कई बार लोगों को हाथों में सुन्नपन या झनझनाहट जैसा महसूस होता है, जो एक आम समस्या हो सकती है। लंबे समय तक हाथ को एक जगह रखने, सोते समय नस दबने, हाथ पर दबाव पड़ने और कई अन्य कारणों से व्यक्ति को ऐसा महसूस हो सकता है, लेकिन हाथों में बार-बार होने वाले सुन्नपन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह समस्या कब गंभीर हो सकती है और कब इसको नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, यह लोगों के लिए जानना जरूरी हो जाता है। ऐसे में आइए Dr. Pooja Pillai, Consultant - Internal Medicine, Aster CMI Hospital, Bengaluru से इस बारे में जानें।
हाथों की सुन्नपन को कब न करें नजरअंदाज?
डॉ. पूजा के अनुसार, "हाथों में बार-बार होने वाले सुन्नपन को तब नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, जब यह अक्सर हो, लंबे समय तक रहे, बढ़ती जाए, नींद से जगा दे, पकड़ कमजोर कर दे या चीजें हाथ से छूटने लगें या इसके साथ दर्द, जलन या कमजोरी महसूस हो। ऐसा नर्व कम्प्रेशन (जैसे कार्पल टनल सिंड्रोम), गर्दन की समस्याओं, डायबिटीज, विटामिन की कमी या नसों से जुड़ी अन्य स्थितियों के कारण हो सकता है।"
साल 2024 में The Anatolian Journal Of Cardiology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, हाथों या उंगलियों में थोड़ी देर के लिए सुन्नपन या झनझनाहट होना, इसको पैरेस्टेसिया कहते हैं। सुन्नपन होना एक आम शिकायत है। कलाई की एंजियोग्राफी के बाद थोड़ी देर के लिए हाथ या उंगलियों में सुन्नपन या झनझनाहट होना आम बात है और इसके पीछे किसी गंभीर नर्व (तंत्रिका) की चोट होने की संभावना बहुत कम होती है।
इसे भी पढ़ें: गर्दन दर्द के साथ हाथों में होती है झुनझुनी? भूलकर भी न करें नजरअंदाज
पकड़ कमजोर होना है गंभीर संकेत
हाथों में सुन्नपन के साथ अगर पकड़ कमजोर होने लगे या किसी चीज को पकड़ने में परेशानी हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सुन्नपन के साथ हाथों के कमजोर होने की समस्या गंभीर हो सकती है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से तुरंत सलाह लें।
frequent hand numbness doctor explains when you should not ignore this symptom 1
किन समस्याओं से हो सकता है हाथों में सुन्नपन?
डॉ. पूजा आगे कहती हैं, हाथों में बार-बार सुन्नपन होने की समस्या कई कारणों से हो सकती है। इनमें गर्दन से निकलने वाली नसों से जुड़ी समस्या, डायबिटीज, विटामिन्स की कमी, अन्य तंत्रिका संबंधी समस्याएं, नस दबने, कलाई की नस पर दबाव पड़ने की स्थिति, जिसको कार्पल टनल सिंड्रोम कहा जाता है। इसमें खासकर हाथ और उंगलियों में झनझनाहट, सुन्नपन या दर्द हो सकता है।
अचानक होने वाली सुन्नपन से रहें सावधान
डॉ. पूजा कहती हैं, अगर सुन्नपन अचानक शुरू हो जाए, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं, खासकर अगर यह शरीर के एक हिस्से को प्रभावित करे या इसके साथ चेहरे का एक तरफ झुकना, बोलने में परेशानी, उलझन, तेज चक्कर आने, चलने में परेशानी, देखने में बदलाव या अचानक कमजोरी जैसे लक्षण हों, क्योंकि ये स्ट्रोक के चेतावनी संकेत हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या तनाव के कारण बिना नसों को नुकसान हुए भी हाथों में सुन्नपन या झुनझुनी की समस्या हो सकती है?
चोट के बाद सुन्नपन को भी न करें नजरअंदाज
डॉ. पूजा के अनुसार, इसी तरह, गंभीर चोट के बाद अचानक सुन्नपन, तेज सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी के साथ सुन्नपन होने पर तुरंत मेडिकल जांच की जरूरत होती है। इसके पीछे कई गंभीर कारण हो सकते हैं। ऐसे में जांच कराने से किसी भी गंभीर स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके।
सिर्फ घेरलू उपायों पर न रहे निर्भर
डॉ. पूजा कहती हैं, हाथों की मालिश करने या स्थिति बदलने से अगर थोड़ी देर के लिए सुन्नपन कम हो जाता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि समस्या पूरी तरह खत्म हो गई। अगर लक्षण बार-बार वापस आ रहे हैं, तो इसके कारण की जांच करना जरूरी है। खासकर तब जब सुन्नपन का पैटर्न बदल रहा हो या इसके साथ कमजोरी, तालमेल की कमी, दर्द या संवेदना (sensation) में कमी हो।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. पूजा बताती हैं, अगर बिना किसी साफ कारण के सुन्नपन बार-बार होता रहे, तो डॉक्टर से तुरंत सलाह लेनी चाहिए। इस स्थिति में डॉक्टर आपकी नसों, ब्लड सर्कुलेशन, गर्दन और रीढ़ की हड्डी, ब्लड शुगर और विटामिन के स्तर की जांच कर सकते हैं और तंत्रिका तंत्र संबंधी समस्या महसूस होने पर नर्व टेस्ट या इमेजिंग की सलाह भी दे सकते हैं।
निष्कर्ष
हाथों में कभी-कभी थोड़े समय के लिए सुन्नपन होना आम कारणों से हो सकता है, लेकिन बार-बार होने वाली, लंबे समय तक रहने वाली या बढ़ती हुई सुन्नपन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकती है, जिस पर ध्यान देना जरूरी है। खासकर कमजोरी, पकड़ कम होने, दर्द, जलन या सेंसेशन कम होने जैसे लक्षणों के साथ हो। इस स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
वहीं, अचानक एक तरफ सुन्नपन के साथ चेहरे का झुकना, बोलने में परेशानी, चलने में परेशानी या अचानक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। ये गंभीर स्थिति के संकेत हो सकते हैं।
All Images Credit- Freepik
FAQ
हाथों में सुन्नपन के क्या कारण हैं?
शरीर में विटामिन्स की कमी, डायबिटीज, गलत पोजीशन में बैठने या सोने, थायराइड, दवाइयों के साइड इफेक्ट, सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस और नस दबने जैसे कारणों से व्यक्ति को हाथों में सुन्नपन होने की समस्या हो सकती है।किस विटामिन की कमी से हाथ कांपने लगते हैं?
शरीर में विटामिन बी12, विटामिन बी6, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों की कमी के कारण हाथ कांपने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 26, 2026 18:32 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Pooja Pillai
