चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, हर स्किन टाइप के लिए नहीं है सही

अक्सर लोग स्किन केयर के लिए मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। इसका इस्तेमाल करना स्किन के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन यह कई लोगों के लिए परेशानी का कारण भी बन सकती है। ऐसे में इसका इस्तेमाल करने से पहले यह जानना जरूरी है कि कौन सी स्किन टाइप के लिए मुल्तानी मिट्टी सही है और किसको इसका इस्तेमाल करना चाहिए। आइए इस बारे में Dr. Sunil Kumar Prabhu, Consultant – Dermatology, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।
ऑयली स्किन वालों के लिए मुल्तानी मिट्टी
डॉ. सुनील कुमार प्रभु के अनुसार, मुल्तानी मिट्टी, त्वचा की देखभाल के लिए इस्तेमाल होने वाला एक ट्रेडिशनल उपाय है। इसका इस्तेमाल अक्सर फेस पैक में किया जाता है, ताकि यह त्वचा से एक्स्ट्रा तेल (ऑयल) को सोख सके और त्वचा के चिपचिपेपन को कम कर सके। इसमें नेचुरल रूप से पाए जाने वाले मिनरल्स होते हैं और इसमें ऑयल सोखने के गुण होते हैं, यही वजह है कि यह ऑयली स्किन वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है।
फेस पैक के रूप में लगाने पर यह कुछ समय के लिए स्किन को साफ और कम ऑयली बना सकती है। हालांकि, यह समझना जरूरी है कि मुल्तानी मिट्टी मुंहासों, पिग्मेंटेशन या स्किन की अन्य समस्याओं का इलाज नहीं है। इसका मुख्य काम सिर्फ त्वचा की सतह से तेल को सोखना है।
साल 2019 में Journal of Pakistan Association of Dermatologists में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, मुल्तानी मिट्टी एक्स्ट्रा ऑयल को सोखने के गुण के कारण यह ऑयलीपन कम करने में मदद कर सकती है।
इसे भी पढ़ें: मुल्तानी मिट्टी खाने की है आदत, तो पहले जान लें इसके नुकसान
ड्राई और सेंसिटिव स्किन वालों के लिए मुल्तानी मिट्टी
डॉ. सुनील कुमार आगे कहते हैं, मुल्तानी मिट्टी के साथ एक मुख्य समस्या यह है कि यह त्वचा से जरूरत से ज्यादा तेल निकाल सकती है, खासकर तब जब इसका इस्तेमाल बार-बार किया जाए या इसे चेहरे पर पूरी तरह सूखने तक छोड़ दिया जाए। इससे त्वचा की नेचुरल प्रोटेक्टिव बैरियर को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे त्वचा रूखी हो सकती है, खिंचाव महसूस हो सकता है, जलन हो सकती है या त्वचा की पपड़ी उतर सकती है। जिन लोगों की स्किन ड्राई या सेंसिटिव है या जिन्हें एक्जिमा की समस्या है, उन्हें खासतौर पर सावधान रहना चाहिए।

गलत इस्तेमाल से ऑयली स्किन वालों को भी हो सकती है परेशानी
डॉ. सुनील कुमार बताते हैं, यहां तक कि ऑयली स्किन वाले लोगों को भी इसके ज्यादा इस्तेमाल से जलन महसूस हो सकती है। अगर इसमें नींबू का रस या कोई अन्य तेज असर वाली चीज मिला दी जाए, तो जलन होने की संभावना और भी बढ़ सकती है। घर पर बना कोई भी फेस पैक लगाने से पहले, त्वचा के एक छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर कर लेना चाहिए।
मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
डॉ. सुनील कुमार के अनुसार, अगर आपकी स्किन ऑयली है और आप मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल करना चाहते हैं, कुछ बातों का खास ध्यान रखना जरूरी हो जाता है।
- इसकी एक पतली परत लगाएं और इसे बहुत कम समय के लिए रखें।
- इसे पूरी तरह सूखने और त्वचा में खिंचाव पैदा करने से पहले ही धो लें।
- पैक को हटाते समय चेहरे को रगड़ने से बचें।
- इसके बाद, त्वचा में नमी (हाइड्रेशन) बनाए रखने के लिए कोई अच्छा मॉइस्चराइजर लगाएं।
ध्यान रहे, मुल्तानी मिट्टी का रोजाना इस्तेमाल करने के बजाय, इसका इस्तेमाल कभी-कभार ही करना बेहतर होता है।
इसे भी पढ़ें: चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाने के बाद क्या लगाना चाहिए? ये गलती बना सकती है स्किन को ड्राई
डॉक्टर से सलाह कब लें?
जिन लोगों को एक्टिव मुहांसे (एक्टिव एक्ने) हैं, जिनकी त्वचा डैमेज है या जिन्हें त्वचा से जुड़ी कोई अन्य समस्या है, उन्हें ऐसे उपाय आजमाने से पहले डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। नेचुरल चीजें भी हर किसी के लिए सेफ हों, ऐसा जरूरी नहीं है। इसलिए अपनी स्किन टाइप के अनुसार ही प्रोडक्ट्स का का चुनाव करना चाहिए।
निष्कर्ष
मुल्तानी मिट्टी त्वचा की सतह से एक्स्ट्रा ऑयल सोखकर ऑयली व चिपचिपी त्वचा को कुछ समय के लिए साफ रख सकती है, लेकिन यह मुंहासों या पिग्मेंटेशन का इलाज नहीं है। बार-बार लगाने, पूरी तरह सुखाने या रूखी, सेंसिटिव व एक्जिमा वाली त्वचा पर इसका इस्तेमाल करने से नेचुरल स्किन बैरियर को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा, त्वचा में रूखापन, खिंचाव, जलन या पपड़ी उतरने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
ध्यान रहे, नींबू जैसी तेज चीजें मिलाने से जलन और बढ़ सकती है। ऐसे में ऑयली स्किन पर इसे कभी-कभार पतली परत में लगाएं, सूखने से पहले धो लें, रगड़ने से बचें और बाद में मॉइस्चराइजर लगाएं। एक्टिव मुंहासे या त्वचा की समस्या होने पर डॉक्टर से तुरंत सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाने के क्या फायदे हैं?
चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाने से स्किन में ऑयल को कंट्रोल करने, स्किन की गहराई से सफाई करने, टैनिंग से राहत देने, त्वचा में कसाव करने और त्वचा को ठंडक देने में मदद मिलती है।स्किन को हेल्दी रखने के लिए क्या खाना चाहिए?
स्किन को हेल्दी बनाए रखने के लिए विटामिन सी, ए, ई, ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स के गुणों से भरपूर अनार, अंडे, दालें, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज, ड्राई फ्रूट्स, गाजर, हरी पत्तेदार सब्जियां, संतरे, आंवला और नींबू जैसे फूड्स को डाइट में शामिल करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 21:23 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Sunil Kumar Prabhu