सर्दियों में तिल खाना क्यों फायदेमंद है? जानें सफेद और काले तिल में अंतर

सर्दियों में अक्सर लोग तिल का सेवन करना पसंद करते हैं। इनमें बहुत से पोषक तत्व होते हैं, साथ ही इसकी तासीर गर्म होती है। ऐसे में सर्दियों में इसका सेवन करने से स्वास्थ्य से जुड़े कई लाभ मिलते हैं, लेकिन कौन से तिल खाना ज्यादा फायदेमंद है सफेद या काले? यह सवाल अक्सर लोगों के मन में उठता है। ऐसे में आइए Ms. Edwina Raj, Head of Services - Clinical Nutrition & Dietetics, Aster CMI Hospital, Bengaluru से सफेद और काले तिल में अंतर और इनसे मिलने वाले फायदों के बारे में जानें।
सर्दियों में तिल खाना क्यों फायदेमंद है?
Ms. Edwina Raj के अनुसार, सर्दियों के खान-पान में पारंपरिक रूप से तिल को शामिल किया जाता है, क्योंकि इनमें भरपूर मात्रा में पोषक तत्व होते हैं। ये हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर और जरूरी मिनरल्स का अच्छा सोर्स हैं। सफेद और काले, दोनों तरह के तिलों में कई पोषक तत्व होते हैं, जो सर्दियों के मौसम में रोज के खाने में इन्हें एक अच्छा विकल्प बनाते हैं।
साल 2024 में Foods Journal में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, तिल में हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और अन्य जरूरी मिनरल्स के साथ-साथ सेसामिन, सेसामोल, फाइटोस्टेरॉल और विटामिन E जैसे एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत रखने, खराब कोलेस्ट्रॉल व ब्लड प्रेशर कम करके दिल की सेहत सुधारने, ऑक्सीडेटिव तनाव व सूजन घटाने, इम्यूनिटी बढ़ाने, खाने के बाद ब्लड शुगर को बैलेंस रखने और उम्र के साथ ब्रेन की कार्यक्षमता को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं। भले ही सफेद तिल में फाइटोस्टेरॉल थोड़ा अधिक पाया जाता हो, लेकिन सफेद तिल भी इन सभी पोषक और हेल्दी गुणों से समृद्ध होता है।
शरीर को एनर्जी दे
Ms. Edwina का कहना है, सर्दियों में तिल को अहम मानने का एक कारण इनमें मौजूद हेल्दी फैट है। इनमें अनसैचुरेटेड फैटी एसिड होते हैं, जो शरीर को एनर्जी देते हैं और ओवरऑल स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। ठंड के मौसम में शरीर के आम कार्यों को सही तरीके से चलाने के लिए पर्याप्त एनर्जी की जरूरत होती है, इसलिए अपनी डाइट में सीमित मात्रा में तिल को शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, ये सीधे तौर पर शरीर का तापमान नहीं बढ़ाते और न ही ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाते हैं।
इसे भी पढ़ें: तिल है महिलाओं की इन 3 समस्याओं का हल, जानें रोज डाइट में शामिल करना क्यों है फायदेमंद
हड्डियों और दांतों के लिए फायदेमंद
Ms. Edwina कहते हैं, तिल कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, जिंक और फास्फोरस का भी सोर्स हैं। कैल्शियम और फास्फोरस हड्डियों और दांतों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
benefits of eating sesame seeds in winter difference between white and black sesame seeds 1
मांसपेशियों के लिए फायदेमंद
तिल में अच्छी मात्रा में मैग्नीशियम होता है, जो मांसपेशियों और नसों के काम करने में अहम भूमिका निभाता है। इससे मसल्स का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।
आयरन की जरूरतों को पूरा करे
तिल में मौजूद आयरन शरीर की रोज आयरन की जरूरत को पूरा करने में मदद कर सकता है, हालांकि सिर्फ तिल खाने से आयरन की कमी पूरी नहीं हो सकती है।
