ठंड में गर्मागर्म भुना शकरकंद खाने के हैं शौकीन, तो जान लें सेहत को मिलने वाले 5 फायदे

सर्दियों में सड़क किनारे जलते कोयलों पर भुने शकरकंद की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींचती है। कहीं इसे रेत या कोयले की आंच पर भूनकर बेचा जाता है, तो कहीं घरों में अंगीठी, तंदूर या गैस पर भूनकर खाया जाता है। भुने हुए शकरकंद पर नींबू का रस, काला नमक डालकर खाने का चलन भी काफी पुराना है। कुछ लोग इसे गर्मागर्म ऐसे ही खाना पसंद करते हैं, तो कुछ इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मसालों के साथ चटपटा बना लेते हैं। दरअसल, सर्दियों में शकरकंद खाने का चलन सिर्फ इसके स्वाद तक सीमित नहीं है। पुराने समय से ही इसे ठंड के मौसम में मिलने वाले पौष्टिक और पेट भरने वाले खाद्य पदार्थ के रूप में खाया जाता रहा है। यह आसानी से उपलब्ध होता है और इसे पकाने का तरीका भी आसान है। यही वजह है कि सर्दियों में शकरकंद को स्वाद और सेहत, दोनों के लिहाज से पसंद किया जाता है। आइए जानते हैं भुना हुआ शकरकंद खाने से सेहत को क्या फायदे मिलते हैं? बेहतर जानकारी के लिए हमने Swetha. A, Deputy Chief Dietitian, Yashoda Hospitals, Hyderabad से बात की।
साल 2022 में Foods में प्रकाशित एक रिव्यू स्टडी के मुताबिक, शकरकंद को भूनने से उसमें मौजूद कुल फेनोलिक कंपाउंड की मात्रा कच्चे शकरकंद की तुलना में बढ़ सकती है। अध्ययन के आंकड़ों के अनुसार, कच्चे शकरकंद में कुल फेनोलिक कंपाउंड 3.34 mg/g DW था, जबकि भूनने के बाद यह 5.42 mg/g DW पाया गया। फेनोलिक कंपाउंड पौधों में पाए जाने वाले प्राकृतिक तत्व हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव तनाव से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं।
शकरकंद में मौजूद पोषक तत्व
सही तरीके से भुना हुआ शकरकंद सर्दियों में एक पौष्टिक स्नैक हो सकता है। इसमें फाइबर, पोटैशियम, विटामिन C और विटामिन B6 के साथ बीटा-कैरोटीन भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। शरीर बीटा-कैरोटीन को विटामिन A में बदल देता है, जो त्वचा, आंखों और इम्यूनिटी को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
साल 2019 में Food Science & Nutrition में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, शकरकंद में बीटा-कैरोटीन की भरपूर मात्रा होती है। शरीर इस बीटा-कैरोटीन को विटामिन A में बदल सकता है। विटामिन A आंखों की रोशनी बनाए रखने, त्वचा को स्वस्थ रखने और प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है। इसलिए बीटा-कैरोटीन से भरपूर शकरकंद को डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
यह भी पढ़ें- अंकुरित आलू खाना सेहत के लिए सुरक्षित है या नुकसानदायक? एक्सपर्ट से जानें
भुना हुआ शकरकंद खाने के फायदे
bhuna-hua-shakarkandi-khane-ke-fayde
- छिलके सहित एक मध्यम आकार का शकरकंद खाने से लगभग 4 से 5 ग्राम फाइबर और शरीर की रोजाना की विटामिन A की जरूरत का एक बड़ा हिस्सा मिल सकता है। फाइबर पाचन को बेहतर रखने, पेट को लंबे समय तक भरा रखने और ब्लड शुगर एवं कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित रखने में मदद करता है।
- वहीं, शकरकंद में मौजूद पोटैशियम बीपी को कंट्रोल करने में मदद करता है और हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाता है।
- इसमें मौजूद कैरोटिनॉइड जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में भी मदद करते हैं।
- शकरकंद में विटामिन A और विटामिन C होते हैं। ये दोनों पोषक तत्व प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज में अहम भूमिका निभाते हैं।
- शकरकंद में कार्ब्स और प्राकृतिक शुगर होती है, जिससे शरीर को एनर्जी मिलती है। सर्दियों में इसे नाश्ते या शाम के स्नैक के रूप में खाने से शरीर को एनर्जी मिल सकती है।
कितनी मात्रा में शकरकंद खा सकते हैं?
आमतौर पर एक मध्यम आकार का भुना हुआ शकरकंद रोजाना खा सकते हैं। सर्दियों की डाइट में भुने हुए शकरकंद को सीमित मात्रा में शामिल करना सेहत के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। किडनी की बीमारी के मरीजों को पोटैशियम की मात्रा को लेकर अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
शकरकंद को भुनने का सही तरीका
shakarkand-khane-ke-fayde
- सबसे पहले शकरकंद को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
- शकरकंद को छिलके सहित भूनना बेहतर है, क्योंकि इसके छिलके में भी फाइबर मौजूद होता है।
- स्वाद के लिए थोड़ा काली मिर्च या अन्य हल्के मसाले डाल सकते हैं।
- शकरकंद में चाकू डालकर देखें। अगर वह आसानी से अंदर चला जाता है, तो समझ लें कि शकरकंद अच्छी तरह पक चुका है।
शकरकंद खाते समय इन बातों का ध्यान रखें
- शकरकंद को ज्यादा सेहतमंद बनाने के लिए इसे थोड़े से ऑलिव ऑयल में भूनें और नमक का इस्तेमाल कम करें।
- शकरकंद को अच्छी तरह धोकर छिलके सहित खाना बेहतर है।
- इसे दही, अंडे, पनीर, दाल या सलाद जैसी प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर चीजों के साथ खाएं।
- इसे डीप फ्राई करने या इसमें ज्यादा मक्खन, चीज और चीनी मिलाने से बचें।
क्या डायबिटीज के मरीज शकरकंद का सेवन कर सकते हैं?
हां, डायबिटीज के मरीज शकरकंद का सेवन कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि उबले हुए शकरकंद की तुलना में भूनने पर इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बढ़ सकता है। इसका मतलब है कि इसे खाने से ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ सकता है। डायबिटीज, इंसुलिन रेजिस्टेंस या वेट लॉस करने वाले लोगों के लिए इसका सीमित मात्रा में ही सेवन करने की सलाह दी जाती है।
साल 2011 में Journal Of Nutrition And Metabolism में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, उबले हुए शकरकंद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 41-50 के बीच था, जबकि भुने हुए शकरकंद का GI 79-93 के बीच पाया गया। इससे पता चला कि शकरकंद को पकाने का तरीका ब्लड शुगर पर उसके प्रभाव को बदल सकता है।
निष्कर्ष:
शकरकंद में फाइबर, पोटैशियम, विटामिन B6, C, बीटा-कैरोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। छिलके सहित एक मध्यम आकार का शकरकंद खाने से लगभग 4 से 5 ग्राम फाइबर मिलता है। भुना हुआ शकरकंद खाने से पाचन बेहतर होता है, कोलेस्ट्रॉल और बीपी का स्तर सामान्य रह सकता है, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाव होता है, पेट लंबे समय तक भरा रहता है वगैरह। रोजाना एक मध्यम आकार का शकरकंद खा सकते हैं। शकरकंद को भूनते समय उसमें नमक और ऑयल की मात्रा सीमित रखें। भुनने पर शकरकंद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बढ़ सकता है इसलिए डायबिटिक मरीज सीमित मात्रा में इसका सेवन करें।
image credit: magnific
FAQ
क्या शकरकंद हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद है?
शकरकंद में पोटैशियम और फाइबर पाया जाता है। पोटैशियम शरीर में सोडियम के प्रभाव को संतुलित करने और बीपी को कंट्रोल करने में मदद करता है। वहीं फाइबर कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करता है। इससे हार्ट हेल्थ सुधरती है।शकरकंद खाने के क्या नुकसान हो सकते हैं?
शकरकंद में फाइबर और कार्ब्स होता है। अधिक मात्रा में खाने से कुछ लोगों को गैस, पेट फूलना और पेट में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 19, 2026 15:42 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dt Swetha A