वर्कआउट करने से पहले क्या खाना चाहिए, इसके बारे में सभी लोग बताते हैं, लेकिन क्या नहीं खाना चाहिए? इस पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता, इसलिए कई बार जिम या एक्सरसाइज से पहले कुछ ऐसे फूड्स खा लिए जाते हैं, जिससे पेट में भारीपन, गैस, एसिडिटी या सुस्ती महसूस होने लगती है। इसका असर वर्कआउट पर भी पड़ सकता है। जिम जाने से पहले जिन फूड्स को नहीं लेना चाहिए (Pre-workout foods to avoid) इसके बारे में Meena Kumari, Chief Dietician - Dietetics, Sarvodaya Hospital, Faridabad ने बताया कि वर्कआउट से पहले परहेज करना जरूरी है, ताकि वर्कआउट का ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके।
जिम जाने से पहले भूलकर भी न खाएं ये 6 चीजें
American Diabetes Association (ADA) के मुताबिक, अक्सर लोग वर्कआउट करने से पहले या बाद में यह सोचकर अतिरिक्त स्नैक्स खा लेते हैं कि उन्होंने कसरत की है, जिससे वजन घटने के बजाय रुक जाता है।
Chief Dietician Meena Kumari ने कहा, “ अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि पिछले एक साल से वर्कआउट कर रहे हैं, लेकिन वजन कम नहीं हो रहा या फिर वर्कआउट करते समय पेट की समस्या होने लगती है। दरअसल, जिम या वर्कआउट से पहले वे अपने खाने पर गौर नहीं करते। क्या खाना चाहिए, इसका तो पता होता है, लेकिन क्या नहीं खाना चाहिए, इसकी जानकारी न होने के कारण ऐसी समस्या हो सकती है। इसलिए कुछ फूड्स जिम या वर्कआउट से पहले बिल्कुल नहीं लेने चाहिए।”
1. ज्यादा फाइबर वाला खाना
Chief Dietician Meena Kumari का कहना है, “वर्कआउट से पहले बहुत ज्यादा फाइबर वाला फूड नहीं खाना चाहिए, क्योंकि फाइबर को पचने में समय लगता है और ऐसे में एक्सरसाइज के दौरान लगातार मूवमेंट्स करने से पेट में ऐंठन या भारीपन महसूस हो सकता है। जिम जाने से पहले बींस, दाल, ब्रोकोली, पत्तागोभी जैसे हाई फाइबर फूड्स को लेने से बचना चाहिए। बींस जैसे फूड्स में ऐसे कार्बोहाइड्रेट भी होते हैं जो आंतों में गैस और ब्लोटिंग बढ़ा सकते हैं। इसलिए अगर वर्कआउट के दौरान पेट फूलने की शिकायत हो, तो एक्सरसाइज से पहले हाई फाइबर वाले खाने से बचना बेहतर रहता है।”
2. बहुत ज्यादा फैट वाला खाना
Meena Kumari ने कहा, “मैंने कई लोगों को देखा है कि बर्गर, फ्राइड फूड, चीज, ढ़ेर सारे मेवे या नट बटर खाने के बाद जिम में वर्कआउट करने चले जाते हैं। उनका मानना होता है कि ज्यादा फैट खा लिया है, तो अब एक्सरसाइज करके इसे बर्न किया जाए। दरअसल, फैट पाचन की प्रक्रिया को धीमा करता है। ऐसे में अगर वर्कआउट से पहले बहुत ज्यादा ऑयली या फैटी फूड खाने से एक्सरसाइज करते समय पेट भारी लग सकता है और शरीर सुस्त महसूस कर सकता है। इसलिए इसलिए जिम जाने से कुछ देर पहले बहुत तला-भुना या भारी खाना खाने के बजाय हल्के स्नैक्स चुनने चाहिए।”
3. बहुत मसालेदार खाना
Chief Dietician Meena Kumari ने बताया कि वर्कआउट से पहले बहुत मसालेदार खाना पेट में परेशानी पैदा कर सकता है। अगर किसी को पहले से एसिडिटी या हर्टबर्न की समस्या रहती हैं, तो एक्सरसाइज के दौरान जैसे ही शरीर मूवमेंट करता है, तो उन्हें सीने में जलन, खट्टी डकार या पेट के ऊपरी हिस्से में असहजता हो सकती है। इसलिए वर्कआउट से पहले मसालेदार खाना नहीं खाना चाहिए।
foods to avoid before workout
यह भी पढ़ें- क्या फैट बर्न करने के लिए ब्लैक कॉफी सबसे अच्छी प्री-वर्कआउट ड्रिंक है? एक्सपर्ट से जानें
4. बहुत ज्यादा रिफाइंड शुगर
