Sat Nov 28, 2026 | 03:19 PM IST

Medically Reviewed by Dr. Pooja Pillai , Internal Medicine

नाखूनों पर सफेद धब्बे क्यों बनते हैं? क्या यह पोषक तत्वों की कमी का संकेत है?

नाखूनों पर सफेद धब्बे, जिन्हें ल्यूकोनीकिया कहते हैं, अक्सर नाखून की हल्की चोट के कारण होते हैं, न कि सिर्फ पोषक तत्वों की कमी से। हालांकि, स्वस्थ नाखूनों के लिए बैलेंस डाइट जरूरी है, लेकिन अगर धब्बे फैलें या बनावट बदले तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
नाखूनों पर सफेद धब्बे क्यों बनते हैं? क्या यह पोषक तत्वों की कमी का संकेत है?Image Credit: Magnific

कई बार लोगों को नाखूनों पर सफेद धब्बे दिखने की समस्या होती है। जिसको अक्सर लोग आम परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, तो वहीं कुछ लोग इसको कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों की कमी मान लेते हैं, लेकिन यह समस्या स्वास्थ्य से जुड़ी किसी समस्या या शरीर में पोषक तत्वों की कमी के कारण हो सकती है। ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि कौन से पोषक तत्वों की कमी नाखूनों को प्रभावित कर सकते हैं? ऐसे में आइए Dr. Pooja Pillai, Consultant - Internal Medicine, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।

नाखूनों पर सफेद धब्बे क्यों आते हैं?

डॉ. पूजा के अनुसार, नाखूनों पर सफेद धब्बे या निशान होना एक आम बात है, जिसे मेडिकल भाषा में ल्यूकोनीकिया (leukonychia) कहा जाता है। ये एक या ज्यादा नाखूनों पर छोटे सफेद बिंदुओं, रेखाओं या बड़े निशानों के रूप में दिखाई दे सकते हैं।

हालांकि, कई लोग इन धब्बों को कैल्शियम या जिंक की कमी से जोड़ते हैं, लेकिन इनका सबसे आम कारण नाखून या नेल मैट्रिक्स (nail matrix) पर लगी कोई हल्की चोट है। नेल मैट्रिक्स वह हिस्सा होता है, जहां से नाखून बढ़ता है।

1. नेल मैट्रिक्स के नुकसान के कारण

डॉ. पूजा आगे कहती हैं, अचानक कहीं टकरा जाना, नाखून चबाना, जोर-जोर से मैनीक्योर करना, बार-बार नाखून घिसना (फाइलिंग) या नाखूनों पर दबाव पड़ने से नेल मैट्रिक्स को नुकसान पहुंच सकता है।

इसके कारण, जैसे-जैसे नाखून बढ़ता है, उस पर सफेद निशान दिखाई देने लगते हैं। ये धब्बे आमतौर पर नुकसानदायक नहीं होते हैं। जैसे-जैसे नाखून बढ़ता है, ये धब्बे धीरे-धीरे नाखून के ऊपरी सिरे (टिप) की ओर खिसकते जाते हैं और आखिर में गायब हो जाते हैं।

इसे भी पढ़ें: नाखून भी बताते हैं शरीर में आयरन की कमी का संकेत, डॉक्टर से जानें कैसे पहचानें 

White Spots On The Nails A Sign Of Nutritional DeficiencyImage Credit: Magnific

2. पोषक तत्वों की कमी के कारण

कभी-कभी पोषक तत्वों की कमी से नाखूनों की सेहत में बदलाव आ सकता है, लेकिन सिर्फ सफेद धब्बे दिखना किसी खास पोषक तत्व की कमी का पक्का संकेत नहीं है। जिंक, आयरन और कुछ अन्य पोषक तत्वों की कमी से नाखूनों की स्थिति पर असर पड़ सकता है, जिससे वे कमजोर, भंगुर (आसानी से टूटने वाले) हो सकते हैं या उनकी ग्रोथ स्लो हो सकती है।

हालांकि, सिर्फ सफेद धब्बे होने से यह साबित नहीं होता है कि शरीर में कैल्शियम, जिंक या किसी अन्य पोषक तत्व की कमी है।

3. फंगल इंफेक्शन के कारण

कुछ मामलों में, नाखूनों का रंग सफेद होना फंगल इंफेक्शन से भी जुड़ा हो सकता है, खासकर तब जब नाखून मोटे हो जाएं, भुरभुरे हो जाएं या उन पर पाउडर जैसा कुछ दिखाई देने लगे।

4. दवाइयों या मेडिकल कंडीशन के कारण

कुछ दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याएं भी नाखूनों के रंग में बदलाव ला सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: सर्दी से गलने लगी है नाखून के नीचे की त्वचा? खुद एक्सपर्ट ने बताया है इस इंफेक्शन के लिए घरेलू उपाय

क्या कहती है स्टडी?

साल 2022 में American Journal of Clinical Dermatology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, नाखूनों पर दिखने वाले सफेद धब्बे (ल्यूकोनीशिया) आमतौर पर कैल्शियम या आयरन की कमी के कारण नहीं होते है, बल्कि इनका सबसे आम कारण उंगली का कहीं दब जाना, नाखून चबाना या कड़े मैनीक्योर जैसी हल्की चोटें होती हैं, जो नाखून बढ़ने के साथ अपने आप आगे खिसककर खत्म हो जाती हैं।

कभी-कभार नेल पॉलिश या रिमूवर के अधिक इस्तेमाल, फंगल इंफेक्शन या त्वचा की समस्याओं से भी ऐसा हो सकता है, जबकि सिर्फ खास स्थितियों में जिंक या सेलेनियम की कमी, विटामिन B3 की कमी, गंभीर प्रोटीन की कमी या अत्यधिक कम कैल्शियम स्तर सफेद धब्बों या रेखाओं से जुड़े हो सकते हैं। इसलिए आम सफेद धब्बे दिखने पर तुरंत किसी पोषण की कमी मान लेने के बजाय नाखूनों की सामान्य देखभाल करना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेना ही सबसे सही रहता है।

हेल्दी नाखूनों के लिए जरूरी पोषक तत्व

डॉ. पूजा के अनुसार, प्रोटीन, जिंक, आयरन, कैल्शियम और जरूरी विटामिन से भरपूर बैलेंस डाइट लेने से नाखूनों को स्वस्थ रूप से बढ़ने में मदद मिलती है। ऐसे में अंडे, डेयरी प्रोडक्ट, नट्स, सीड्स, दालें, साबुत अनाज और हरी पत्तेदार सब्जियां नाखूनों की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकती हैं।

डॉक्टर से सलाह कब लें?

डॉ. पूजा के अनुसार, अगर ये सफेद निशान फैलने लगें, कई नाखूनों पर दिखाई दें या नाखूनों की बनावट, मोटाई या साइज में भी बदलाव आए, तो डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी हो सकता है।

कुल मिलाकर, कभी-कभार दिखने वाले सफेद धब्बे आमतौर पर नुकसानदायक नहीं होते हैं और अक्सर किसी हल्की शारीरिक चोट के कारण होते हैं। तुरंत यह मान लेने के बजाय कि शरीर में पोषक तत्वों की कमी है, यह देखना जरूरी है कि धब्बे कैसे दिख रहे हैं, उनके साथ और क्या लक्षण हैं और नाखूनों की कुल स्थिति कैसी है?

निष्कर्ष

नाखूनों पर दिखने वाले सफेद धब्बे या निशान को ल्यूकोनीकिया कहा जाता है, जो आमतौर पर नुकसानदायक नहीं होते हैं। इनका सबसे आम कारण नाखून के बढ़ने वाले हिस्से यानी नेल मैट्रिक्स पर लगी हल्की चोट, दबाव या मैनीक्योर-फाइलिंग से हुआ नुकसान होता है और नाखून बढ़ने के साथ ये निशान आगे बढ़कर खत्म हो जाते हैं। सिर्फ सफेद धब्बे होने से यह पक्का नहीं होता कि कैल्शियम या जिंक की कमी है, हालांकि पोषक तत्वों की कमी नाखूनों को कमजोर कर सकती है। फंगल इंफेक्शन, दवाइयों या अन्य समस्याओं में नाखून मोटे या भुरभुरे हो सकते हैं, इसलिए धब्बे बढ़ने या बनावट बदलने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

इसके अलावा, बैलेंस डाइट लेना नाखूनों की सेहत बनाए रखने में मदद कर सकता है।

FAQ

  • किन बीमारियों में नाखूनों से जुड़ी समस्या होती है?

    फंगल इंफेक्शन, पैरोनिशिया, नेल सोरायसिस, एक्जिमा, लाइकेन प्लेनस, डायबिटीज, थायराइड की बीमारी, दिल की बीमारी, लंग्स, किडनी की बीमारियों और लिवर से जुड़ी समस्या होने पर व्यक्ति को नाखूनों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
  • पोषक तत्वों की कमी से क्या परेशानियां होती हैं?

    शरीर में पोषक तत्वों की कमी के कारण व्यक्ति को बालों के झड़ने, कमजोरी, थकान, मांसपेशियों में दर्द, हड्डियों से जुड़ी समस्याएं, इम्यूनिटी कमजोर होने, काम पर फोकस करने में परेशानी होने, स्किन और आंखों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

Read Next

जवानी में ही बढ़ गया है ब्लड प्रेशर? तुरंत जीवनशैली में करें ये 7 बदलाव, दिखेगा असर

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 28, 2026 14:44 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr. Pooja Pillai