World AIDS Day 2026: सही ट्रीटमेंट मिलने पर HIV के मरीज कितनी लम्बी जिंदगी जी सकते हैं?

HIV एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसमें मरीज की इम्यूनिटी इतनी कमजोर हो जाती है कि जरा सी बीमारी उनके लिए जानलेवा हो जाती है। यही कारण है कि HIV को लेकर जरा भी लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। बहरहाल, लोगों के मन में यह सवाल जरूर होता है कि क्या HIV के मरीज अच्छे ट्रीटमेंट की मदद से कितनी लम्बी जिंदगी जी सकते हैं?
इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru कहते हैं, "सही इलाज और चिकित्सकीय देखभाल के साथ HIV से पीड़ित मरीज एक लम्बी, स्वस्थ और संतुष्ट जिंदगी जी सकता है। मौजूदा समय में चिकित्सकीय जगत इतना प्रबल हुआ है कि अगर समय रहते HIV का निदान हो जाए और इसका उचित प्रबंधन किया जाए, तो इसे तुरंत जानलेवा स्थिति नहीं माना जाता है।"
क्या HIV के मरीज लम्बी जिंदगी जी सकते हैं?

2013 में Current Opinion in Infectious Diseases जर्नल में प्रकाशित एक समीक्षा के अनुसार, अगर समय पर HIV का निदान हो जाए, सही दवाएं ले और जीवनभर नियमित रूप से इलाज जारी रखे, तो संक्रमित व्यक्ति HIV-नेगेटिव व्यक्ति के लगभग बराबर जिंदगी जी सकता है। अध्ययन में आगे यह भी बताया गया है कि बेहतर और लम्बी जिंदगी कई कारकों पर निर्भर होती है, जैसे HIV का शुरुआती चरण में पता लगना जरूरी हो।
HIV के मरीज लम्बी जिंदगी कैसे जी सकते हैं?
इस संबंध में Dr. Aravinda S N बताते हैं, "HIV के मरीजों की जीवन प्रत्याशा बढ़े, इसके लिए कई तरह की चीजों पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है। ध्यान रखें कि एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी HIV का मुख्य उपचार है। ये दवाइयां शरीर में वायरस को बढ़ने से रोककर उसे नियंत्रित करती हैं। शुरुआती पहचान और निरंतर उपचार के साथ, HIV से पीड़ित कई लोगों की जीवन प्रत्याशा स्वस्थ लोगों के बराबर हो सकती है। हालांकि, इस बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है कि मरीज की उम्र, समग्र स्वास्थ्य, संक्रमण के चरण और वह कितनी नियमितता से अपनी दवाइयां लेता है, जैसे कारकों पर निर्भर करती है।"
इसे भी पढ़ें: HIV और AIDS में क्या अंतर है? डॉक्टर से समझें इनके बीच मुख्य अंतर
किन बातों का रखें ध्यान?
अगर कोई HIV का मरीज है, तो उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जरा भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए और जीवन प्रत्याशा बढ़ाने के लिए क्या कर सकता है? Dr. Aravinda S N द्वारा दिए गए टिप्स को फाॅलो करें-
- डॉक्टर द्वारा बताई गई ART दवाइयां हर दिन नियमित रूप से लें।
- किसी भी हाल में इलाज बीच में न छोड़ें और न ही दवाएं मिस करें।
- दवाएं मिस होने से वायरस को फिर से बढ़ने का मौका मिल सकता है।
- दवा की खुराक मिस होने पर दवा के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सकती है, जिससे आगे का इलाज कठिन हो जाता है।
- नियमित ब्लड टेस्ट करवाएं, विशेष रूप से वायरल लोड और सीडी4 सेल काउंट टेस्ट।
- इन टेस्ट के जरिए डॉक्टरों को यह समझने में मदद मिलती है कि इलाज कितनी अच्छी तरह काम कर रहा है।
- जब ART, HIV को सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लेता है, तो वायरल लोड अनडिटेक्टेबल हो सकता है।
- अनडिटेक्टेबल वायरल लोड होने का मतलब है कि रक्त में वायरस की मात्रा इतनी कम हो गई है कि सामान्य जांच में इसका पता नहीं चल पाता।
- जो लोग अनडिटेक्टेबल वायरल लोड बनाए रखते हैं, वे यौन संपर्क के माध्यम से दूसरों को HIV संक्रमित नहीं करते हैं।
लम्बी जिंदगी जीने के लिए जीवनशैली में करें बदलाव
बेहतर और स्वस्थ जिंदगी जीने के लिए दवाइयों के साथ-साथ जीवनशैली में भी बदलाव किए जाने जरूरी हैं, जैसे-
- नियमित रूप से संतुलित आहार का सेवन करें।
- रोजाना पर्याप्त नींद लें। देर रात जगने का स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है।
- शराब, स्मोकिंग जैसी बुरी आदतों से दूर रहें।
- नियमित रूप से एक्सरसाइज करें।
- HIV मरीजों को नियमित रूप से मेडिकल चेक-अप भी करवाना चाहिए।
- टीकाकरण को लेकर अपडेट रहना भी जरूरी है।
- अपने सपोर्टिव दोस्तों और परिजनों के साथ रहें।
- डर, सामाजिक भेदभाव, चिंता के कारण तनाव होने लगता है। इससे बचने के लिए काउंसलर की मदद लें।
इसे भी पढ़ें: 7 किस्म के सेक्शुअली ट्रांसमिटेड इंफेक्शन से जुड़े मिथक जिन पर लोग आज भी करते हैं यकीन, डॉक्टर से जानें इनकी सच्चाई
एक्सपर्ट की सलाह
HIV सिर्फ एक स्वास्थ्य समस्या नहीं है, बल्कि लोगों के मन में इसके प्रति काफी डर, चिंता, भय और शर्मिंगदी होती है। इसलिए, इसके मरीज अपनी बीमारी का खुलासा आस-पास कहीं नहीं करते हैं। खुद ही खुद बीमारी से डील करने में अक्सर तनाव बढ़ जाता है, जो कि मरीज के स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है। अपनी जीवन प्रत्याशा बढ़ाने के लिए जरूरी है कि आप नियमित रूप से अपना इलाज कराएं, समय-समय पर जांच करवाएं, स्वस्थ जीवनशैली जिएं और अपने परिवारों के साथ अच्छे-बुरे पल साझा करें।
निष्कर्ष
HIV गंभीर समस्या है, फिर भी इस बीमारी के मरीज स्वस्थ और लम्बी जिंदगी जी सकते हैं। हालांकि, इसके लिए सही ट्रीटमेंट और डाॅक्टर के परामर्श को फाॅलो करना जरूरी होता है। साथ ही, जीवनशैली की स्वस्थ आदतें भी बहुत मायने रखती हैं। ध्यान रखें कि अगर कभी भी स्वास्थ्य समस्या बढ़ जाए, तो तुरंत डाॅक्टर के पास जाएं और अपना इलाज करवाएं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या HIV पॉजिटिव कपल स्वस्थ और HIV-नेगेटिव बच्चे को जन्म दे सकते हैं?
हां, नियमित एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी (ART) और डॉक्टर की देखरेख में गर्भावस्था व प्रसव के दौरान सही दवाइयां लेने से बच्चे में HIV संक्रमण का खतरा 1% से भी कम रह जाता है।HIV संक्रमण होने के कितने समय बाद एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी (ART) शुरू कर देनी चाहिए?
विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देशों के अनुसार, HIV पॉजिटिव पाए जाने के तुरंत बाद (चाहे CD4 काउंट कुछ भी हो) ART इलाज शुरू कर देना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 28, 2026 17:49 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr. Aravinda S N