गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं के शरीर में हुए बदलाव का असर प्रसव (डिलीवरी) के बाद दिखता है। ज्यादातर महिलाओं में यह देखा गया है कि वह डिलीवरी के बाद बच्चे की देखभाल में व्यस्त हो जाती हैं और इसकी वजह से खुद की सेहत का ख्याल रखना मुश्किल हो जाता है। गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य में हुए बदलाव और हॉर्मोन में चेंज की वजह से शरीर की समस्याओं को दूर करने के लिए महिलाओं को खुद की सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। प्रसव के बाद महिलाओं के शरीर को विशेष पोषण (Post Pregnancy) की जरूरत होती है और इसके लिए उन्हें अपने खानपान का ध्यान जरूर रखना चाहिए। प्रसव के बाद महिलाओं के लिए फायदेमंद 4 ड्रिंक्स के बारे में बता रही हैं हैदराबाद के अपोलो हॉस्पिटल की डायटीशियन डॉ दीपिका रानी, आइये जानते हैं उन 4 ड्रिंक्स के बारे में जिनका सेवन डिलीवरी के बाद मां और बच्चे दोनों की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है।
डिलीवरी के बाद नई मांओं के लिए फायदेमंद 4 ड्रिंक्स (Healthy Drinks for Post Pregnancy and Delivery)
प्रसव यानि डिलीवरी के बाद मां का शरीर कई बदलावों से गुजरता है और सभी प्रकार के आंतरिक घावों, कमजोरी और थकान से उबरने का काम करता है। इसलिए ऐसे समय में शरीर को अतिरिक्त पोषण की जरूरत होती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक डिलीवरी के बाद 5 माह तक इन 4 ड्रिंक्स का सेवन बहुत फायदेमंद होता है।
टॉप स्टोरीज़
1. त्रिफला की चाय (Triphala Tea)
प्रसव के बाद नयी मांओं के लिए त्रिफला का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है। आयुर्वेद में त्रिफला को औषधि माना जाता है। पेट और शरीर से जुड़ी कई समस्याओं में त्रिफला का सेवन प्राचीन काल से किया जा रहा है। त्रिफला में आंवला, हरड़ और बहेड़ा मिलाया जाता है। पेट से जुड़ी समस्याओं में यह रामबाण का काम करता है। चूंकि प्रेग्नेंसी के दौरान और उसके बाद महिलाओं को पेट और पाचन से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रेग्नेंसी के बाद त्रिफला की चाय का सेवन करना फायदेमंद होता है। डिलीवरी के बाद पेट और पाचन से जुड़ी सभी समस्याओं को दूर करने में यह फायदेमंद होता है। आइये जानते हैं त्रिफला की चाय बनाने का तरीका।
- त्रिफला की चाय बनाने के लिए सबसे पहले दो कप पानी लें।
- अब इस पानी में दो चम्मच त्रिफला का चूर्ण मिला लें।
- अब इसे अच्छी तरह से ढककर उबालें।
- आधा हो जाने पर इस पानी को छान लें और पी जाएं।
- नियमित रूप से कुछ दिनों के लिए इस चाय का सेवन करें।

2. लेमनग्रास ड्रिंक (Lemongrass Drink)
डिलीवरी के बाद शरीर को स्वस्थ और फिट बनाये रखने के लिए महिलाओं को लेमनग्रास ड्रिंक का सेवन जरूर करना चाहिए। इसका सेवन डिलीवरी के बाद शरीर के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इस ड्रिंक का सेवन करने से मां का शरीर तो स्वस्थ रहता ही है बल्कि इसका सेवन करने से मां के दूध के निर्माण में भी फायदा मिलता है। तो इस प्रकार यह ड्रिंक मां और बच्चे दोनों के लिए फायदेमंद होती होती है। आइये जानते हैं इसे तैयार करने के तरीके के बारे में।
- लेमनग्रास, सोंठ, हल्दी और केसर को लें।
- इसे एक कप पानी में मिलाकर थोड़ी देर के लिए उबालें।
- कुछ देर बाद इसे उतार लें और छानकर इसका सेवन करें।

3. अश्वगंधा और इलायची की चाय (Ashwagandha and Cardamom Tea)
डिलीवरी के बाद शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए अश्वगंधा और इलायची की चाय बहुत फायदेमंद होती है। महिलाओं में प्रसव यानि डिलीवरी के बाद गैस, एसिडिटी या ज्वाइंट पेन की समस्या जरूर होती है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए अश्वगंधा और इलायची की चाय बहुत फायदेमंद मानी जाती है। आइये जानते हैं अश्वगंधा और इलायची की चाय बनाने के तरीके के बारे में।
- एक कप पानी में एक चम्मच अश्वगंधा और दो इलायची कूटकर डालें।
- इसे ढक्कन से बंद करके धीमी आंच पर थोड़ी देर के लिए उबालें।
- जब पानी आधा बचे तो इसे छानकर इसका सेवन करें।
4. लहसुन का दूध (Garlic Milk)
लहसुन में तमाम एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। इसके अलावा लहसुन में एंटीबायोटिक, एंटीबैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीवायरल गुण होते हैं। इसलिए प्रेग्नेंसी के बाद शरीर को संक्रमण आदि से बचाने में लहसुन का इस्तेमाल बहुत फायदेमंद होता है। पाचन से जुड़ी समस्याओं में भी लहसुन के दूध का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। अगर आपको डिलीवरी के बाद शरीर में सूजन की समस्या है तो इसमें भी लहसुन के दूध का सेवन फायदेमंद होता है। आइये जानते हैं इसे तैयार करने के तरीके के बारे में।
- 3 से 4 लहसुन की कलियां लें और इसक पेस्ट बना लें।
- अब इस पेस्ट को थोड़े से पानी में डालकर कुछ देर उबालें।
- अच्छी तरह से उबल जाने के बाद इसे छान लें।
- अब इसमें एक कप दूध मिलाएं।
- मिठास के लिए थोड़ी चीनी या शहद मिला लें।
- रात में सोने से पहले इसका सेवन करें।

डिलीवरी के बाद इन ड्रिंक्स का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। ये ड्रिंक्स शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर करने में भी फायदेमंद होती हैं। इनका सेवन करने से पहले अपनी चिकित्सक से इसके बारे में जानकारी जरूर लें। अगर आपको यह लेख पसंद आया हो तो इसे शेयर जरूर करें।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi