Doctor Verified

आपकी भूख को बढ़ा सकती है हरड़ (हरीतकी), जानिए फायदे और सेवन के तरीके

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और अनियमित खानपान के कारण कई लोगों को भूख कम लगने जैसी समस्याएं होने लगी हैं। यहां जानिए, भूख बढ़ाने के लिए क्या करें?
  • SHARE
  • FOLLOW
आपकी भूख को बढ़ा सकती है हरड़ (हरीतकी), जानिए फायदे और सेवन के तरीके


मॉडर्न लाइफस्टाइल के साथ अनियमित खानपान के कारण लोगों को कई तरह की पेट संबंधी समस्याएं होने लगी हैं। अपच, गैस, एसिडिटी और भूख कम लगने जैसी दिक्कतें आज के समय में आम हो गई हैं। इसके पीछे मुख्य कारण है हमारी बिगड़ी हुई लाइफस्टाइल और सही पोषण की कमी। कई बार लोग भूख न लगने की समस्या को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लंबे समय तक यह परेशानी बनी रहे तो यह शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकती है। आयुर्वेद में पेट की समस्याओं के लिए कई नेचुरल जड़ी-बूटियों का उल्लेख किया गया है, जिनमें से हरड़ (हरीतकी) को सबसे प्रभावी माना जाता है। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से जानिए, भूख बढ़ाने के लिए हरड़ का सेवन कैसे करें और इसके क्या फायदे होते हैं?

हरड़ क्या है? - What Is Harad

आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि हरड़ को आयुर्वेद में 'मां' का दर्जा दिया गया है, क्योंकि यह न केवल पाचन को सुधारने में मदद करती है बल्कि भूख बढ़ाने में भी बेहद लाभकारी होती है। यह शरीर के तीनों दोषों - वात, पित्त और कफ को संतुलित करने में मदद करती है और पेट की सफाई कर पाचन क्रिया को मजबूत बनाती है। आयुर्वेद के अनुसार, हरड़ का सेवन अलग-अलग ऋतुओं में अलग-अलग चीजों के साथ किया जाता है, जिससे इसके फायदे और भी अधिक बढ़ जाते हैं। यह न केवल भोजन को अच्छे से पचाने में मदद करती है, बल्कि शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर डिटॉक्स का भी काम करती है।

इसे भी पढ़ें: Constipation Remedies: कब्ज की समस्या से राहत दिलाएगा ये आयुर्वेदिक नुस्खा, पाचन-तंत्र में होगा सुधार

हरड़ भारत के विभिन्न हिस्सों में पाई जाती है और इसकी सात प्रमुख प्रजातियां होती हैं। आयुर्वेद में इसे पंच रस युक्त और लवण रहित माना गया है। इसकी तासीर ठंडी (शीत) होती है और विपाक में यह मधुर होती है। इसके कई फायदे हैं, खासकर पाचन तंत्र और भूख बढ़ाने के संदर्भ में। अगर आपको भी भूख कम लगने की समस्या है या पाचन से जुड़ी कोई परेशानी है, तो हरड़ का सही तरीके से सेवन आपके लिए लाभकारी हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: त्वचा और बालों के लिए बेहद फायदेमंद होती है हरड़, जानें इस्तेमाल का सही तरीका

भूख बढ़ाने के लिए हरड़

आयुर्वेद के अनुसार, हरड़ का सेवन पाचन शक्ति को दुरुस्त करता है और भूख बढ़ाने में मदद करता है। यह दीपनीय (अग्नि को प्रज्वलित करने वाला), पाचनीय (पाचन को सुधारने वाला) और अनुलोमनीय (आंतों को साफ करने वाला) गुणों से भरपूर है। जिन व्यक्तियों को भूख न लगने या पाचन की समस्या का सामना करना पड़ता है, उनके लिए हरड़ एक उत्कृष्ट उपाय है। यह पेट में सूजन, गैस और कब्ज जैसी समस्याओं को भी दूर करने में मदद करता है, जिससे शरीर को पोषण मिल पाता है।

Haritaki Benefits to Improve Appetite

ऋतु के अनुसार हरड़ का सेवन

आयुर्वेद में यह कहा गया है कि हरड़ का सेवन ऋतु के अनुसार अलग-अलग चीजों के साथ करना चाहिए, ताकि इसके गुणों का सही रूप से लाभ उठाया जा सके। इसे “ऋतु हरीतकी” कहा जाता है, जिसमें ऋतु के हिसाब से हरड़ को विभिन्न पदार्थों के साथ लिया जाता है:

1. सर्दियों और बसंत में

इस समय हरड़ को शहद के साथ सेवन करने से शरीर को गरमी मिलती है और पाचन शक्ति भी मजबूत होती है।

2. ग्रीष्म ऋतु में

ग्रीष्म ऋतु में हरड़ को घी के साथ लिया जाता है, जो शरीर को ठंडक प्रदान करता है और शरीर के तापमान को संतुलित करता है।

3. वर्षा ऋतु में

वर्षा ऋतु में हरड़ का सेवन गुड़ के साथ करना चाहिए, जिससे शरीर को गर्मी से राहत मिलती है और पाचन तंत्र को लाभ होता है।

हरड़ के अन्य फायदे

  • यह शरीर में बढ़े हुए कफ को कम करता है और त्रिदोष (वात, पित्त, कफ) को संतुलित करता है। इसके सेवन से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी बढ़ती है।
  • बच्चों को अक्सर गैस और पेट की समस्याएं होती हैं और इस मामले में हरड़ बहुत लाभकारी होती है। यह पेट की अंदरूनी सफाई करती है और गैस व कब्ज की समस्याओं को दूर करने में मदद करती है।
  • हरड़ के सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है और यह शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से पेट की सभी समस्याएं धीरे-धीरे ठीक हो जाती हैं।

हरड़ का सेवन कैसे करें?

हरड़ को चूर्ण या मुरब्बा के रूप में लिया जा सकता है। इसके अलावा, इसे शहद, घी, या गुड़ के साथ भी खाया जा सकता है। हरड़ के मुरब्बे का सेवन बच्चों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यह उन्हें भूख लगाने और पाचन तंत्र को दुरुस्त करने में मदद करता है। यदि आप हरड़ का चूर्ण इस्तेमाल करते हैं, तो इसकी सही मात्रा का ध्यान रखना चाहिए, ताकि इसके लाभ मिल सकें और कोई नुकसान न हो।

निष्कर्ष

हरड़ त्रिदोष शमन, कफ नाशक और पेट से जुड़ी समस्याओं के लिए एक बेहतरीन उपाय है। हालांकि, इसका सेवन करते वक्त आपको सही मात्रा का ध्यान रखना चाहिए और इसे ऋतु के अनुसार सेवन करना चाहिए। अगर आपको किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या है तो आयुर्वेदाचार्य से परामर्श लेकर हरड़ का सेवन करना सबसे अच्छा रहेगा।

All Images Credit- Freepik

Read Next

सोने से पहले सौंफ और जीरे का पानी पीने से सेहत को मिलते हैं ये 5 फायदे

Disclaimer