Sat Oct 31, 2026 | 01:36 PM IST

Medically Reviewed by Dr Akhilesh Rathi , Orthopaedic and Joint Replacement Surgeon

घुटनों में दर्द होने पर भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, वरना उठना-बैठना हो जाएगा मुश्किल

घुटनों के दर्द में अक्सर लोग कुछ गलतियां कर बैठते हैं, जिससे समस्या बढ़ सकती है। दर्द को नजरअंदाज करने या बिना सलाह के दवा लेने जैसी गलतियों से बचना चाहिए, ताकि दर्द से जल्द राहत पाने में मदद मिल सके। 
घुटनों में दर्द होने पर भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, वरना उठना-बैठना हो जाएगा मुश्किलघुटनों में दर्द होने पर भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, वरना उठना-बैठना हो जाएगा मुश्किल

घुटनों में दर्द की समस्या आज के समय में बहुत आम हो गई है। पहले जहां यह परेशानी ज्यादा बढ़ती उम्र के लोगों में देखने को मिलती थी, वहीं, अब युवाओं और मध्यम उम्र के लोगों में भी घुटनों के दर्द की शिकायत बढ़ रही है। दरअसल, लंबे समय तक बैठकर काम करना, शारीरिक गतिविधियों की कमी, मोटापा, गलत तरीके से एक्सरसाइज करना और घुटनों पर ज्यादा प्रेशर पड़ना इस दर्द का मुख्य कारण हो सकते हैं। Dr. Darsh Goyal Director, Robotic Joint Replacement, Orthopaedics & Sports Injuries और Dr. Akhilesh Rathi, Orthopaedic and Joint Replacement Surgeon, Sri Balaji Action Medical Institute बताते हैं कि घुटनों में दर्द होने पर लोग अक्सर कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनसे समस्या बढ़ सकती है। कुछ लोग दर्द को सामान्य समझकर नजरअंदाज करते रहते हैं, तो कुछ बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयां लेने लगते हैं। ऐसे में आपको कुछ गलतियों को करने से बचना चाहिए, जो दर्द का कारण बन सकते हैं।

घुटनों में दर्द होने पर किन गलतियों से बचना चाहिए?

Dr. Darsh Goyal के अनुसार, घुटनों में दर्द होने पर आपको कुछ गलतियों को करने से बचना चाहिए-

1. घुटनों के दर्द को नजरअंदाज न करें

घुटनों में दर्द होने पर सबसे बड़ी गलती इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज करना है। कई लोग सोचते हैं कि बढ़ती उम्र के साथ घुटनों में दर्द होना स्वाभाविक है और इसके लिए डॉक्टर को दिखाने की जरूरत नहीं है। कई बार ऑस्टियोआर्थराइटिस, लिगामेंट इंजरी या कार्टिलेज से जुड़ी समस्याओं के कारण भी घुटनों में दर्द होता है। इसलिए, समय पर जांच न कराने से परेशानी बढ़ सकती है।

इसे भी पढ़ें: कुर्सी से उठते ही घुटनों में दर्द क्यों होता है? ऑर्थोपेडिक डॉक्टर से जानें कारण

2. बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द की दवाएं न लें

घुटनों में दर्द होने पर कई लोग तुरंत पेनकिलर या दर्द कम करने वाली दवाइयां लेना शुरू कर देते हैं। कुछ लोग लंबे समय तक इनका इस्तेमाल करते रहते हैं। यह आदत नुकसानदायक हो सकती है। दर्द की दवाइयों का लंबे समय तक या गलत तरीके से सेवन करने से पेट, किडनी और दिल से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए किसी भी दवा का सेवन डॉक्टर की सलाह और तय खुराक के अनुसार ही करना चाहिए।

3. दर्द के बावजूद भारी एक्सरसाइज न करें

घुटनों में दर्द या सूजन होने पर ऐसी एक्सरसाइज करना, जिनसे जोड़ पर ज्यादा प्रेशर पड़ता है, समस्या को बढ़ा सकता है। ऐसे में भारी वजन उठाना, तेज दौड़ना, बार-बार स्क्वाट करना और ऊंची छलांग लगाना कुछ लोगों में घुटनों का दर्द बढ़ा सकता है। अगर एक्सरसाइज करते समय दर्द बढ़ने लगे तो उसे जबरदस्ती जारी न रखें।

4. दर्द के डर से पूरी तरह चलना-फिरना बंद न करें

जिस तरह से ज्यादा एक्सरसाइज करना नुकसानदायक हो सकता है, उसी तरह शारीरिक गतिविधियों को पूरी तरह बंद कर देना भी सही नहीं है। लंबे समय तक इनएक्टिव रहने से घुटनों के आस-पास की मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं। इससे जोड़ को पर्याप्त सहारा नहीं मिल पाता है और घुटनों पर प्रेशर बढ़ सकता है। इसलिए, डॉक्टर की सलाह के अनुसार, हल्की वॉक, स्विमिंग और कम प्रभाव वाले एक्सरसाइज किए जा सकते हैं।

