हेल्दी रहने के लिए लोग कई तरह की हर्बल और हेल्दी ड्रिंक्स पीना पसंद करते हैं। इन ड्रिंक्स में हल्दी, काली मिर्च और नींबू का पानी भी शामिल है। हल्दी में करक्यूमिन, काली मिर्च में पिपेरिन और नींबू में विटामिन सी जैसे गुण होते हैं। इनका सेवन संतुलित मात्रा में करना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। हालांकि, इसे किसी बीमारी का इलाज नहीं माना जाना चाहिए, लेकिन बीमारियों से बचाव और हेल्दी रहने के लिए आप रोजाना सुबह खाली पेट इस पानी को पी सकते हैं। आइए इस लेख में मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता से जानते हैं कि रोजाना हल्दी, काली मिर्च में नींबू मिलाकर पीने के क्या फायदे हैं?
रोजाना हल्दी, काली मिर्च और नींबू का पानी पीने के फायदे
डॉ. किरण गुप्ता का कहना है कि रोजाना गर्म पानी में हल्दी, काली मिर्च और नींबू मिलाकर पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है।
1. एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर
हल्दी और नींबू दोनों में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। एंटीऑक्सीडेंट हमारे शरीर में बनने वाले ऑक्सीडेटिव तनाव से निपटने में मदद करते हैं। इसलिए, नियमित रूप से फल, सब्जियां, साबुत अनाज और मसालों वाला संतुलित आहार के साथ इस पानी को पीना आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
2. सूजन को कम करने में फायदेमंद
हल्दी में मौजूद करक्यूमिन अपने एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभावों के लिए जाना जाता है। करक्यूमिन से सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में मदद मिलती है।
3. काली मिर्च से हल्दी का अवशोषण बढ़ता है
हल्दी में मौजूद करक्यूमिन शरीर में सीमित मात्रा में अवशोषित होता है। काली मिर्च में पाए जाने वाला पिपेरिन करक्यूमिन के अवशोषण को बढ़ा सकता है। इसी कारण हल्दी के साथ थोड़ी मात्रा में काली मिर्च का इस्तेमाल किया जाता है।
इसे भी पढ़ें: हल्दी वाला दूध चोट को सच में जल्दी ठीक करता है? एक्सपर्ट से जानें क्या हैं इसके पीछे तथ्य
4. विटामिन C से भरपूर
नींबू विटामिन सी से भरपूर होता है, जो इम्युन सिस्टम को मजबूत बनाने, कोलेजन निर्माण और शरीर में आयरन के अवशोषण जैसी प्रक्रियाओं में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए, यह ड्रिंक शरीर में विटामिन सी की कमी पूरा करने का आसान तरीका हो सकता है।
5. शरीर हाइड्रेट रहता है
इस पानी का नियमित सेवन करने से शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करने में मदद मिल सकती है। अगर किसी व्यक्ति को सादा पानी पीना पसंद नहीं है तो वह सीमित मात्रा में हल्दी, काली मिर्च और नींबू मिलाकर पी सकते हैं।

क्या कहती है स्टडी?
साल 2024 में Food Science & Nutrition में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, हल्दी और काली मिर्च को एक साथ लेने से भोजन के बाद बढ़ने वाले ब्लड शुगर के लेवल को कम करने में मदद करता है। काली मिर्च में मौजूद पिपेरिन हल्दी के करक्यूमिन के अवशोषण को बढ़ा देता है, जिससे ये दोनों मिलकर शरीर में ज्यादा बेहतर तरीके से काम करते हैं।
इस रिसर्च में यह भी बताया गया है कि इस मिश्रण का सेवन भूख और बार-बार खाने की इच्छा को कम करता है तथा पेट भरे होने का एहसास बढ़ाता है। इसके अलावा, यह पाचन को बेहतर रखने का एक अच्छा तरीका है। इससे पेट में गैस, सूजन या बेचैनी जैसी कोई परेशानी नहीं होती है।
साल 2024 में World Journal of Environmental Biosciences में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, गर्म पानी में हल्दी पाउडर, काली मिर्च और नींबू मिलाकर पीने से जोड़ों और मांसपेशियों के दर्द तथा सूजन से काफी राहत मिलती है। यह हर्बल ड्रिंक गठिया के मरीजों के लिए एक अच्छा विकल्प है, जो दर्द को कम करके चलने-फिरने की क्षमता में सुधार करता है। इस स्टडी में यह भी बताया गया है कि दो हफ्ते तक रोजाना इस पानी का सेवन करने से दर्द और सूजन में सुधार होता है।
हल्दी, काली मिर्च और नींबू का पानी कैसे पिएं?
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, आप इस हेल्दी ड्रिंक को इस आसान रेसिपी की मदद से तैयार कर सकते हैं-
- एक गिलास में गुनगुने पानी में चुटकी भर हल्दी, काली मिर्च और नींबू डालें।
- अगर आप चाहें तो काली मिर्च और हल्दी डालकर पानी को उबाल सकते हैं।
- बहुत ज्यादा हल्दी या काली मिर्च डालने से बचें।
- इस ड्रिंक को आप दिन के किसी भी समय चाय की तरह पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: कच्ची हल्दी बनाम हल्दी पाउडर? स्किन के लिए क्या है बेहतर
किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए?
डॉ. किरण गुप्ता कहती हैं कि नींबू में मौजूद एसिड कुछ लोगों में एसिडिटी, सीने में जलन या रिफ्लक्स की समस्या को बढ़ा सकता है। ज्यादा काली मिर्च का सेवन भी सेंसिटिव पेट की समस्या में जलन पैदा कर सकता है। हल्दी का ज्यादा सेवन भी कुछ लोगों में नकारात्मक असर डाल सकता है। इसलिए, इन लोगों को नींबू, हल्दी और काली मिर्च का पानी पीने से बचना चाहिए या डॉक्टर की सलाह पर ही इस ड्रिंक को पीना चाहिए।
- अगर आप नियमित दवाएं लेते हैं
- प्रेग्नेंट महिलाएं
- पित्ताशय की समस्या होने पर
- ब्लीडिंग की समस्या से पीड़ित लोग
निष्कर्ष
हल्दी, काली मिर्च और नींबू का गुनगुना पानी नियमित रूप से पीना सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इस पानी को पीने से ऑक्सीडेटिव तनाव कम होता है, विटामिन सी की कमी पूरी करने में मदद मिलती है और शरीर की सूजन को कम किया जा सकता है। हालांकि, अगर आप प्रेग्नेंट हैं या किसी तरह की दवा पहले से चल रही है तो इस पानी को पीने से पहले डॉक्टर से कंसल्ट कर लें।
Image Credit: Freepik
FAQ
काली मिर्च कब नहीं खानी चाहिए?
पेट में अल्सर, ब्लीडिंग, प्रेग्नेंसी और पित्त बढ़ने पर आपको काली मिर्च का सेवन करने से बचना चाहिए।रोज सुबह खाली पेट गर्म हल्दी वाला पानी पीने से क्या होता है?
सुबह खाली पेट गर्म पानी में हल्दी मिलाकर पीने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं, जिससे पाचन में सुधार, सूजन और दर्द से राहत, इम्यूनिटी बढ़ती है और लिवर को डिटॉक्स करने में मदद मिलती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 17, 2026 10:31 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta