जैसे पीरियड्स में ब्लीडिंग को सोखने के लिए पैड का इस्तेमाल किया जाता है, उसी तरह आजकल कुछ महिलाएं मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल करने लगी हैं। मेंस्ट्रुअल कप वजाइन के भीतर लगाया जाता है ताकि पीरियड्स के दौरान निकलने वाला ब्लड उसमें इकट्ठा हो सके। जब कप भर जाता है, तो इसे खाली करके और साफ करने के बाद दोबारा इस्तेमाल किया जाता है। कई महिलाओं को यह आरामदायक और किफायती लगता है क्योंकि कप को दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है और इसे बार-बार बदलने की झंझट नहीं रहती। मेंस्ट्रुअल कप को लेकर एक शंका हमेशा महिलाओं के मन में रहती है कि क्या इसे रातभर लगाकर सो सकते हैं? यानी मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल रात में सुरक्षित है या नहीं? इस सवाल का जवाब जानने के लिए हमने Dr. Smriti Agrawal, Professor & Gynaecologist At Department Of Obstetrics & Gynaecology, King George's Medical University, Lucknow से बात की।
सोते समय मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल सुरक्षित है

Dr. Smriti Agrawal ने बताया कि सोते समय मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल सुरक्षित है। आमतौर पर इसे 8 से 12 घंटों तक लगाया जा सकता है, अगर आपकी नींद 7 से 8 घंटों की है, तो इसे पहनकर आराम से सो सकते हैं। मेंस्ट्रुअल कप शरीर के अंंदर पीरियड्स का ब्लड इकट्ठा करते हैं, उसे सोखते नहीं है। यही वजह है कि इससे इंफेक्शन होने की संभावना कम होती है।
Mayo Clinic में प्रकाशित एक लेख के मुताबिक, मेंस्ट्रुअल कप को करीब 12 घंटे तक पहना जा सकता है। वहीं टैम्पोन या पैड को हर चार से छह घंटे में बदलना पड़ता है। कप को बार-बार खाली करने की जरूरत नहीं होती है, खासकर अगर ब्लीडिंग कम हो।
यह भी पढ़ें- मेंस्ट्रुअल कप का उपयोग करने वाली महिलाओं को जरूर पता होने चाहिए ये 5 बातें
किनके लिए उपयोगी है रात में मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल?
- जो महिलाएं यात्रा कर रही हों या लंबे समय तक बाहर हों।
- जो लंबे समय तक चलने वाला पीरियड प्रोडक्ट यूज करना चाहती हों।
- जो महिलाएं बार-बार पैड या टैम्पोन बदलने से बचना चाहती हों।
यह भी पढ़ें- मेंस्ट्रुअल कप को साफ करते समय न करें ये गलतिया, बढ़ता है इंफेक्शन का खतरा
रात में मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल करने का सही तरीका
- कप को लगाते और निकालते समय आपके हाथ साफ होने चाहिए। इससे इंफेक्शन का खतरा कम करने में मदद मिलती है।
- अगर पीरियड्स का फ्लो ज्यादा है, तो सोने से पहले कप को खाली करके दोबारा लगाएं ताकि रात में कप भरने की संभावना कम हो।
- कप भले ही आरामदायक लगते हैं, लेकिन इसे 8 से 12 घंटे से ज्यादा नहीं पहनना चाहिए।
- अगर कप का आकार सही नहीं है, तो लीकेज या असुविधा हो सकती है इसलिए उम्र, फ्लो और साइज के मुताबिक कप चुनें।
निष्कर्ष:
रात में सोते समय महिलाएं मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल कर सकती हैं। मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल 8 से 12 घंटों तक सुरक्षित माना जाता है इसलिए रात में इसे लगा सकती हैं, लेकिन कप को जरूरत पड़ने पर खाली कर लें और हाइजीन बनाए रखें।
FAQ
रात में मेंस्ट्रुअल कप यूज करने से इंंफेक्शन हो सकता है?
अगर कप को साफ रखेंगी और इस्तेमाल के दौरान हाथों को साफ रखेंगी और हाइजीन बनाए रखेंगी, तो इंफेक्शन का खतरा कम होगा। सफाई की कमी से बैक्टीरियल ग्रोथ हो सकती है।किन महिलाओं को मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए?
अगर बार-बार यूटीआई हो, हाल ही में सर्जरी हुई हो, डिलीवरी के तुरंत बाद, लीकेज की शिकायत जैसे मामलों में मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jun 22, 2026 15:39 IST
Modified By : Yashaswi Mathur Jun 22, 2026 15:39 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Prof Dr Smriti Agrawal