत में सुधार होता है, तो रात में अपने आप नींद बेहतर हो जाती है। | हल्दी दूध की तुलना में सादा दूध नींद को बढ़ावा देने के लिए कम फायदेमंद है। हालांकि, सादा दूध भी नींद लाने में मदद करता है, लेकिन हल्दी वाला दूध सूजन और तनाव को भी शांत करता है। |
| किन लोगों के फायदेमंद | वैसे तो बदलते मौसम में हल्दी वाला दूध सबके लिए फायदेमंद होता है। अगर कोई इसे नींद में सुधार के लिए लेना चाहते हैं, तो उन्हें इसका सेवन करना चाहिए, जिन्हें बदन दर्द, मसल्स में सूजन और इंसोमनिया के कारण नींद आने में दिक्कत आती है। इस तरह की तमाम परेशानियों में हल्दी वाला दूध काफी कारगर तरीके से काम करता है। | आमतौर पर जिनका पेट सेंसिटिव है या आसानी से नींद नहीं आती है, उन्हें सोने से लगभग 30 से 45 मिनट पहले सादा गुनगुना दूध पीना चाहिए। इससे कुछ ही देर में नींद आने में मदद मिलेगी। यह पाचन क्षमता में भी सुधार करता है। |
साल 2025 में International Journal of Biology Sciences में प्रकाशित शोध पत्र के अनुसार, हल्दी वाला दूध पीने से नींद बेहतर होती है। असल में, हल्दी में करक्यूमिन होता है, जो शरीर में न्यूरोट्रांसमीटर को संतुलित करने, ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने और अंदरूनी सूजन (सिस्टमिक इन्फ्लेमेशन) को शांत करने की क्षमता रखता है। यह उन शारीरिक दर्दों और बेचैनी को कम करता है जो रात में सोने में बाधा डालते हैं। इसमें चुटकी भर काली मिर्च मिलाना और भी फायदेमंद हो जाता है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है, दूध में मौजूद अमीनो एसिड, हल्दी का करक्यूमिन और शहद मिलकर तंत्रिका तंत्र को शांत करते हैं, जिससे तनाव कम होता है और मस्तिष्क को गहरी नींद के लिए प्राकृतिक रूप से तैयार होने में मदद मिलती है।
इसे भी पढ़ें: क्या सच में गर्म दूध पीने से नींद जल्दी आती है? डॉक्टर से जानें
किन लोगों को हल्दी वाला दूध नहीं पीना चाहिए?
Plain Or Turmeric-Milk Which Is Better For Good Sleep
वैसे तो हल्दी वाला दूध सबके लिए फायदेमंद है। इसके बावजूद, कुछ लोगों को सोने से पहले हल्दी वाला दूध नहीं पीना चाहिए, जैसे-
- जिन लोगों को गॉल ब्लैडर से जुड़ी समस्या है, उन्हें इसका सेवन नहीं करना चाहिए। इससे बाइल प्रोडक्शन बढ़ सकता है।
- अगर कोई खून को पतला करने की दवा ले रहा है, तो उन्हें भी हल्दी वाला दूध नहीं पीना चाहिए।
- एनीमिया या शरीर में खून की कमी है, तो उनके लिए हल्दी वाला दूध सही नहीं है। हल्दी में मौजूद तत्व आयरन के अवशोषण में बाधा डाल सकते हैं।
- एसिड रिफ्लक्स, जीईआरडी, पेट में अल्सर आदि समस्याओं से ग्रसित मरीजों के लिए भी हल्दी वाला दूध सही नहीं होता है।
- प्रेग्नेंट और ब्रेस्टफीड करा रही महिलाओं को सीमित मात्रा में हल्दी का सेवन करना चाहिए। इसलिए, उन्हें हल्दी वाला दूध नहीं पीना चाहिए।
कब सादा दूध न पिएं?
जिन लोगों को प्रोटीन से एलर्जी है और जब किसी को लैक्टोज इनटॉलेरेंस की परेशानी है, तो उन्हें सादा दूध नहीं पीना चाहिए। इन कंडीशंस के बावजूद सादा दूध पीने से पेट में दर्द और स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: हल्दी वाले दूध में घी मिलाकर पीने से मिल सकते हैं ये 5 फायदे
निष्कर्ष
मौजूदा समय में बढ़ते तनाव के कारण अक्सर लोग रात के समय गहरी और अच्छी नींद नहीं ले पाते हैं। ऐसे में रात को सोने से पहले आप हल्दी वाला दूध पी सकते हैं। यूं तो सादा दूध भी नींद को बढ़ावा देता है, लेकिन हल्दी वाला दूध अधिक फायदेमंद है। हां, अगर आपको किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या है, कोई दवा ले रहे हैं, तो बेहतर है कि हल्दी वाला दूध पीने से पहले डॉक्टर की सलाह ले लें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या हल्दी वाले दूध में चीनी या गुड़ मिलाने से नींद की क्वालिटी पर असर पड़ता है?
हल्दी वाले दूध में अधिक चीनी मिलाने से ब्लड शुगर स्पाइक कर सकता है, जिससे नींद बाधित हो सकती है।क्या किडनी स्टोन के मरीजों को नियमित हल्दी वाला दूध पीना चाहिए?
नहीं, हल्दी में ऑक्सालेट की मात्रा ज्यादा होती है, इसलिए कैल्शियम-ऑक्सालेट स्टोन की टेंडेंसी वाले मरीजों को डॉक्टर से पूछे बिना हल्दी दूध नहीं पीना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 05, 2026 17:44 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shrey Sharma
