
लगातार घंटों काम करना कामकाजी लोगों की जिंदगी बनती जा रही है, ऐसे में दिमाग और शरीर को ऊर्जावान बनाये रखने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन कीजिए।
ऑफिस में घंटों एक ही जगह बैठकर काम करने के कारण लोगों को आलस तो आता है साथ जंक और तले-भुने आहार का सेवन करने से वजन भी बढ़ता है। ऐसे में ऑफिस में खान-पान का सही ख्याल आपको शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में मदद करता है।
वर्तमान में ज्यादातर लोग कामकाजी हैं, जिंदगी में आगे बढ़ने और अलग करने की चाहत के कारण स्वस्थ खानपान की तरफ ध्यान नहीं जा पाता। जिसके कारण युवाओं में भी ऐसी बीमारियां हो रही हैं जो पहले उम्रदराज लोगों को होती है। कई ऐसे आहार भी हैं जिनके सेवन से आपका वजन भी नहीं बढ़ता और आप एनर्जेटिक भी हो जाते हैं।
उठने के बाद
उठने के एक घंटे के बाद मेटाबॉलिज्म को सुचारु रखने के लिए कुछ न कुछ खाइए। इसके लिए आप फल और बादाम, कद्दू और सूरजमुखी के बीज, आखरोट आदि खाइये। ये फाइबर, प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं।
ब्रेकफास्ट
कामकाजी लोगों के लिए ब्रेकफास्ट बहुत जरूरी है, क्योंकि यह पूरे शरीर और दिमाग को निनभर तरोताजा रखता है। इसके अलावा ब्रेकफास्ट करने से ब्लड शुगर भी ठीक रहता है। नाश्ते में उबले हुए अंडे और संतरे का सेवन कीजिए। जो लोग शाकाहारी हैं वे टोस्ट के साथ मूंगफली खायें, इसमें बटर की मात्रा कम ही रखें, इससे आपको प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट मिलेगा जो आपको दिनभर ऊर्जावान रखेगा और आपका वजन भी नहीं बढ़ेगा।
चाय और कॉफी
अगर आपको चाय और कॉफी अधिक पीने की आदत है तो इसे कम कर दीजिए, इसकी जगह पर ग्रीन टी का सेवन कीजिए। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं जो आपके मेटाबॉलिज्म को सुचारु रखते हैं।
लंच से पहले स्नैक
कार्यालय में लंच करने से पहले स्नैक्स के रूप में नारियल पानी, ताजे फलों का जूस, छाछ आदि का सेवन कर सकते हैं। यह आपके शरीर में पीएच (शरीर में अम्ल, क्षार और अन्य रसायनों का स्तर) को संतुलित रखता है।
लंच के समय
आप लंच में जो भी खाते से उसका सबसे ज्यादा असर आपके वजन और ऊर्जा पर पड़ता है। इसलिए इस समय पौष्टिक आहार का सेवन कीजिए। इडली और सांभर, गेंहू की चपाती, दालें, सलाद आदि का सेवन कीजिए। अगर आप नॉनवेजीटेरियन हैं तो चिकेन खा सकते हैं। लंच के दौरान पनीर खाने से बचें।
लंच के बाद
हर दो घंटे बाद के अंतराल पर खाने से दिमाग अच्छे से काम करता है और वजन भी नहीं बढ़ता। लंच के दो घंटे के बाद शरीर को उर्जावान बनाये रखने के लिए प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट युक्त बादाम, काजू, मूंगफली, कम वसा वाला पनीर, दही, आदि का सेवन कीजिए।
डिनर
रात का खाना सोने से दो घंटे पहले करना चाहिए, इससे आपका खाना अच्छे से पच जायेगा और एसिडिटी की शिकायत नहीं होगी। रात को आपकी कोशिश यह होनी चाहिए कि हल्का खायें। सलाद रात के खाने में जरूर शामिल करें, इससे आप ओवरईटिंग से बचे रहेंगे।
इसके अलावा 8-10 गिलास पानी पानी पीजिए। शरीर की ऊर्जा और शरीर का वजन खानपान पर ही निर्भर करता है। यदि आप पौष्टिक आहार का सेवन करेंगे तो फिट रहेगें और बीमारियों से भी बचेंगे।
Read More Articles on Office Health in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।