5. वजन बढ़ने न दें

शरीर का बढ़ा हुआ वजन घुटनों पर ज्यादा प्रेशर डालता है। खासकर, चलने, सीढ़ियां चढ़ने और उठने-बैठने के दौरान घुटनों को शरीर का भार संभालना पड़ता है। ज्यादा वजन होने पर घुटनों के कार्टिलेज और जोड़ों पर प्रेशर बढ़ सकता है, जिससे घुटनों में दर्द और ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या गंभीर हो सकती है। इसलिए, वजन को कंट्रोल रखना जरूरी है। इसके लिए संतुलित आहार लें, नियमित रूप से हल्की शारीरिक गतिविधियां करें और ज्यादा कैलोरी वाले फूड्स का सेवन सीमित रखें।

साल 2023 में The Journal of Pain जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित 45 से 85 साल की उम्र 87 वयस्कों पर किए गए अध्ययन में पाया गया कि ज्यादा शारीरिक वजन घुटने के दर्द की ज्यादा तीव्रता से जुड़ा है। इसके अलावा, यह सामान्य रोजाना के कामों, मनोरंजन और काम-काज की गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है।

6. गलत तरीके से बैठने और उठने से बचें

कई बार हमारी रोजमर्रा की आदतें भी घुटनों के दर्द को बढ़ा सकती हैं। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठना, बार-बार पालथी मारकर बैठना, गहरे स्क्वाट करना और अचानक बैठने या उठने से घुटनों पर प्रेशर पड़ सकता है। अगर आपका काम लंबे समय तक बैठकर करने का है तो बीच-बीच में उठकर थोड़ा चलें।

7. सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में लापरवाही करना

घुटनों में दर्द होने पर बार-बार सीढ़िया चढ़ना और उतरना परेशानी बढ़ा सकती है। सीढ़ियां उतरते समय घुटनों पर शरीर के वजन का ज्यादा दबाव पड़ता है। इसलिए, जिन लोगों को पहले से घुटनों में दर्द या सूजन है, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। जहां संभव हो, लिफ्ट का इस्तेमाल करें, सीढ़ियों का इस्तेमाल करना जरूरी हो तो रेलिंग पकड़कर धीरे-धीरे चलें।

इसे भी पढ़ें: घुटनों में दर्द है, लेकिन एक्स-रे नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें इसके पीछे की वजह

घुटनों को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?

Dr. Akhilesh Rathi के अनुसार, घुटनों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए कुछ अच्छी आदतें अपनाना जरूरी है।

  • शरीर का वजन संतुलित रखें
  • नियमित रूप से हल्की और सुरक्षित एक्सरसाइज करें
  • लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें
  • संतुलित और पौष्टिक आहार लें
  • एक्सरसाइज करने से पहले हल्का वार्मअप करें
  • घुटनों में दर्द होने पर गतिविधियों में जरूरी बदलाव करें
  • किसी भी चोट या लगातार दर्द की स्थिति में डॉक्टर से कंसल्ट करें।

निष्कर्ष
घुटनों में दर्द होने पर छोटी-छोटी गलतियां भी आपकी समस्या को बढ़ा सकती हैं। दर्द को नजरअंदाज करना, बिना सलाह के दवाइयां लेना, जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करना और लंबे समय तक शारीरिक गतिविधियों से दूर रहना ऐसी आदतें हैं, जिनसे बचना जरूरी है। घुटनों के दर्द का सही इलाज उसके कारण और गंभीरता पर निर्भर करता है। इसलिए, समय पर जांच कराना,सही एक्सरसाइज करना और लाइफस्टाइल में जरूरी बदलाव करना जरूरी है।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • घुटने में ग्रीस बढ़ाने के लिए क्या खाना चाहिए?

    घुटनों में लुब्रिकेशन बढ़ाने के लिए ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजें, हरी पत्तेदार सब्जियां और कोलेजन बढ़ाने वाले फूड्स जैसे बोन ब्रोथ सूप या खट्टे फल खाने चाहिए।
  • घुटने में दर्द हो तो क्या नहीं खाना चाहिए?

    घुटने के दर्द और सूजन से राहत पाने के लिए ज्यादा तली-भुनी चीजें, रिफाइंड शुगर, मैदे से बनी चीजें और पैकेज्ड फूड खाने से बचना चाहिए। साथ ही, ज्यादा नमक, शराब और प्रोसेस्ड मीट का सेवन भी जोड़ों की सूजन को बढ़ा सकते हैं।

Read Next

→ Leg Pain Causes: घुटने से नीचे पैर में दर्द क्यों होता है? डॉक्टर से जानें 4 कारण

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 31, 2026 12:55 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dr Akhilesh Rathi