Meena Kumari के अनुसार, कुछ लोग वर्कआउट से पहले मीठा खाते हैं, ताकि उन्हें एनर्जी महसूस हो सके, लेकिन बहुत ज्यादा चीनी वाले फूड्स वर्कआउट से पहले लेने से मना किया जाता है। खासतौर पर जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उन्हें वर्कआउट से पहले बहुत ज्यादा मीठा जैसे चॉकलेट्स नहीं खानी चाहिए। अगर प्री-वर्कआउट से पहले कुछ खाना ही है, तो सिर्फ मीठा लेने के बजाय बहुत हल्का बैलेंस्ड ऑप्शन चुनना चाहिए।
5. सोडे वाले ड्रिंक्स
Chief Dietician Meena Kumari ने कहा, “कुछ लोग एनर्जी ड्रिंक के नाम पर सोडे वाले ड्रिंक लेने लगते हैं, लेकिन यह वर्कआउट से पहले पेट को परेशान कर सकते हैं। इन ड्रिंक्स में मौजूद कार्बोनेटेड पेट में गैस और ब्लोटिंग बढ़ा सकते हैं। ऐसे ड्रिंक्स लेने के बाद एक्सरसाइज के दौरान मतली, डकार या पेट में परेशानी हो सकती है।”
6. बहुत ज्यादा डेयरी प्रोडक्ट्स लेना
Meena Kumari कहती हैं, “दूध, क्रीम और पनीर जैसे हैवी डेयरी फूड्स वर्कआउट से पहले लेना भारी पड़ सकता है। इससे वर्कआउट के दौरान पेट में दर्द और गैस या पेट खराब होने की समस्या हो सकती है। अगर किसी को लैक्टोजेन इनटोलरेंस है, तो उन्हें एक्सपर्ट से सलाह लेनी चाहिए। जिन लोगों को डेयरी प्रोडक्ट्स से समस्या नहीं है, लेकिन ज्यादा डेयरी प्रोडक्ट्स पोस्ट वर्कआउट लिए जा सकते हैं।”
जिम शुरू करने से कितनी देर पहले और क्या खाना सही है?
Meena Kumari का कहना हैं, “हर किसी के लिए वर्कआउट से पहले खाने का समय अलग-अलग हो सकता है, क्योंकि खाने का समय वर्कआउट इनटेंसिटी, कितना समय एक्सरसाइज कर रहे हैं और डाइजेशन पर निर्भर करता है। वैसे एक्सरसाइज करने से 2 से 3 घंटे पहले खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है। इस मील में प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट दोनों प्रचुर मात्रा में होने चाहिए। अगर 2 से 3 घंटे पहले मुमकिन नहीं है और वर्कआउट करने में सिर्फ आधा घंटा ही बचा है, तो बहुत ही हल्का और आसानी से पचने वाले स्नैक्स लेने चाहिए।”
क्या खाली पेट वर्कआउट किया जा सकता है?
Meena Kumari के अनुसार, अगर वजन कम करना है, तो हर वर्कआउट से पहले खाना जरूरी नहीं है। ADA के मुताबिक, कुछ लोगों के लिए भोजन के कुछ घंटे बाद एक्सरसाइज करने से शरीर में जमा फ्यूल का ज्यादा इस्तेमाल हो सकता है। इसके साथ यह भी ध्यान रखना चाहिए कि खाली पेट वर्कआउट करना हर व्यक्ति के लिए बेहतर नहीं हो सकता। अगर किसी को खाली पेट एक्सरसाइज करने पर कमजोरी, चक्कर या असहजता महसूस होती है, तो वे वर्कआउट से पहले हल्के स्नैक्स ले सकते हैं।
निष्कर्ष
वर्कआउट करने से पहले हैवी मील या भरपेट भोजन न करें। इससे एक्सरसाइज करते समय पेट दर्द या ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। इसलिए जिम जाने से पहले हल्का और बैलेंस्ड फूड ही लें, ताकि पेट में असहजता न हो और आसानी से वर्कआउट किया जा सके।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या जिम जाने से ठीक पहले पेट भरकर प्रोटीन शेक या हैवी खाना खाना सही है?
वर्कआउट से ठीक पहले भारी खाना या भारी प्रोटीन शेक पीने से डायजेशन सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। हैवी मील वर्कआउट से 2 से 3 घंटे पहले और हल्का स्नैक एक्सरसाइज से 30 से 45 मिनट पहले लेना चाहिए।क्या वर्कआउट से पहले बहुत ज्यादा पानी पीने से नुकसान होता है?
वर्कआउट से ठीक पहले एक साथ बहुत सारा पानी पीने से पेट भर जाता है और वर्कआउट करते समय उल्टी जैसा लगना और साइड में तेज दर्द होने लगता है। पानी सिप-सिप करके पीना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 29, 2026 17:21 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dt Meena Kumari