सफेद और काले तिल में अंतर
Ms. Edwina का कहना है, सफेद और काले तिलों की तुलना करें, तो दोनों में लगभग एक जैसे जरूरी पोषक तत्व होते हैं, लेकिन इनमें कुछ अंतर भी हैं।
सफेद तिल
सफेद तिलों का इस्तेमाल आमतौर पर मिठाइयों, चटनी, बेकरी के सामान और रोज़मर्रा के खाना पकाने में किया जाता है। इनका स्वाद हल्का और नट्स जैसा होता है। सर्दियों में बनने वाली पारंपरिक चीजों जैसे तिल के लड्डू और चिक्की में इनका ज्यादा इस्तेमाल होता है।
इसे भी पढ़ें: थकान और कमजोरी को दूर करने के लिए खाएं सफेद तिल
काले तिल
काले तिलों का स्वाद थोड़ा तेज और अलग होता है। इनमें एंथोसायनिन (anthocyanins) नामक नेचुरल पिगमेंट और अन्य एंटीऑक्सीडेंट कंपाउंड पाए जाते हैं। इनकी गहरी बाहरी कोटिंग इन्हें एक अलग पोषण प्रोफाइल देती है। टाइप और प्रोसेसिंग के तरीके के आधार पर, काले तिलों में कुछ खास एंटीऑक्सीडेंट और मिनरल्स अधिक मात्रा में हो सकते हैं।
हालांकि, ऐसा नहीं है कि कोई एक टाइप दूसरी से बेहतर है। दोनों ही एक स्वस्थ आहार का हिस्सा बन सकते हैं।
| सफेद तिल | काला तिल | |
| पोषक तत्व | हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, जिंक और फास्फोरस का सोर्स। | एंथोसायनिन (anthocyanins) नामक नेचुरल पिगमेंट, मिनरल्स और अन्य एंटीऑक्सीडेंट कंपाउंड। |
| इस्तेमाल | मिठाइयों, चटनी, बेकरी के सामान और रोज के खाना पकाने में, सर्दियों में तिल के लड्डू और चिक्की में। | भूनकर, सलाद, चटनी या घर पर बने स्नैक्स में। |
तिल को कैसे खाएं?
Ms. Edwina के अनुसार, तिलों को कई तरीकों से डाइट में शामिल किया जा सकता है। जैसे-
- तिलों को भूनकर खाया जा सकता है।
- सलाद में डाला जा सकता है।
- चटनी में मिलाया जा सकता है।
- घर पर बने स्नैक्स में शामिल किया जा सकता है।
इनमें कैलोरी की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। जिन लोगों को तिल से एलर्जी है, उन्हें इनसे बचना चाहिए।
सर्दियों के दौरान अपनी डाइट में सीमित मात्रा में सफेद या काले तिल शामिल करने से शरीर में पोषक तत्वों का संतुलन बना रह सकता है।
निष्कर्ष
सर्दियों में तिल का सेवन हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर और कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, जिंक व फास्फोरस जैसे मिनरल्स के कारण फायदेमंद माना जाता है। ये शरीर को एनर्जी देने, हड्डियों व दांतों को मजबूत रखने, मांसपेशियों व नसों के बेहतर कामकाज और आयरन की रोज जरूरत पूरी करने में सहायक होते हैं। हालांकि ये सीधे शरीर का तापमान नहीं बढ़ाते और न ही ठंड की बीमारियों से बचाते हैं। सफेद और काले दोनों तिल पोषक तत्वों से भरपूर हैं। कैलोरी अधिक होने के कारण इन्हें सीमित मात्रा में ही खाएं और एलर्जी होने पर इनके सेवन से बचें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
1 दिन में कितने तिल खाने चाहिए?
1 दिन में 1 से 2 चम्मच तिल को खाना सेफ माना जाता है। इनका सेवन करने से स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने में मदद मिलती है।ज्यादा तिल खाने के क्या नुकसान हैं?
जरूरत से ज्यादा तिल का सेवन करने से व्यक्ति को पेट खराब होने, वजन बढ़ने, एलर्जी और ब्लड शुगर के स्तर में बदलाव होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 22, 2026 20:56 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Edwina Raj