वजन कम करने और फिट रहना आज के समय में ज्यादातर लोगों की पहली प्राथमिकता रहती है। वजन कम करने वाले लोग सबसे पहले अपनी डाइट से मीठा हटाते हैं, ताकि कैलोरी इनटेक कम हो जाए और वजन कम करने में मदद मिल सके। ऐसे में वजन कम करने की डाइट में लोग चीनी शामिल करने से बचते हैं, लेकिन मीठे की क्रेविंग को कम करने के लिए चीनी के स्थान पर इसके हेल्दी विकल्पों की तलाश करते हैं, जिसमें गुड़ भी शामिल है। लेकिन, क्या वजन कम करने वाले लोगों के लिए चीनी की जगह गुड़ खाना वेट लॉस में मदद करता है या नहीं? आइए इस लेख में हम Ms. Edwina Raj, Head of Services - Clinical Nutrition & Dietetics, Aster CMI Hospital, Bangalore से जानते हैं।
क्या चीनी की जगह गुड़ खाना वजन कम करने में फायदेमंद है?
न्यूट्रिशनिस्ट एडविना का कहना है कि चीनी की जगह गुड़ खाना एक हेल्दी ऑप्शन माना जाता है, लेकिन इससे वजन कम नहीं होता है। सफेद चीनी के मुकाबले गुड़ कम प्रोसेस्ड होता है और इसमें आयरन, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्वों की मात्रा चीनी से ज्यादा होती है। हालांकि, चीनी और गुड़ दोनों में लगभग कैलोरी की मात्रा बराबर ही होती है। इसलिए ज्यादा मात्रा में दोनों खाने से शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकते हैं। वजन कम करने के लिए चीनी और गुड़ में से किसी एक चीज को चुनना और एक को खाने से परहेज करने से वजन कम करने पर ज्यादा असर नहीं पड़ता है, क्योंकि वजन कम करने के लिए कुल कैलोरी इनटेक पर ध्यान देना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: गुड़ में मिलाकर लें रसोई में मौजूद ये 2 चीजें, हाई कोलेस्ट्रॉल से लेकर मोटापा तक मैनेज करने में मददगार
गुड़ और चीनी में क्या अंतर है?
न्यूट्रिशनिस्ट एडविना के मुताबिक गुड़ गन्ने के रस या ताड़ के रस से तैयार किया जाता है और इसमें कुछ नेचुरल न्यूट्रिएंट्स होते हैं, जबकि सफेद चीनी बहुत रिफाइंड होती है और इसमें सिर्फ कैलोरी होती है। गुड़ का स्वाद थोड़ा अलग और क्रेविंग को कम करने वाला होता है, इसलिए कुछ लोग चीनी के स्थान पर गुड़ का इस्तेमाल करना ज्यादा पसंद करते हैं। इतना ही नहीं, चीनी के मुकाबले गुड़ का सेवन अक्सर लोग कम मात्रा में करते हैं, जिससे कैलोरी इनटेक भी थोड़ा कम हो सकता है। इतना ही नहीं, गुड़ खाने से डाइजेशन भी बेहतर रहता है, जिस कारण यह सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन वजन कम करने में कोई खास असर नहीं करता है।

ज्यादा मात्रा में गुड़ खाने के क्या नुकसान हैं?
न्यूट्रिशनिस्ट एडविना के अनुसार, अक्सर लोग यह सोचकर गुड़ ज्यादा खा लेते हैं कि यह हेल्दी है, लेकिन गुड़ भी चीनी का ही एक रूप है, जिसका सेवन ज्यादा मात्रा में करने से सेहत को कई तरह से नुकसान पहुंच सकता है, जैसे-
- ब्लड शुगर लेवल का तेजी से बढ़ना
- शरीर में इंसुलिन लेवल बढ़ सकता है
- शरीर में फैट जमा होने की प्रक्रिया को बढ़ावा मिल सकता है
- इसका ज्यादा सेवन वजन बढ़ने का कारण बन सकता है
इसे भी पढ़ें: क्या गुड़ फेफड़ों को साफ करता है? डॉक्टर से जानें इस बारे में विस्तार से
वजन घटाने के लिए क्या करें?
न्यूट्रिशनिस्ट एडविना ने बताया कि, वजन कम करने के लिए सिर्फ मीठी चीज का प्रकार बदलना काफी नहीं है, बल्कि आपको इन बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है-
- मीठा चाहे चीनी हो, गुड़, शहद या फिर कोई स्वीटनर, सभी का सेवन सीमित मात्रा में करें।
- अपनी डाइट में प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट से भरपूर फूड्स शामिल कर सकते हैं, जो आपके पेट को देर तक भरा रखने और शुगर क्रेविंग को कम करने में मदद करता है।
- रोजाना कम से कम 30 से 45 मिनट की शारीरिक गतिविधियां जैसे तेज चलना, योग करना, जिम जाना या कोई खास खेल खेलने से कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है।
- बाजार में मिलने वाली मीठी ड्रिंक्स, मिठाइयां और पैकेज्ड स्नैक्स का सेवन करने से बचें, क्योंकि इनमें छुपी हुई चीनी सेहत के लिए हानिकारक होती है।
निष्कर्ष
वजन कम करने के लिए चीनी की जगह गुड़ खाने से वजन कम करने पर कोई खास फर्क नहीं डालता है। हालांकि इसमें मौजूद कुछ पोषक तत्व आपकी सेहत और पाचन के लिए बेहतर होता है। इसलिए आप चीनी की जगह गुड़ खाते हैं तो ये अन्य कई तरह से आपके लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन वजन कम करने में कोई खास भूमिका नहीं निभाता है।
Image Credit: Freepik
FAQ
तेजी से वजन कम करने के लिए क्या खाएं?
जल्दी वजन कम करने के लिए आपको हाई प्रोटीन, हाई फाइबर और कम कैलोरी वाले फूड्स खाने चाहिए। डाइट में सलाद, सब्जियां, फल और सोया प्रोडक्ट्स को खा सकते हैं।सबसे जल्दी वजन किस चीज से घटता है?
सबसे जल्दी वजन कम करने के लिए कैलोरी डेफिसिट और चीनी या मैदा खाना पूरी तरह बंद करना बहुत ज्यादा प्रभावी माना जाता है। इसके साथ ही इंटरमिटेंट फास्टिंग और HIIT वर्कआउट करने से शरीर तेजी से फैट बर्न करता है।भूखे रहने से वजन कम होता है क्या?
भूखे रहने से कुछ समय के लिए वजन कम हो सकता है, लेकिन यह आपके लिए अनहेल्दी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। यह आपके मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है, मांसपेशियों को नुकसान पहुंचाता है और पोषक तत्वों की कमी का कारण बन सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Feb 25, 2026 19:44 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Feb 25, 2026 19:44 IST
Modified By : Katyayani TiwariFeb 25, 2026 19:44 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Edwina Raj