धूम्रपान नहीं करते फिर भी हो सकता है COPD, जानें इसके छिपे कारण

क्या आपने कभी सोचा है कि जो लोग पूरी जिंदगी सिगरेट या बीड़ी नहीं पीते, उन्हें भी फेफड़ों की गंभीर बीमारी COPD हो सकती है? आमतौर पर लोगों को लगता है कि COPD यानी क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज सिर्फ धूम्रपान करने वालों को होती है लेकिन ऐसा नहीं है। मेट्रो हॉस्पिटल्स, नोएडा और दिल्ली के पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर डिपार्टमेंट के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. कनिष्क कुमार बताते हैं कि घर में रोज लकड़ी, कोयले या गोबर के उपले जलाकर खाना बनाने से निकलने वाला धुआं भी फेफड़ों को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर जैसे प्रदूषित शहरों में रहने वाले लोगों को भी इस बीमारी का खतरा हो सकता है। यानी अगर आप सिगरेट नहीं पीते, तब भी आपके फेफड़े पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं।
बिना सिगरेट पिए भी क्यों हो सकती है COPD की बीमारी?
पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. कनिष्क कुमार के अनुसार, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) उन लोगों को भी हो सकता है जिन्होंने कभी सिगरेट नहीं पी है। धूम्रपान इस बीमारी का जोखिम कारक जरूर है, लेकिन इसके अलावा भी कई कारण हैं। लंबे समय तक घर के अंदर लकड़ी, कोयला, गोबर के उपले जलाने से निकलने वाले धुएं के संपर्क में रहने से COPD का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा, फैक्ट्रियों का धुआं, वाहनों से निकलने वाला प्रदूषण और धूल-मिट्टी भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है। कुछ लोगों में आनुवंशिक कारणों और बचपन में बार-बार होने वाले रेस्पिरेटरी इंफेक्शन के कारण भी COPD का जोखिम बढ़ सकता है।
1. चूल्हे का धुआं
पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. कनिष्क कुमार बताते हैं कि ग्रामीण इलाकों में आज भी कई घरों में खाना बनाने के लिए लकड़ी, कोयला और उपलों का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें जलाने पर कार्बन मोनोऑक्साइड और कई हानिकारक गैसें निकलती हैं। जब व्यक्ति लंबे समय तक इस धुएं में सांस लेता है, तो ये कण फेफड़ों के अंदर पहुंचकर सांस की नलियों में जलन और सूजन पैदा कर सकते हैं। धीरे-धीरे सांस की नलियां संकरी होने लगती हैं और फेफड़ों की हवा अंदर लेने और बाहर निकालने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। खासकर रसोई में पर्याप्त वेंटिलेशन न होने पर महिलाओं और बच्चों को इसका ज्यादा सामना करना पड़ सकता है।
2. वायु प्रदूषण भी बढ़ा सकता है COPD का खतरा
दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण फेफड़ों की सेहत के लिए गंभीर समस्या है। हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंच सकते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से फेफड़ों में सूजन और सांस से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। पहले से COPD से पीड़ित लोगों में प्रदूषण के कारण खांसी, सांस फूलने और बलगम की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा, लगातार प्रदूषित हवा में रहने से हेल्दी लोगों में भी फेफड़ों का फंक्शन प्रभावित हो सकता है।
COPD Without Smoking
साल 2011 में Chest Journal में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, 14 देशों के डेटा पर आधारित इस अंतरराष्ट्रीय स्टडी से स्पष्ट होता है कि कभी धूम्रपान न करने वाले लोग भी सीओपीडी के मरीजों का एक बड़ा हिस्सा हैं। जांच में मध्यम से गंभीर लेवल के सीओपीडी मामलों में लगभग एक-चौथाई मरीज ऐसे पाए गए जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया था। धूम्रपान न करने वालों में इस बीमारी का खतरा बढ़ती उम्र, पहले से अस्थमा की समस्या, बचपन के श्वसन रोग, कार्यस्थल पर धूल-धुएं के संपर्क, बीएमआई में बदलाव और महिलाओं में कम शिक्षा लेवल से जुड़ा देखा गया। कुल मिलाकर, सीओपीडी की पहचान और रोकथाम के लिए धूम्रपान के अलावा इन अन्य जोखिम कारकों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
COPD होने पर क्या लक्षण दिखाई देते हैं?
- पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. कनिष्क कुमार बताते हैं कि क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज के लक्षण धीरे-धीरे विकसित होते हैं। शुरुआत में व्यक्ति को सीढ़ियां चढ़ते समय या थोड़ा चलने पर सांस फूलने की समस्या हो सकती है।
- इसके अलावा, लंबे समय तक खांसी रहना, बार-बार बलगम बनना, सीने में जकड़न और सांस लेते समय घरघराहट होना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
- कई लोग इन समस्याओं को बढ़ती उम्र या मौसम में बदलाव का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन अगर खांसी और सांस फूलने की परेशानी लंबे समय तक बनी रहती है, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
COPD से बचने के लिए क्या सावधानियां बरतें?
पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. कनिष्क कुमार सलाह देते हैं कि COPD के खतरे को कम करने के लिए धुएं और प्रदूषण से बचाव जरूरी है। खाना बनाने के लिए लकड़ी और कोयले की जगह LPG का इस्तेमाल करना बेहतर है। रसोई में उचित वेंटिलेशन और चिमनी की व्यवस्था रखें, ताकि धुआं घर के अंदर जमा न हो। प्रदूषण ज्यादा होने पर बाहर एक्सरसाइज करने से बचें और जरूरत के अनुसार अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क इस्तेमाल करें। इसके अलावा, धूम्रपान और पैसिव स्मोकिंग से दूर रहें। अगर सांस से जुड़ी परेशानी है, तो डॉक्टर की सलाह से जरूरी टेस्ट करवाए जा सकते हैं।
निष्कर्ष
COPD केवल सिगरेट पीने वालों को होने वाली बीमारी नहीं है। चूल्हे का धुआं, वायु प्रदूषण, वाहनों का धुआं और फैक्ट्रियों से निकलने वाले हानिकारक कण भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। खासकर लंबे समय तक इन प्रदूषकों के संपर्क में रहने वाले लोगों को सांस से जुड़ी परेशानियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर आपको लगातार खांसी, बलगम या सांस फूलने की समस्या हो रही है, तो डॉक्टर से मिलकर जांच करवाएं। समय पर पहचान और सही इलाज से COPD के लक्षणों को कंट्रोल करने और फेफड़ों के फंक्शन को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या COPD होने पर फेफड़े पूरी तरह ठीक हो सकते हैं?
COPD के कारण फेफड़ों को हुआ नुकसान आमतौर पर पूरी तरह ठीक नहीं हो पाता है। हालांकि, सही इलाज, दवाओं, पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन और लाइफस्टाइल में बदलाव से इसके लक्षणों को कंट्रोल किया जा सकता है।क्या COPD की बीमारी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलती है?
नहीं, COPD संक्रामक बीमारी नहीं है। यह किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने, साथ बैठने या खाना खाने से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलती।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 14:52 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Kanishka Kumar