Fri Sep 11, 2026 | 06:51 PM IST

Medically Reviewed by Dr Shrey Sharma , BAMS

क्या रोज त्रिफला चूर्ण खाना सही है? डॉक्टर से जानें यह कितना सुरक्षित?

रोजाना त्रिफला का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है, अगर आप इसे सीमित मात्रा में और सही तरीके से खाएं। ज्यादा मात्रा और गलत तरीके से त्रिफला खाने से पाचन से जुड़ी समस्याएं और अन्य परेशानियां बढ़ सकती हैं।

भारत के कई घरों में पेट और पाचन से जुड़ी समस्याओं के लिए त्रिफला का सेवन करना बहुत आम बात है। कब्ज, गैस, ब्लोटिंग जैसी परेशानियों में त्रिफला का चूर्ण फायदेमंद माना जाता है। आयुर्वेद में इसे एक जरूरी रसायन के रूप में देखा जाता है, जो त्रिदोषों, शरीर के संतुलन और पाचन स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए उपयोग किया जाता है। ऐसे में कई लोग त्रिफला पाउडर को रोज खाना पसंद करते हैं, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या रोजाना त्रिफला का सेवन सुरक्षित होता है? आइए इस बारे में हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं।

क्या रोजाना त्रिफला का सेवन करना सुरक्षित है?

डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, त्रिफला का सेवन रोजाना करना कुछ लोगों के लिए सुरक्षित हो सकता है, लेकिन इसे हर व्यक्ति के लिए बिल्कुल सुरक्षित या सालों-साल खाने वाली औषधि नहीं माननी चाहिए। भले ही त्रिफला पर हुई स्टडीज में लंबे समय तक सीमित मात्रा में त्रिफला का सेवन करने के कोई बड़े साइड इफेक्ट नहीं दिखे हैं, लेकिन फिर भी आपको इसके रोजाना सेवन को लेकर डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए।

साल 2017 में Journal of Integrative and Complementary Medicine में प्रकाशित एक रिव्यू में बताया गया है कि चरक के अनुसार, रोजाना त्रिफला लेने से इंसान बिना बुढ़ापे और बीमारियों के सौ साल तक जीवित रह सकता है। वैद्य सुश्रुत ने बताया था कि यह फ़ॉर्मूला अल्सर और घावों के इलाज में फायदेमंद है।

साल 2020 में Journal of Integrative Medicine में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, हेल्दी व्यक्ति के लिए त्रिफला का सेवन सुरक्षित पाया गया है। हेल्दी व्यक्तियों को को 14 दिनों तक 1050 मिग्रा/दिन और 2500 मिग्रा/दिन की खुराक दी गई, जिसका उनकी सेहत पर सकारात्मक असर रहा।

रोजाना त्रिफला लेने के फायदे

डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, रोजाना या नियमित रूप से त्रिफला खाने से सेहत को ये फायदे मिल सकते हैं:

  • कब्ज में राहत: त्रिफला का नियमित सेवन मल त्याग को आसान बना सकता है और कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में काफी उपयोगी हो सकता है।
  • पाचन के लिए फायदेमंद: कुछ लोगों में पाचन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में भी त्रिफला काफी कारगर हो सकता है।
  • एंटीऑक्सीडेंट गुण: त्रिफला में कई बायोएक्टिव कंपाउंड्स पाए जाते हैं, जिनमें सक्रिय यौगिक पाए जाते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं।

Triphala-churna-daily-inside

इसे भी पढ़ें: क्या त्रिफला का सेवन हर किसी के लिए सही है? लेने से पहले डॉक्टर से जान लें ये बातें

पाचन को बेहतर रखने के लिए और संपूर्ण स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए आप संतुलित आहार और हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ त्रिफला को अपनी डाइट में हिस्सा डॉक्टर की सलाह बना सकते हैं।

रोज त्रिफला खाने के नुकसान

डॉ. श्रेय शर्मा कहते हैं कि त्रिफला के आयुर्वेदिक होने का मतलब यह नहीं है कि इसका किसी व्यक्ति पर कोई साइड इफेक्ट नहीं पड़ेगा। ज्यादा मात्रा या गलत तरीके से त्रिफला का सेवन करने से पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • पेट में दर्द या मरोड़
  • दस्त आना
  • गैस या ब्लोटिंग की समस्या
  • बार-बार मल त्याग की इच्छा होना
  • ज्यादा मात्रा में लेने पर शरीर में पानी की कमी

डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि अगर त्रिफला लेने के बाद लगातार दस्त, कमजोरी, चक्कर आना या पेट में दर्द हो तो इसका सेवन करना बंद कर देना चाहिए और डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए। त्रिफला के सेवन का असर हर व्यक्ति, इसकी मात्रा और लेने के तरीके पर निर्भर करता है।

इसे भी पढ़ें: पेट साफ करने के लिए त्रिफला कैसे लें? आयुर्वेदाचार्य से जानें सही तरीका और फायदे

त्रिफला कब और कैसे खाएं?

डॉ. श्रेय शर्मा के मुताबिक, त्रिफला की मात्रा और सेवन का समय व्यक्ति की जरूरत पर निर्भर करता है। इसलिए, दूसरा व्यक्ति किस समय और कितनी मात्रा में ले रहा है, वह आपके लिए फायदेमंद हो यह जरूरी नहीं है। अगर कोई व्यक्ति इसे लेना चाहता है तो इन बातों का ध्यान रखें:

  • शुरुआत में कम मात्रा में त्रिफला लें।
  • त्रिफला प्रोडक्ट के लेबल पर दी गई मात्रा को फॉलो करें।
  • पहली बार इस्तेमाल करने वाले लोग शरीर द्वारा मिलने वाली प्रतिक्रिया पर ध्यान दें।
  • कब्ज के लिए इस्तेमाल करते समय पर्याप्त मात्रा में पानी और फाइबर का सेवन जरूर करें।
  • अगर आपको पहले से कोई बीमारी है या दवा ले रहे हैं तो डॉक्टर की सलाह पर ही इसे लेना शुरू करें।

निष्कर्ष
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार सही मात्रा में और सही व्यक्ति के लिए त्रिफला का सेवन रोज करना सुरक्षित और फायदेमंद दोनों हो सकते हैं। ध्यान रहे, इसे हर व्यक्ति के लिए पूरी तरह सुरक्षित समझना सही नहीं होगा। लंबे समय तक रोजाना त्रिफला का सेवन हमेशा डॉक्टर की सलाह पर ही करना चाहिए और अपने शरीर के संकेतों पर भी ध्यान देना चाहिए।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • त्रिफला चूर्ण लगातार कितने दिन खाना चाहिए?

    त्रिफला चूर्ण का सेवन आमतौर पर 2 हफ्ते से लेकर 3 महीने तक लगातार करना फायदेमंद हो सकता है। ध्यान रहे इसे कितने दिन तक लेना चाहिए, यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप इसे किस कारण ले रहे हैं।
  • त्रिफला चूर्ण किन लोगों को नहीं खाना चाहिए?

    त्रिफला चूर्ण का सेवन वैसे तो सभी के लिए सुरक्षित माना जाता है, लेकिन प्रेग्नेंसी, ब्रेस्टफीडिंग मदर्स और छोटे बच्चों को त्रिफला देने से बचना चाहिए या डॉक्टर की सलाह पर ही देना चाहिए।

Read Next

बवासीर के लक्षणों को कम कर सकता है त्रिफला, एक्सपर्ट से जानें सेवन का तरीका और फायदे

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Sep 09, 2026 17:48 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dr Shrey Sharma

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content