Thu Nov 26, 2026 | 07:22 PM IST

Medically Reviewed by Dr Shrey Sharma , BAMS

पेट साफ नहीं होता और महसूस होता है भारीपन? राहत दिला सकते हैं ये 7 आयुर्वेदिक उपाय

सुबह उठने के बाद पेट साफ न होना, बार-बार टॉयलेट जाने की इच्छा होना या मल त्याग के बाद भी पेट भरा हुआ महसूस होना कब्ज के लक्षण हो सकते हैं। जानें 7 आयुर्वेद‍िक उपाय जो इन समस्‍याओं से राहत द‍िला सकते हैं। 
पेट साफ नहीं होता और महसूस होता है भारीपन? राहत दिला सकते हैं ये 7 आयुर्वेदिक उपायAyurvedic remedies to relieve constipation 

कई बार व्यक्ति रोजाना टॉयलेट जाता है, लेकिन फिर भी उसे लगता है कि पेट पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। इसके कारण पेट में भारीपन, गैस, सूजन और बेचैनी महसूस हो सकती है। आयुर्वेद में कब्ज को मुख्य रूप से वात दोष के असंतुलन से जोड़कर देखा जाता है। आयुर्वेद में कुछ जड़ी-बूटियों और घरेलू उपायों का इस्तेमाल मल त्याग को आसान बनाने के लिए किया जाता रहा है। इनमें त्रिफला, इसबगोल, हरड़ और सौंफ जैसी चीजें शामिल हैं। आइए जानते हैं पेट साफ न होने और भारीपन की समस्या से राहत पाने के लिए कौन से 7 आयुर्वेदिक उपाय असरदार हो सकते हैं? बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने Ayurveda Expert Dr. Shrey Sharma, Ramhans Charitable Hospital, Haryana से बात की।

1. हरड़ का सेवन कर सकते हैं

आयुर्वेद में हरड़ (हरीतकी) का इस्तेमाल पाचन से जुड़ी समस्याओं और कब्ज में किया जाता है। इसे हल्के मल त्याग में असरदार माना जाता है। हरड़ में मौजूद कुछ प्राकृतिक तत्व पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। डॉक्‍टर की सलाह पर हरड़ के चूर्ण का सेवन कर सकते हैं। डॉक्‍टर की सलाह पर हरड़ का पाउडर, गुनगुने पानी के साथ भी ले सकते हैं। हरड़ का सेवन पाचन और छोटी आंत के ल‍िए फायदेमंद माना जाता है। यह छोटी आंत के स्‍ट्रक्‍चर को नुकसान नहीं पहुंचाता है।

साल 2019 में Avicenna Journal Of Phytomedicine में प्रकाशित एक क्लिनिकल ट्रायल में हरड़ के साथ सौंफ, लौंग, हरी किशमिश, सेना और अन्य जड़ी-बूटियां शामिल थीं। परिणाम में हर्बल मिश्रण लेने वाले समूह में मल त्याग की आवृत्ति बढ़ी और मल त्याग के दौरान जोर लगाने की समस्या कम हुई।

यह भी पढ़ें- पेट साफ करने के आसान घरेलू उपाय जानें एक्सपर्ट से, सुबह की कब्ज से मिलेगा छुटकारा

2. त्र‍िफला

triphala-for-constipation

Ayurveda Expert Dr. Shrey Sharma के अनुसार, त्रिफला को तीन फलों आंवला, हरड़ और बहेड़ा को मिलाकर तैयार किया जाता है। आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल पाचन संबंधी समस्याओं और कब्ज से राहत पाने के लिए किया जाता है। त्रिफला पाउडर का सेवन गुनगुने पानी के साथ कर सकते हैं या त्र‍िफला चूर्ण का सेवन कर सकते हैं।

साल 2018 में Chinese Medicine में प्रकाश‍ित एक लेख के अनुसार, त्र‍िफला बड़ी आंत में मल को आगे बढ़ाने और बाहर निकालने की प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद करता है। स्‍टडी में बताया गया क‍ि एक हफ्ते बाद मल त्याग की आवृत्ति में 64.4% की बढ़ोतरी हुई।

3. इसबगोल

इसबगोल कब्ज की समस्या में इस्तेमाल होने वाला एक लोकप्रिय प्राकृतिक फाइबर है। इसे प्लांटैगो ओवाटा नाम के पौधे के बीजों के छिलकों से तैयार किया जाता है। इसमें घुलनशील फाइबर होता है, जो पानी को सोखकर जेल जैसा पदार्थ बनाता है। यह मल में पानी की मात्रा बढ़ाकर उसे नरम और भारी बनाने में मदद कर सकता है। इससे मल त्याग करना आसान हो सकता है। इसबगोल का सेवन पर्याप्त पानी के साथ करें। इसे सूखा न निगलें। पर्याप्त पानी न पीने पर परेशानी बढ़ सकती है।\

यह भी पढ़ें- क्या 2 दिन तक पॉटी नहीं हुई? डॉक्टर से जानें कब सामान्य कब हो सकती है कब्ज

