रात में अगर चावल बच जाएं तो ज्यादातर घरों में उन्हें फेंकने के बजाय फ्रिज में रख दिया जाता है और सुबह नाश्ते में गर्म करके खा लिया जाता है। कुछ लोग तो बचे हुए चावल को सेहत के लिए फायदेमंद मानते हैं लेकिन क्या बासी चावल खाना सेहत के लिए अच्छा होता है? जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटीशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन के अनुसार, बासी चावल का सेवन कुछ खास तरीकों से किया जा सकता है, लेकिन रोजाना फ्रिज में रखे हुए बचे चावल या खाने को अपनी डाइट का हिस्सा बनाना सही नहीं है।
सुबह बचे हुए चावल खाना सेहत के लिए अच्छा है या नुकसानदायक?
डाइटीशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन के अनुसार, बासी चावल खाना हमेशा नुकसानदायक नहीं होता, लेकिन इसे खाने का तरीका सही होना चाहिए। पारंपरिक तरीके से तैयार किए गए पंता भात या पखाला भात के रूप में चावल का सेवन किया जा सकता है। इन डिश को बनाने के लिए पके हुए चावल को पानी में भिगोकर रखा जाता है और फिर सुबह खाया जाता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि रात के बचे हुए किसी भी चावल को बिना सावधानी के सुबह खा लेना चाहिए। चावल को किस तरह रखा गया है, कितनी देर तक रखा गया है और किस तापमान पर रखा गया है, ये सभी बातें भी पता होनी जरूरी हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या रात में चावल खाने से कफ बढ़ता है? आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से जानें
पंता भात होता है फायदेमंद
न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन बताती हैं कि पंता भात और पखाला भात चावल से बनने वाली पारंपरिक डिश हैं। इन्हें खासतौर पर पूर्वी भारत और ओडिशा, पश्चिम बंगाल जैसे क्षेत्रों में खाया जाता है। इन्हें बनाने के लिए पके हुए चावल में पानी मिलाकर रातभर के लिए रखा जाता है। इसके बाद सुबह इसे नमक, हरी मिर्च, प्याज या अन्य चीजों के साथ खाया जाता है। इस प्रोसेस में चावल में नेचुरल फर्मेंटेशन हो सकता है जो कि गट हेल्थ के लिए फायदेमंद साबित होता है। इस तरह से बासी चावल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
साल 2024 में Food and Humanity जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, रातभर भिगोकर बनाया जाने वाला पारंपरिक 'पंता भात' सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। चावल को रातभर पानी में रखने से इसमें लैक्टिक एसिड पैदा करने वाले अच्छे बैक्टीरिया पनपते हैं। इसके अलावा, इसमें आयरन, जिंक और मैग्नीशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व काफी बढ़ जाते हैं और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है। साधारण चावल की तुलना में शरीर को हेल्दी रखने, कुपोषण से लड़ने और ब्लड शुगर कंट्रोल करने में एक बेहतरीन और किफायती विकल्प साबित हो सकता है।
leftover rice healthy or unhealthy
बासी चावल खाने के नुकसान
डाइटीशियन अर्चना जैन के अनुसार, रोजाना फ्रिज में रखकर बचे हुए चावल या खाना खाने की आदत से बचना चाहिए। खासकर तब, जब चावल को पकाने के बाद लंबे समय तक कमरे के तापमान पर छोड़ दिया गया हो और फिर फ्रिज में रखा गया हो। दरअसल, पके हुए चावल में हानिकारक बैक्टीरिया भी पनप सकता है।
अगर चावल को लंबे समय तक सामान्य तापमान पर रखा जाए, तो बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं और टॉक्सिन बना सकते हैं। ऐसे चावल खाने से फूड पॉइजनिंग का खतरा हो सकता है। इसकी वजह से उल्टी, पेट दर्द, मरोड़ और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि चावल को दोबारा गर्म करने से कुछ बैक्टीरिया तो नष्ट हो सकते हैं, लेकिन पहले से बने टॉक्सिन जरूरी नहीं कि नष्ट हों।
इसे भी पढ़ें: पेट में गैस हो तो चावल खाएं या रोटी? जानें किससे पाचन होगा आसान
बचे हुए चावल खाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
डाइटीशियन अर्चना जैन सलाह देती हैं कि अगर आप रात के बचे हुए चावल सुबह खाना चाहते हैं, तो कुछ सावधानियां जरूर बरतें।
- चावल पकने के बाद उसे लंबे समय तक कमरे के तापमान पर न छोड़ें।
- बचे हुए चावल को जल्द से जल्द ठंडा करके साफ और ढके हुए कंटेनर में फ्रिज में रखें।
- चावल को फ्रिज में रखने के बाद भी लंबे समय तक स्टोर न करें।
- खाने से पहले चावल को अच्छी तरह गर्म करें।
- चावल में बदबू, चिपचिपापन या बदलाव नजर आए तो उसे न खाएं।
- कई दिनों तक रखे हुए बचे चावल का सेवन करने से बचें।
निष्कर्ष
सुबह बासी चावल खाना पूरी तरह गलत नहीं है, लेकिन इसे तैयार करने और स्टोर करने का तरीका बहुत जरूरी है। डाइटीशियन अर्चना जैन के मुताबिक, पंता भात या पखाला भात जैसे पारंपरिक तरीकों से तैयार चावल का सेवन किया जा सकता है, लेकिन रोजाना फ्रिज में रखे बचे हुए चावल या खाने को आदत बनाना सही नहीं है। खासतौर पर गलत तरीके से रखे चावल फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं। इसलिए चावल उतने ही बनाएं जो आप ताजे खा सकें, बासी खाने से बचना बेहतर होता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या बासी चावल खाने से पेट में गैस बनती है?
कुछ लोगों को बासी या फर्मेंटेड चावल खाने के बाद पेट फूलने और गैस की समस्या हो सकती है। यह व्यक्ति की पाचन क्षमता और चावल तैयार करने के तरीके पर निर्भर करता है।क्या गर्मियों में पंता भात खाना सही है?
पंता भात गर्मियों में खाया जाता है, लेकिन गर्म मौसम में चावल को गलत तरीके से रखने पर बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं। इसलिए इसकी साफ-सफाई और सुरक्षित तापमान का ध्यान रखना जरूरी है।क्या बासी चावल खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है?
अगर पके हुए चावल को लंबे समय तक सामान्य तापमान पर रखा जाए, तो उनमें बैक्टीरिया और टॉक्सिन बन सकते हैं। ऐसे चावल खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 03, 2026 16:19 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Archana Jain
