
Effective Ways To Use Coconut Oil For Curly Hair In Hindi: बालों के स्वास्थ्य को मेंटेन करना इन दिनों काफी मुश्किल हो गया है। अच्छे से अच्छा प्रोडक्ट लगाने के बावजूद, हेयर फॉल, बालों का कमजोर होना, बालों की वॉल्यूम का कम होना और रूखे बालों की समस्या बढ़ती जा रही है। सामान्य बालों की तुलना में घुंघराले बालों की केयर करना और भी मुश्किल है। दरअसल, घुंघराले बालों में गंदगी, चिपचिपापन और पसीने की वजह से होने वाली अन्य समस्याएं आसनी से हो जाती हैं। ऐसे में घुंघराले बालों की देखभाल करने के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। नारियल तेल में प्राकृतिक गुण मौजूद होते हैं, जो बालों को जड़ों से मजबूत बनाते हैं और अच्छी तरह मॉइस्चराइज भी करते हैं। हालांकि, नारियल तेल के इस्तेमाल से आपको ज्यादा से ज्यादा फायदा मिले, इसके लिए जरूरी है कि आप सही तरह से नारियल तेल का इस्तेमाल करें। पेश है, घुंघराले बालों में नारियल तेल लगाने के तरीके।
गुनगुना नारियल तेल
घुंघराले बालों पर नारियल तेल का इस्तेमाल करने का सबसे आसाना तरीका है कि आप तेल की मदद से सिर की मालिश करें। नारियल तेल से सिर की मसाज करने के लिए एक चम्मच नारियल तेल को गुनगुना कर लें। आप चाहें, तो नारियल तेल को गुनगुना करने के लिए माइक्रोवेव का इस्तेमाल कर सकते हैं। माइक्रोवेव में महज 2 से 3 सेकेंड के लिए ही तेल को गर्म करें। अब इस तेल से सिर की मसाज करें। मसाज स्कैल्प की गहराई तक करें। करीब एक घंटे तक तेल को बालों में लगा रहन दें। अब हेयर वॉश कर लें। हेयर वॉश करने के बाद बालों में कर्ली हेयर कंडीशनर का इस्तेमाल करना न भूलें।
इसे भी पढ़ें: घुंघराले बालों की इन 5 तरीकों से करें देखभाल, बाल रहेंगे स्मूद-मॉइस्चराइज्ड
नारियल तेल के साथ बादाम तेल लगाएं
अगर आपके बाल कर्ली होने के साथ-साथ रूखे भी हैं, तो आप नारियल तेल में बादाम तेल मिक्स कर लें। आप अपने बालों की लंबाई के अनुसार एक-एक चम्मच नारियल और बादाम तेल मिक्स करें। ध्यान रखें, तेल अच्छी तरह आपस में मिक्स हो जाएं। इसके बाद इस तैयार तेल से बालों को मसाज करें। चूंकि, आपके कर्ली हयेर हैं, ऐसे में नारियल और बादाम तेल से तैयार मिक्स्ड तेल को लगाने के लिए, बालों को दो हिस्सों में बांट लें। अब, एक-एक हिस्से में मसाज करते हुए तेल लगाएं। अंत में बालों का जूड़ा बना लें। करीब एक घंटा या तीस मिनट तक बालों में तेल लगा रहने दें। इसके बाद हेयर वॉश कर लें।
इसे भी पढ़ें: घुंघराले बालों को मॉइस्चराइज करने के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स, बढ़ेगी सॉफ्टनेस और शाइन
नारियल तेल में नींबू का रस
कर्ली हेयर वालों के सिर में अगर डैंड्रफ है, तो उन्हें इससे राहत पाने के लिए नारियल तेल में नींबू के रस की कुछ बूंदे मिला देनी चाहिए। अब इस तैयार तेल के मिश्रण से बालों की मालिश करें। अगर जरूरत, तो आप तेल की मात्रा बढ़ा सकते हैं। अगर आपके सिर में डैंड्रफ बहुत ज्यादा हैं, तो आप आधी कटोरी नींबू का रस लें। इसमें कॉटन पैड गीला करें। इस गीले कॉटन पैड से अपने सिर में लगाएं। नारियल तेल से मसाज करने के बाद इस प्रक्रिया को दोहराएं। आधा घंटे बाद हेयर वॉश कर लें। अच्छे रिजल्ट के लिए सप्ताह में दो बार इस प्रक्रिया को दोहरा सकते हैं।
नारियल तेल में मेथी
यह बात तो सभी जानते हैं कि मेथी बालों के लिए बहुत ही उपयोगी है। इससे बालों का झड़ना कम होता है और हेयर ग्रोथ भी बेहतर होती है। नारियल तेल के साथ मेथी को मिक्स करने के लिए एक चम्मच मेथी दानों को रात भर पानी में भिगो लें। अगली सुबह बीजों का पेस्ट बना लें। इस मिश्रण में नारियल तेल को मिक्स करें। अब इस तैयार मिश्रण को बालों की जड़ों में लगाएं। करीब आधे घंटे के लिए मिश्रण को लगाकर छोड़ दें। अब शैंपू से हेयर वॉश कर लें।
इन बातों का रखें ध्यान
- कर्ली बालों में नारियल तेल का प्रभाव गहरा हो, इसके लिए आप ऑयलिंग करने के बाद शॉवर कैप लगा लें। इससे स्कैल्प में तेल अच्छी तरह अब्जॉर्ब हो जाता है।
- अगर आप नारियल तेल से रात को मसाज कर रहे हैं, तो बालों की अच्छी तरह चोटी बना लें। लेकिन, चोटी ढीली हो। इससे बाल उलझते नहीं हैं और टूटने के चांसेज कम हो जाते हैं।
- गुनगुने नारियल तेल को इस्तेमाल करने से बालों के क्यूटिकल्स खुलते हैं, जिससे बालों की उलझन कम होती है और कंघी करने में दर्द भी कम होता है।
image credit: freepik