हेल्दी रहने के लिए डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट्स डाइट में फलों को शामिल करने की सलाह देते हैं, जिनसे शरीर को सही मात्रा में जरूरी न्यूट्रिएंट्स प्राप्त हो सकें। लेकिन, आजकल की बिजी लाइफस्टाइल में लोगों के पास सुबह-सुबह समय की कमी होती है, ऐसे में फलों को खाने की जगह लोग खाली पेट नाश्ते में जूस पीना शुरू कर देते हैं। लोगों को लगता है कि जूस उनकी सेहत के लिए फायदेमंद है और इससे शरीर को ताकत मिलेगी, जबकि असल में ऐसा बिल्कुल नहीं है। अगर आप भी अपने दिन की शुरुआत फ्रूट जूस से करते हैं तो आज से ही ऐसा करना बंद कर दीजिए। आयुर्वेद में खाली पेट फलों का रस यानी फ्रूट जूस पीना सेहत के लिए नुकसानदायक बताया गया है। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) खाली पेट जूस पीने के नुकसान बता रहे हैं।
आयुर्वेद के अनुसार खाली पेट जूस पीने के नुकसान - Disadvantages Of Juice On Empty Stomach According To Ayurveda In Hindi
डॉक्टर श्रेय ने बताया कि उनके पास कई ऐसी मरीज आते हैं, जिन्हें पाचन से जुड़ी समस्याएं रहती हैं। ऐसे में जब मरीजों से उनके खानपान के बारे में पूछा जाता है तो पता चलता है कि वह फ्रूट जूस के साथ अपने दिन की शुरुआत करते हैं, जिसे वह हेल्दी समझते हैं। डॉक्टर ने बताया कि असल में खाली पेट फ्रूट जूस पीने से ही सबसे ज्यादा पेट से जुड़ी समस्याएं होती हैं, लोगों को सुबह के समय फ्रूट जूस पीने के बजाय साबुत फलों को अच्छे से धोने के बाद खाना चाहिए। सेब, चीकू जैसे फलों को उनके छिलकों के समेत ही खाएं, इससे शरीर को पोषण मिलता है और आप एनर्जेटिक महसूस करेंगे।
इसे भी पढ़ें: गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या पीना चाहिए? आयुर्वेदाचार्य से जानें
डॉक्टर ने बताया कि आयुर्वेद में खाली पेट फ्रूट जूस पीने की मनाही है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यह शरीर में मौजूद तीनों दोषों (वात, पित्त और कफ) और अग्नि (पाचन अग्नि) के संतुलन को बिगाड़ सकता है। अगर व्यक्ति सुबह खाली पेट जूस का सेवन करता है तो इससे पाचन अग्नि कमजोर हो सकती है, जिससे व्यक्ति को पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। डॉक्टर ने सलाह दी है कि फ्रूट जूस के सेवन से बचना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि इससे शरीर में शुगर स्पाइक होता है लेकिन अगर आपको जूस पीना पसंद है तो 15 दिन में एक बार इसे पिएं और इस बात का खास ध्यान रखें कि जूस खाली पेट न पिएं, बल्कि इससे पहले आप हल्का भोजन कर चुके हों।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज रोगी करें आंवला और हल्दी का सेवन, मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे
खाली पेट जूस पीने के नुकसान
1. खाली पेट जूस पीना अपच, एसिडिटी और अन्य पेट संबंधित समस्याओं का कारण बन सकता है।
2. खाली पेट फ्रूट जूस पीने से रक्त शर्करा स्तर यानी ब्लड शुगर लेवल में बदलाव हो सकता है, जो डायबिटीज जैसी बीमारियों का कारक हो सकता है।
3. खाली पेट जूस पीने से शरीर को आवश्यक पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि फ्रूट जूस में फाइबर की कमी होती है। यह कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
आयुर्वेद के अनुसार, खाली पेट रस पीने के नुकसान को ध्यान में रखते हुए, हमें स्वस्थ आहार के प्रति जागरूक रहना चाहिए और अपने खाने-पीने की आदतों को सुधारना चाहिए।
All Images Credit- Freepik