आजकल हेल्दी लाइफस्टाइल और फिटनेस को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है। जिम जाने वाले युवाओं से लेकर वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों तक, लगभग हर कोई अपनी डाइट में प्रोटीन बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। कई लोग प्रोटीन शेक को मसल्स बनाने, शरीर को ताकत देने और जल्दी रिकवरी के लिए रोजाना अपनी डाइट में शामिल करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ एक बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी है जिन्हें पाचन से जुड़ी समस्याएं रहती हैं। किसी को गैस की समस्या होती है, तो किसी को पेट फूलना, एसिडिटी, अपच या भारीपन की शिकायत रहती है। ऐसे लोगों के मन में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या प्रोटीन शेक उनके लिए सही है या नहीं। इस लेख में जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटिशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन से जानिए, क्या कमजोर पाचन वाले लोग प्रोटीन शेक पी सकते हैं?
क्या कमजोर पाचन वाले लोग प्रोटीन शेक पी सकते हैं?
डाइटिशियन अर्चना जैन के मुताबिक, कमजोर पाचन वाले लोग प्रोटीन शेक ले सकते हैं, लेकिन उन्हें हल्के और आसानी से पचने वाले प्रोटीन सोर्स को चुनना चाहिए। उदाहरण के लिए प्लांट बेस्ड प्रोटीन या सोया प्रोटीन कई लोगों के लिए आसान होते हैं। वहीं कुछ लोगों को व्हे प्रोटीन भी सूट कर सकता है, खासकर अगर व्हे प्रोटीन आइसोलेट हो क्योंकि इसमें लैक्टोज की मात्रा कम होती है। हालांकि हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से रिएक्ट करता है, इसलिए शुरुआत कम मात्रा से करना बेहतर होता है।
इसे भी पढ़ें: क्या रोज प्रोटीन शेक पीने से लिवर खराब हो सकता है? सप्लीमेंट लेने से पहले जानें ये सच
प्रोटीन शेक लेने का सही तरीका
डाइटिशियन अर्चना जैन बताती हैं कि कमजोर पाचन वाले लोगों को प्रोटीन शेक अचानक ज्यादा मात्रा में नहीं लेना चाहिए। शुरुआत में कम मात्रा से शुरू करना बेहतर रहता है ताकि शरीर धीरे-धीरे उसे पचाने की आदत बना सके। इसके अलावा प्रोटीन शेक को खाली पेट लेने की बजाय हल्के भोजन के बाद लेना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। प्रोटीन शेक को बहुत जल्दी-जल्दी पीने की बजाय धीरे-धीरे लेना भी पाचन के लिए अच्छा होता है। डाइटिशियन अर्चना जैन कहती हैं कि अगर प्रोटीन शेक को पानी के साथ लिया जाए तो यह कई बार दूध के मुकाबले ज्यादा आसानी से पच सकता है।
लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी
डाइटिशियन अर्चना जैन बताती हैं कि अगर प्रोटीन शेक लेने के बाद पेट में गैस, ऐंठन, उल्टी या ज्यादा भारीपन महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह संकेत हो सकता है कि आपका शरीर उस प्रकार के प्रोटीन को ठीक से पचा नहीं पा रहा है। ऐसे में तुरंत प्रोटीन शेक बंद करना और डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेना जरूरी होता है। कई बार समस्या प्रोटीन में मौजूद फ्लेवर, शुगर या आर्टिफिशियल एडिटिव्स की वजह से भी हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: बिना पाउडर के बनाएं हाई प्रोटीन शेक, एक्सपर्ट से जानें आसान रेसिपी और फायदे
डाइटिशियन की सलाह
डाइटिशियन अर्चना जैन बताती हैं कि हेल्दी रहने के लिए सिर्फ प्रोटीन ही नहीं बल्कि कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भी जरूरी होते हैं। इसलिए किसी भी व्यक्ति को सिर्फ प्रोटीन शेक पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। बैलेंस और पौष्टिक डाइट लंबे समय तक शरीर को हेल्दी बनाए रखने में मदद करती है। डाइटिशियन अर्चना जैन का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति का पाचन तंत्र कमजोर है तो उसे अपनी डाइट को बैलेंस्ड रखना चाहिए और किसी भी सप्लीमेंट को लेने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
निष्कर्ष
कमजोर पाचन वाले लोग भी प्रोटीन शेक ले सकते हैं, लेकिन इसके लिए सही प्रकार, सही मात्रा और शरीर के रिएक्शन को समझना जरूरी है। हल्के और आसानी से पचने वाले प्रोटीन विकल्प चुनकर और धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाकर इसे सुरक्षित तरीके से लिया जा सकता है। अगर किसी भी तरह की परेशानी महसूस हो तो तुरंत एक्सपर्ट की सलाह लेना सबसे अच्छा कदम होता है।
All Images Credit- Freepik
FAQ
एक दिन में कितना प्रोटीन लेना चाहिए?
प्रोटीन की जरूरत हर व्यक्ति की उम्र, वजन और फिजिकल एक्टिविटी पर निर्भर करती है। सामान्य तौर पर एक हेल्दी व्यक्ति को प्रति किलोग्राम वजन के हिसाब से लगभग 0.8 से 1 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है।क्या प्रोटीन शेक रोज पीना सुरक्षित है?
प्रोटीन शेक रोज पीना सुरक्षित है, अगर सही मात्रा में और सही प्रकार का प्रोटीन लिया जाए तो प्रोटीन शेक से कोई भी दिक्कत नहीं होती है।प्रोटीन लेने का सबसे अच्छा समय क्या है?
सुबह नाश्ते के साथ, वर्कआउट के बाद या वर्कआउट से पहले प्रोटीन शेक पीना अच्छा माना जाता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Mar 06, 2026 17:42 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Mar 06, 2026 17:42 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Archana Jain