क्या पीरियड्स में नवरात्रि व्रत (Navratri Fasting 2026) रख सकते हैं? अगर कोई महिला स्वस्थ है और उसे पीरियड्स में तेज ऐंठन, ज्यादा ब्लीडिंग, एनीमिया, डायबिटीज, गर्भावस्था या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या नहीं है, तो वह पीरियड्स के दौरान नवरात्रि का व्रत रख सकती है। हालांकि, मासिक धर्म के दौरान शरीर में ब्लड और आयरन की कमी हो सकती है। ऐसे में व्रत रखने से कमजोरी, थकान, शरीर में पानी की कमी और चक्कर आने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए लंबे समय तक बिना कुछ खाए रहने के बजाय ऐसा व्रत रखना ज्यादा सुरक्षित होता है, जिसमें फल, दूध, दही, मेवे, साबूदाना और व्रत में खाए जाने वाले हल्के भोजन शामिल हों। आइए जानते हैं पीरियड्स में व्रत के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? बेहतर जानकारी के लिए हमने Swetha. A, Deputy Chief Dietitian, Yashoda Hospitals, Hyderabad से बात की।
साल 2015 में BMC Women's Health में प्रकाशित एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पीरियड्स के फॉलिक्युलर (Follicular Phase) और ल्यूटियल फेज (Luteal Phase) में भोजन करने और 12 घंटे तक उपवास करने के दौरान शारीरिक प्रतिक्रियाओं का आंकलन किया। अध्ययन में पाया गया कि दोनों चरणों में उपवास के दौरान हृदय गति कम हुई और पैरासिम्पेथेटिक गतिविधि बढ़ी, जिसके कारण स्ट्रेस प्रतिक्रिया बढ़ सकती है। ऐसे में स्टडी के आधार पर यह कहा जा सकता है कि व्रत में उपवास रखना उतना सेहतमंद नहीं है जितना हम समझते हैं।
पीरियड्स में व्रत के दौरान ये डाइट टिप्स फॉलो कर सकती हैं
periods-and-navratri-fasting
- व्रत में मिठाई, चीनी, मीठी खीर और मीठे शरबत का ज्यादा सेवन करने से बचें। नवरात्रि व्रत के दौरान पीरियड्स में ज्यादा मीठा खाने से बचने की सलाह दी जाती है क्योंकि इससे ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव हो सकता है और कुछ महिलाओं को थकान या सुस्ती महसूस हो सकती है।
- शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। छाछ या नारियल पानी भी पी सकती हैं।
- आयरन के एब्जॉर्ब होने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए विटामिन सी से भरपूर फल, जैसे खट्टे फल, को आयरन युक्त व्रत के खाद्य पदार्थों के साथ खाएं। इसके लिए खजूर, अनार और रागी या राजगीरे से बने व्यंजन विकल्प हो सकते हैं।
- चाय या कॉफी का बहुत ज्यादा सेवन करने से बचें, क्योंकि ये आयरन के एब्जॉर्ब होने की प्रक्रिया में बाधा डाल सकते हैं।
ऐसी स्थिति में व्रत तोड़ दें
अगर आपको दिल की धड़कन तेज होने, चक्कर आने, बेहोशी, बहुत तेज दर्द या पीरियड्स में सामान्य से अधिक ब्लीडिंग जैसी समस्याएं हों, तो तुरंत व्रत तोड़ दें और डॉक्टर से संपर्क करें। धार्मिक आस्था के लिए अपनी सेहत को खतरे में न डालें।
यह भी पढ़ें- नवरात्रि व्रत में कौन सा फल कितनी मात्रा में खाएं? डायटीशियन से जानें फलाहार का सही तरीका
पीरियड्स में व्रत रखने पर किन बातों का रखें ध्यान?
1. पीरियड्स में व्रत के दौरान क्या खाएं?
दूध, दही, पनीर और मेवे जैसे पौष्टिक विकल्प चुनें।
कुट्टू या सिंघाड़े के आटे से बनी चीजें उचित मात्रा में खा सकती हैं।
साबूदाना, आलू और दूसरे कार्ब्स रिच फूड्स के साथ प्रोटीन के स्रोत भी शामिल करें।
2. पीरियड्स में व्रत खोलते समय क्या खाना चाहिए?
व्रत खोलने के लिए पानी पिएं और फिर हल्का, संतुलित भोजन लें। दही, फल, दूध या व्रत में खाया जाने वाला हल्का भोजन विकल्प हो सकता है। लंबे समय तक भूखे रहने के बाद एक साथ बहुत ज्यादा तला-भुना, नमकीन या मीठा भोजन न खाएं।
3. आयरन से भरपूर चीजें डाइट में शामिल करें
पीरियड्स में ब्लीडिंग के कारण शरीर से आयरन की मात्रा कम होती है। व्रत में अनार, किशमिश, सूखे मेवे और अन्य उपयुक्त फल शामिल कर सकती हैं। अगर ब्लीडिंग ज्यादा होती है या पहले से एनीमिया है, तो डॉक्टर की सलाह लें।
यह भी पढ़ें- थायराइड मरीज नवरात्रि व्रत में दवा से लेकर खानपान तक, इन 5 बातों का रखें ध्यान
4. लंबे समय तक खाली पेट रहने से बचें
पीरियड्स में बहुत लंबे समय तक कुछ न खाने से कमजोरी और थकान बढ़ सकती है। पूरे दिन निर्जला या बिना कुछ खाए व्रत रखने के बजाय थोड़ी-थोड़ी देर में फलाहार करें। जरूरत के अनुसार दूध, दही, मखाना या साबूदाना जैसी व्रत में खाई जाने वाली चीजें लें।
5. पीरियड्स के दर्द को नजरअंदाज न करें
व्रत में तबीयत का ख्याल रखना जरूरी है। पेट के निचले हिस्से में दर्द होने पर गर्म पानी की थैली से सिंकाई कर सकती हैं। थकान होने पर आराम करें और अपनी क्षमता के अनुसार हल्की गतिविधियां करें। तेज या असामान्य दर्द होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
निष्कर्ष:
पीरियड्स के दौरान महिलाएं नवरात्रि व्रत रख सकती हैं। हार्ट रेट बढ़ जाए, चक्कर, बेहोशी, तेज दर्द या ब्लीडिंग हो, तो डॉक्टर से संपर्क करें और व्रत को तुरंत तोड़ दें। तेज ऐंठन, ज्यादा ब्लीडिंग, एनीमिया, डायबिटीज, गर्भावस्था या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या होने पर व्रत नहीं रखना चाहिए। पीरियड्स में ब्लड और आयरन की कमी हो सकती है। इससे बचने के लिए व्रत में आयरन, विटामिन सी रिच फूड्स, पानी, हेल्दी ड्रिंक्स जैसे छाछ, नारियल पानी वगैरह का सेवन करें। खजूर, अनार और रागी या राजगीरे से बने व्यंजन खाएं और कैफीन से परहेज करें। पीरियड्स में व्रत रख रही हैं, तो लंबे समय तक खाली पेट रहने से बचें, पीरियड्स में दर्द को नजरअंदाज न करें, पीरियड्स में दूध, दही, पनीर, मेवा, कुट्टू या सिंघाड़े के आटे से बनी चीजें जो ऑयली न हों, साबूदाना खिचड़ी, आलू वगैरह का सेवन कर सकती हैं। व्रत में अनार, किशमिश, सूखे मेवे खाकर आयरन की कमी से बच सकती हैं।
image credit: magnific
FAQ
क्या पीरियड्स में निर्जला व्रत रखना चाहिए?
नहीं डॉक्टर निर्जला व्रत रखने की सलाह नहीं देते हैं। खासकर अगर पीरियड्स में कमजोरी, सिरदर्द या चक्कर आते हैं, तो इससे बचें। पीरियड्स के दौरान निर्जला व्रत रखने से डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है जिससे थकान महसूस हो सकती है।पीरियड्स में व्रत के दौरान कौन से फल खाने चाहिए?
पीरियड्स में केला, सेब, संतरा, अमरूद, पपीता और अनार जैसे फल खा सकती हैं। पीरियड्स में विटामिन सी रिच फल खाने से शरीर में आयरन के एब्जॉर्ब होने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 13, 2026 17:43 IST
Modified By : Yashaswi Mathur Oct 13, 2026 17:43 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dt Swetha A