4. अंजीर

अंजीर में फाइबर पाया जाता है, जो मल को नरम बनाने और मल त्याग को आसान करने में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद फाइबर, कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद करता है। रात में 1 से 2 सूखे अंजीर पानी में भिगो दें। सुबह इन्हें अच्छी तरह चबाकर खा सकते हैं। डायबिटीज के मरीज अंजीर की मात्रा का ध्यान रखें।

5. रातभर भिगोई हुई किशमिश खाएं

किशमिश में फाइबर पाया जाता है, जो मल त्याग को आसान बनाने में मदद कर सकता है। किशमिश को पानी में भिगोकर खाने से यह नरम हो जाती है और चबाने में आसान होती है। आयुर्वेद में भी किशमिश का इस्तेमाल पाचन संबंधी समस्याओं में किया जाता है। रात को थोड़ी मात्रा में किशमिश पानी में भिगो दें। सुबह इसे अच्छी तरह चबाकर खा सकते हैं। इसके साथ पर्याप्त पानी पिएं।

6. सौंफ का सेवन करें

सौंफ का इस्तेमाल माउथ फ्रेशनर के रूप में किया जाता है। आयुर्वेद में इसे पाचन संबंधी परेशानियों में भी इस्तेमाल किया जाता है। सौंफ का इस्‍तेमाल गैस, पेट फूलने और अपच जैसी परेशानियों में किया जाता है। सौंफ को भोजन के बाद थोड़ी मात्रा में चबा सकते हैं या हल्की सौंफ की चाय बनाकर पी सकते हैं।

7. गुनगुना पानी पिएं

आयुर्वेद में सुबह गुनगुना पानी पीने की सलाह दी जाती है। इसे पाचन तंत्र के लिए अच्छा माना जाता है। पर्याप्त पानी पीने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती और मल को नरम रखने में मदद मिल सकती है। सुबह उठने के बाद एक गिलास गुनगुना पानी पी सकते हैं।

पेट साफ रखने के लिए आयुर्वेद के अनुसार दिनचर्या में करें ये बदलाव

खाने में फाइबर बढ़ाएं

डाइट में पपीता, अमरूद, सेब, नाशपाती, हरी सब्जियां, दालें और साबुत अनाज शामिल करें। फाइबर मल की मात्रा बढ़ाने और उसे आसानी से बाहर निकालने में मदद करता है।

भोजन को अच्छी तरह चबाकर खाएं

आयुर्वेद में भोजन को अच्छी तरह चबाकर खाने की सलाह दी जाती है। जब आप खाने को बिना चबाए जल्दी-जल्दी निगल लेते हैं, तो पाचन प्रक्रिया पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। अच्छी तरह चबाने से भोजन छोटे टुकड़ों में टूट जाता है, जिससे पेट के लिए उसे पचाना आसान हो सकता है।

रोजाना एक निश्चित समय पर भोजन करें

सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना लगभग एक ही समय पर करें। आयुर्वेद के अनुसार, दोपहर के समय पाचन अग्नि अधिक सक्रिय मानी जाती है, इसलिए इस समय मुख्य भोजन करना बेहतर माना जाता है। रात का खाना बहुत देर से खाने से बचें।

कच्चे सलाद की जगह हल्का स्टीम किया हुआ सलाद खाएं

पेट फूलने, गैस बनने या भारीपन महसूस होने की समस्या रहती है, तो कच्चे सलाद की जगह हल्का स्टीम किया हुआ सलाद खा सकते हैं। आयुर्वेद में कच्ची और ठंडी चीजों को वात बढ़ाने वाला माना जाता है। विशेष रूप से वात प्रकृति वाले लोगों या वात असंतुलन की समस्या से परेशान लोगों को कच्ची सब्जियां खाने पर गैस और पेट फूलने जैसी समस्‍याएं महसूस हो सकती हैं।

न‍िष्‍कर्ष:

पेट साफ नहीं होता और भारीपन महसूस होता है, तो हरड़, त्र‍िफला, इसबगोल, अंजीर, रातभर भिगोई हुई किशमिश खाएं, सौंफ और गुनगुने पानी का सेवन करें। पेट साफ रखना चाहते हैं, तो खाने में फाइबर की मात्रा को बढ़ाएं, भोजन को अच्‍छी तरह से चबाकर खाएं, रोजाना एक निश्चित समय पर भोजन करें और कच्चे सलाद की जगह हल्का स्टीम किया हुआ सलाद खाएं।

image credit: magnific

FAQ

  • पेट साफ करने के लिए कौन से योगासन करने चाहिए?

    पेट साफ करने के लिए पवनमुक्तासन, मालासन, वज्रासन और भुजंगासन जैसे योगासन कर सकते हैं। 
  • कब्ज होने पर क्या नहीं खाना चाहिए?

    कब्ज की समस्या में मैदा, चिप्स, फास्ट फूड, अधिक तले-भुने खाद्य पदार्थ और कम फाइबर वाले प्रोसेस्ड फूड का सेवन सीमित करना चाहिए।

Read Next

बार-बार हो जाता है पेचिश? इन 5 घरेलू उपाय से ठीक होगी समस्या

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 26, 2026 18:04 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Shrey Sharma