गलत खान-पान, खराब लाइफस्टाइल और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण कई लोगों के शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या काफी आम बन चुकी है। जब शरीर में प्यूरिन का टूटना बढ़ जाता है और किडनी अतिरिक्त यूरिक एसिड को ठीक से बाहर नहीं निकाल पाती, तो खून में यूरिक एसिड का लेवल बढ़ने लगता है। इसके कारण जोड़ों में दर्द, गठिया और एड़ियों में चुभन जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में कई लोगों का मानना है कि यूरिक एसिड को कम करने में लहसुन का सेवन फायदेमंद होता है। आइए Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं कि लहसुन खाने से क्या सच में यूरिक एसिड कम होता है?
क्या लहसुन यूरिक एसिड को कम करने में मददगार है?
हां, लहसुन खाने से यूरिक एसिड के लेवल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है, लेकिन यह यूरिक एसिड का कोई परमानेंट इलाज नहीं है। Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि लहसुन में कई ऐसे बायोएक्टिव कंपाउंड्स पाए जाते हैं, जो शरीर की मेटाबोलिक हेल्थ को सुधारते हैं। लहसुन में सूजन कम करने और डिटॉक्सिफाइंग गुण होते हैं, जो यूरिक एसिड के मरीजों के लिए फायदेमंद साबित होते हैं।
साल 2022 में Life जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, लहसुन में मौजूद एक्टिव कंपाउंड्स शरीर में यूरिक एसिड का निर्माण करने वाले एंजाइमों को बाधित करने में मदद करते हैं। ताजे लहसुन में एस-एलील-एल-सिस्टीन, अजोएन और ऑलियन जैसे कंपाउंड्स होते हैं। एस-एलील-एल-सिस्टीन जैंथिन ऑक्सीडेज (Xanthine Oxidase) एंजाइम को अवरुद्ध करके यूरिक एसिड के लेवल को कम करता है। इसके अलावा, अजोएन भी यूरिक एसिड बनाने वाले एंजाइमों को रोकने में प्रभावी है।
इसे भी पढ़ें: हाई यूरिक एसिड के मरीज पिएं ये 5 जूस? खुद एक्सपर्ट ने बताए हैं फायदे
लहसुन यूरिक एसिड के मरीजों के लिए कैसे काम करता है?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, लहसुन में मौजूद औषधीय तत्व शरीर पर कई तरह से असर डालते हैं, जैसे-
- एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण- यूरिक एसिड बढ़ने पर जोड़ों में क्रिस्टल जमा होने लगते हैं, जिससे जोड़ों में तेज सूजन और दर्द होता है। लहसुन में मौजूद एलिसिन (Allicin) नाम के तत्व में शक्तिशाली एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो जोड़ों की सूजन और दर्द को कम करने में मदद करते हैं।
- किडनी फंक्शन में सुधार- लहसुन शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है। यह किडनी के कामकाज को सपोर्ट करता है ताकि वह ब्लड से यूरिक एसिड को सही तरीके से फिल्टर कर सके।
- एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर- यूरिक एसिड के मरीजों के शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ जाता है। लहसुन में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स सेल्स को सुरक्षित रखते हैं और मेटाबोलिज्म को बूस्ट करते हैं।
Garlic-For-Uric-Acid
लहसुन खाने का सही तरीका क्या है?
Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, अगर आप यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए लहसुन का सेवन करना चाहते हैं तो इसे खाने का तरीका बहुत मायने रखता है-
- कच्चा लहसुन- सुबह खाली पेट 1 या 2 कच्ची लहसुन की कलियों को छीलकर चबाना सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। चबाने से इसमें मौजूद एलिसिन एक्टिवेट होता है।
- कुचलकर खाना- लहसुन को छीलकर और हल्का सा कूटकर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें, उसके बाद इसका सेवन करें। ऐसा करने से लहसुन में मौजूद औषधीय गुण बढ़ जाते हैं।
- भोजन में इस्तेमाल- दाल, सब्जी या सूप में लहसुन का तड़का लगाकर भी इसका नियमित सेवन किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: यूरिक एसिड कम होने में कितना समय लगता है? डॉक्टर से जानें
क्या लहसुन खाने से कोई नुकसान भी हो सकता है?
Dr. Akshay Chugh बताती हैं कि यूरिक एसिड कम करने के लिए लहसुन का सेवन फायदेमंद होता है, लेकिन फिर भी इसे खाने के दौरान कुछ सावधानियां बरतनी जरूरी है, जैसे-
- ज्यादा न खाएं- जरूरत से ज्यादा कच्चा लहसुन खाने से पेट में जलन, एसिडिटी, बदहजमी या मुंह से बदबू की समस्या हो सकती है। इसलिए, रोजाना 1 से 2 कलियां लहसुन खाना काफी हैं।
- ब्लड पतला करने वाली दवाएं- अगर आप खून पतला करने की दवाइयां ले रहे हैं तो बहुत ज्यादा मात्रा में लहसुन खाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, क्योंकि लहसुन भी नेचुरल तरीके से खून को पतला करता है।
निष्कर्ष
लहसुन खाना यूरिक एसिड को कंट्रोल करने का एक बेहतरीन उपाय है, लेकिन यह अकेले ही बढ़े हुए यूरिक एसिड को ठीक नहीं कर सकता है। अगर आप यूरिक एसिड को स्थायी रूप से कंट्रोल रखना चाहते हैं तो लहसुन खाने के साथ दिनभर में कम से कम 2.5 से 3 लीटर पानी पिएं, प्यूरिन से भरपूर चीजों का सेवन कम करें और नियमित रूप से वॉक और योग करें। अगर आपके जोड़ों में तेज दर्द रहता है या यूरिक एसिड का लेवल लगातार हाई बना हुआ है तो सिर्फ घरेलू नुस्खों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
यूरिक एसिड को ठीक करने का सबसे तेज तरीका क्या है?
यूरिक एसिड को तेजी से कम करने का सबसे असरदार तरीका है भरपूर मात्रा में पानी पीना, प्यूरीन से भरपूर फूड्स खाने से बचना और डॉक्टर की सलाह से दवा का सेवन करना।क्या पैदल चलने से यूरिक एसिड कम होता है?
हां, नियमित रूप से तेज पैदल चलने से वजन कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है और शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार होता है, जिससे यूरिक एसिड नेचुरल तरीके से कम होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 30, 2026 10:39 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
