बदलते मौसम, सर्दी-जुकाम, वायरल इंफेक्शन, धूल-मिट्टी या ज्यादा बोलने के कारण अक्सर गले में खराश की समस्या हो सकती है। ऐसे में कई बार कुछ लोगों को निगलने में तकलीफ, गले में सूखापन या लगातार खिचखिच की समस्या महसूस होना आम बात है। गले में होने वाली इस खराश की समस्या से राहत पाने के लिए लोग कई तरह के उपायों को आजमाते हैं। हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, आयुर्वेद में ऐसी कई जड़ी-बूटियां हैं, जो गले की खराश से राहत दिलाने में मदद कर सकती हैं। गिलोय, मुलेठी और तुलसी जैसी जड़ी बूटियां गले की सूजन को कम करने और गले के इंफेक्शन से लड़ने में प्रभावी होती हैं।
गले की खराश से राहत के लिए घरेलू उपाय
डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि गले की खराश के लिए ऐसे हर्ब्स की जरूरत होती है, जो एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-वायरल, एंटी-माइक्रोबियल और सूजन को शांत करने वाले गुणों से भरपूर हों। इसलिए, आप इन उपायों को आजमा सकते हैं।
1. मुलेठी
गले की खराश के लिए मुलेठी का इस्तेमाल आयुर्वेद में काफी फायदेमंद माना गया है। यह स्वाद में मीठा होता है और गले को आराम देने में मदद भी करता है। आयुर्वेद में मुलेठी को गले से जुड़ी समस्याओं से राहत के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। मुलेठी में मौजूद ग्लाइसीराइजिन नाम का तत्व गले की सूजन और जलन को शांत करता है और यह एक नेचुरल एक्सपेक्टोरेंट के रूप में भी काम करता है, जो बलगम को पतला करके बाहर निकालने में मदद करता है। यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि मुलेठी का ज्यादा या लंबे समय तक सेवन हानिकारक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: रोजाना सुबह उठते ही गले में सूखापन और खराश क्यों महसूस होता है? डॉक्टर से जानें
2. तुलसी
तुलसी का इस्तेमाल आयुर्वेद में एक बेहतरीन औषधि के रूप में किया जाता है। तुलसी की चाय का इस्तेमाल गले में होने वाली खराश या असुविधा से राहत दिला सकती है। तुलसी अपने एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-वायरल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों के कारण जानी जाती है। तुलसी में मौजूद ये गुण गले के इंफेक्शन से लड़ते हैं और सूजन को कम करते हैं, जिससे दर्द और चुभन से राहत मिलती है।
3. पुदीना
पुदीना या पिपरमिंट भी अपने ताजगी देने वाले गुणों के लिए जाना जाता है। इससे गले को ठंडक और आराम मिलता है। पुदीना में मेंथॉल नाम का एक्टिव कंपाउंड होता है, जो गले की सूजन को शांत करने, दर्द से राहत दिलाने और बलगम को पतला करके बाहर निकालने में मदद करता है। गर्म पुदीने की चाय पीने से गला नम होता है और तुरंत आराम मिलता है।
Remedies-to-Relieve-Sore-Throat-inside
4. बहेड़ा
गले की खराश, खांसी और कफ को दूर करने में बहेड़ा एक बहुत ही असरदार आयुर्वेदिक औषधि मानी जाती है। बहेड़ा में कफ को पतला करने वाले गुण होते हैं, जो कफ को बाहर निकालकर गले को आराम देने में प्रभावी होता है। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी और कसैले गुण गले में होने वाली सूजन और दर्द को शांत करते हैं।
5. गिलोय
गले की खराश और जलन को दूर करने में गिलोय काफी प्रभावी माना जाता है। गिलोय में सूजन कम करने वाले गुण होते हैं, जो गले में होने वाली सूजन, खराश और चुभन को शांत करता है। यह वायरल और बैक्टीरियल इंफेक्शन से भी लड़ता है, जो गले में होने वाले दर्द और असुविधा से राहत दिलाता है।
इसे भी पढ़ें: वायु प्रदूषण के कारण होने वाले गले में खराश के लिए घरेलू उपचार, आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानें
क्या कहती है स्टडी?
साल 2023 में Family Practice जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, स्विट्जरलैंड और फ्रांस में डॉक्टरों के पास इलाज के लिए आने वाले मरीजों पर एक रिसर्च की गई थी। इसमें बताया गया कि गले की खराश, सर्दी और खांसी होने पर घरेलू उपायों का सहारा लेते हैं। इस स्टडी में पाया गया कि गले की तकलीफों के लिए शहद, नींबू, थाइम और हर्बल चाय काफी असरदार साबित हुई हैं। इन उपायों की मदद से लोगों को गले की खराश में काफी आराम मिला और यह बहुत असरदार साबित हुआ।
गले की खराश से राहत के अन्य उपाय
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, गले में होने वाले आम खराश की समस्या से राहत पाने के लिए आप इन जड़ी-बूटियों के अलावा कुछ अन्य उपायों को भी आजमा सकते हैं, जिनमें शामिल हैं-
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- हर्बल चाय का सेवन करें
- स्मोकिंग या धूल-धुएं जैसी चीजों से दूर रहें
- गर्म नमक-पानी से गरारे करें
- बहुत ज्यादा तीखा और गर्म खाने से बचें
कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
अगर गले में खराश की समस्या कई दिनों तक बनी रहती है या तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, निगलने में मुश्किल होना या लगातार गले में सूजन की समस्या होती है तो घरेलू उपायों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। गले में खराश का कारण वायरल इंफेक्शन, बैक्टीरियल इंफेक्शन, एलर्जी, एसिड रिफ्लक्स या अन्य कारण हो सकते हैं, जिसके बारे में जानना बहुत जरूरी है। इसलिए, लंबे समय तक गले में होने वाली असुविधा से राहत के लिए उसके होने के सही कारणों का पता लगाना बहुत जरूरी है।
निष्कर्ष
डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि गले में खराश की समस्या से राहत दिलाने में तुलसी, मुलेठी, बहेड़ा और गिलोय जैसी चीजों का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इन्हें सीमित और सही तरीके से लेना जरूरी है। अगर आपको लगातार गले में खराश की समस्या बनी रहती है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
गले में इन्फेक्शन के लक्षण क्या हैं?
गले में इंफेक्शन होने पर आमतौर पर खराश, निगलने में तेज दर्द और गले में सूखापन महसूस होता है। इसके अलावा, गले में सूजन, टॉन्सिल लाल होना, हल्का बुखार और आवाज का भारी होना या बैठ जाना भी इसके अहम लक्षण हैं।गले में खिच खिच के क्या कारण हैं?
गले में खिचखिच की समस्या होने के पीछे कई कारण शामिल हैं, जिसमें सर्दी-जुकाम, वायरल या बैक्टीरियल इंफेक्शन और गले का सूखापन शामिल हैं। इसके अलावा, धूल-मिट्टी, प्रदूषण और पेट से एसिड ऊपर आने के कारण भी यह समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 27, 2026 21:19 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma
