क्या केले के पत्ते पर खाना वाकई सेहत के लिए फायदेमंद है? जानिए वैज्ञानिक सच

कई लोग केले के पत्ते पर भोजन करना पसंद करते हैं। केले के पत्ते प्राकृतिक होते हैं और इस्तेमाल के बाद आसानी से सड़कर मिट्टी में मिल सकते हैं। प्लास्टिक के मुकाबले इनका इस्तेमाल पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। केले के पत्तों में पॉलीफेनॉल नाम के प्राकृतिक यौगिक पाए जाते हैं। ये एंटीऑक्सीडेंट गुणों के लिए जाने जाते हैं। इसलिए लोग यह मानते हैं कि केले के पत्ते पर भोजन करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। आइए जानते हैं कि क्या वाकई केले के पत्ते पर भोजन करना सेहतमंद है या नहीं? बेहतर जानकारी के लिए हमने Ayurveda Expert Dr. Shrey Sharma, Ramhans Charitable Hospital, Haryana से बात की।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण: क्या केले के पत्ते पर खाने की परंपरा वाकई स्वास्थ्यवर्धक है?
is-it-good-for-health-to-eat-on-banana-leaves
Ayurveda Expert Dr. Shrey Sharma ने बताया कि केले के पत्तों पर खाना खाने में कोई नुकसान नहीं है। ये पर्यावरण के अनुकूल होते हैं और अगर इनकी तुलना ठीक से साफ न किए गए बर्तनों से की जाए, तो ये बेहतर विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, इसके कोई खास स्वास्थ्य लाभ नहीं हैं।
साल 2025 में Biocatalysis And Agricultural Biotechnology में प्रकाशित एक स्टडी रिव्यू में केले के पत्तों में मौजूद बायोएक्टिव तत्वों का अध्ययन किया गया। इसमें पाया गया कि केले के पत्तों में पॉलीफेनॉल, फ्लेवोनॉइड्स और टैनिन अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं। इनके अर्क में एंटीऑक्सीडेंट और फंगस को बढ़ने से रोकने वाले गुण भी देखे गए। हालांकि, स्टडी रिव्यू में सेहत के लिए केले के पत्तों के फायदों का जिक्र नहीं है।
साल 2023 में Food Bioscience में प्रकाशित एक स्टडी में केले के पौधे के पोषण और औषधीय गुणों के बारे में बताया गया। स्टडी में यह भी बताया गया कि पारंपरिक चिकित्सा में केले के पौधे के अलग-अलग हिस्सों, जिनमें पत्ते भी शामिल हैं, का इस्तेमाल एंटीऑक्सीडेंट, बैक्टीरिया से लड़ने और सूजन कम करने वाले गुणों के लिए किया जाता रहा है। हालांकि, ये फायदे पत्तों के अर्क या पौधे के हिस्सों के सीधे सेवन से जुड़े हैं, न कि केवल केले के पत्ते पर खाना खाने से।
साल 2018 में Journal Of Ethnic Foods में प्रकाशित एक स्टडी रिव्यू में खाना परोसने के लिए पत्तों के लंबे समय से इस्तेमाल किए जाने की जानकारी दी गई। इसमें बताया गया कि पुराने समय से लोग पत्तों को खाना परोसने के लिए इस्तेमाल करते आए हैं। इस रिव्यू में यह भी बताया गया कि केले के पत्तों में पॉलीफेनॉल नाम के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। ये ऐसे तत्व हैं जो शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकते हैं। इसके सेहत संबंधी फायदों को लेकर पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- केले के पत्ते का जूस पीने के क्या फायदे हैं? एक्सपर्ट से जानें
प्लास्टिक के बर्तनों का बेहतर विकल्प है केले के पत्ते
is-it-healthy-to-eat-on-banana-leaf
केले के पत्ते का एक बड़ा फायदा पर्यावरण से जुड़ा है। ये प्राकृतिक रूप से मिलने वाले पत्ते हैं और इस्तेमाल के बाद आसानी से मिट्टी में मिल सकते हैं। इसके मुकाबले प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेट लंबे समय तक पर्यावरण में बनी रहती हैं। इसके अलावा, केले के पत्तों को इस्तेमाल करने के बाद धोने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे बर्तन धोने में इस्तेमाल होने वाले पानी और डिटर्जेंट की बचत हो सकती है। हालांकि, प्लास्टिक के मुकाबले इसका फायदा तभी है, जब पत्तों को साफ तरीके से इस्तेमाल किया जाए और सही तरह से निपटाया जाए।
केले के पत्ते पर भोजन करने से क्या नुकसान हो सकते हैं?
केले के पत्ते पर भोजन करने के कई नुकसान हो सकते हैं-
- अगर पत्ते पर मिट्टी, कीड़े, पशुओं का मल या दूसरी गंदगी लगी है, तो उससे भोजन दूषित हो सकता है। इसलिए बिना साफ किए पत्ते पर भोजन नहीं खाना चाहिए।
- खेती के दौरान केले के पौधों पर कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर पत्तों पर इनका अवशेष मौजूद है, तो भोजन के संपर्क में आने से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है।
- पुराने, सड़े हुए या फफूंद लगे पत्तों पर खाना नहीं परोसना चाहिए। इससे भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
यह भी पढ़ें- चुकंदर ही नहीं, इसके पत्ते भी हैं सेहत का खजाना, फेंकने से पहले जान लें 5 फायदे
केले के पत्ते पर खाना खाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
- हमेशा ताजे और हरे केले के पत्तों का इस्तेमाल करें।
- पत्ते को साफ बहते पानी से अच्छी तरह धोएं।
- पत्ते को साफ कपड़े से पोंछकर सुखा लें।
- फफूंद लगे, कटे-फटे या सड़े पत्तों का इस्तेमाल न करें।
- भोजन रखने से पहले पत्ते की सफाई और उसकी स्थिति जरूर जांच लें।
- इस्तेमाल किए हुए पत्ते पर दोबारा खाना न परोसें।
निष्कर्ष:
केले के पत्तों में एंटीऑक्सीडेंट और कई अन्य फायदेमंद तत्व जरूर होते हैं, लेकिन इन पर खाना खाने से शरीर को अतिरिक्त पोषण मिलता है, इसका अभी पुख्ता प्रमाण नहीं है। फिर भी साफ केले के पत्तों पर भोजन करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। केले के पत्ते अगर गंदे हैं, तो खाना दूषित हो सकता है। कीटनाशकों के इस्तेमाल के कारण पाचन संबंधी समस्या हो सकती है। फफूंद लगे पत्तों पर खाना नहीं परोसना चाहिए। इससे भोजन की गुणवत्ता खराब हो सकती है।
image credit: magnific
FAQ
क्या रोज केले के पत्ते पर खाना खा सकते हैं?
हां, अगर केले के पत्ते साफ हैं और उन्हें सही तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है, तो आप रोज भी उन पर खाना खा सकते हैं।हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि रोज केले के पत्ते पर भोजन करने से शरीर को अतिरिक्त पोषण मिलेगा।क्या केले के पत्ते में खाना लपेटकर पकाना फायदेमंद है?
हां, केले के पत्ते में खाना लपेटकर पकाने से भोजन की नमी और खुशबू बनी रहती है। इससे भोजन का स्वाद भी बेहतर हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 13:17 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Shrey Sharma