Difference Between Sciatica and Back Pain: आजकल की लाइफस्टाइल में कमर दर्द एक आम समस्या बन चुकी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर कमर दर्द सिर्फ मसल्स स्ट्रेन या थकान की वजह से नहीं होता? कई बार यह दर्द एक गंभीर समस्या साइटिका (Sciatica) का संकेत हो सकता है। लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव ने बताया कि साइटिका तब होता है जब कमर से लेकर पैरों तक जाने वाली साइएटिक नस (Sciatic Nerve) दब जाती है, जिससे तेज जलन, झनझनाहट और असहनीय दर्द महसूस होता है। दिक्कत तब होती है जब लोग इसे सिर्फ सामान्य कमर दर्द समझकर घरेलू उपायों या पेनकिलर से काम चला लेते हैं। इससे न केवल तकलीफ बढ़ती है बल्कि इलाज में भी देर हो जाती है, जो स्थिति को और बिगाड़ सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि आप साइटिका और सामान्य कमर दर्द के बीच के फर्क को समझें और सही समय पर डॉक्टर से इलाज करवाएं। इस लेख में हम बताएंगे कि साइटिका और कमर दर्द में अंतर क्या है, कैसे पहचानें कि आपको कौन सी समस्या है और इसका सही इलाज क्या है।
साइटिका के लक्षण- Symptoms of Sciatica
- कमर से हिप्स तक होते हुए पैर तक दर्द जाना (अक्सर एक ही पैर में)।
- पैरों में झनझनाहट, जलन या सुन्नपन होना।
- चलने या बैठने में परेशानी होना।
- लंबे समय तक खड़े रहने या झुकने से दर्द बढ़ना।
- पैरों में कमजोरी महसूस होना।
- कभी-कभी खांसी या छींक से भी दर्द का बढ़ना।
- पैर में सुई चुभने जैसा एहसास होना।
सामान्य कमर दर्द के लक्षण- Symptoms of General Back Pain
- कमर में भारीपन या खिंचाव जैसा दर्द होना।
- दर्द आमतौर पर पीठ तक सीमित रहता है, पैर तक नहीं जाता।
- एक्सरसाइज, उठने-बैठने या लंबे समय तक खड़े रहने पर दर्द बढ़ना।
- दर्द हल्का होता है और कुछ दिनों में कम हो सकता है।
- कोई सुन्नता या झनझनाहट नहीं होती।
- अक्सर मसल्स स्ट्रेन, पॉश्चर गलत होने या थकान से होता है।
साइटिका और सामान्य कमर दर्द में फर्क- Difference Between Sciatica and Normal Back Pain
- सामान्य कमर दर्द सिर्फ रीढ़ या कमर के मसल्स तक सीमित होता है, जबकि साइटिका का दर्द कमर से होते हुए हिप्स, जांघ, पिंडली और पैर तक जाता है।
- साइटिका में जलन, झनझनाहट और कमजोरी जैसे न्यूरोलॉजिकल लक्षण होते हैं।
- सामान्य दर्द हल्के स्ट्रेचिंग या आराम से ठीक हो सकता है, जबकि साइटिका में दवा और थेरेपी की जरूरत होती है।
कैसे पता चलेगा कि मुझे साइटिका है या सामान्य कमर दर्द?- How to Know if I Have Sciatica or Normal Back Pain
1. दर्द का स्थान
सामान्य कमर दर्द: दर्द सिर्फ पीठ या कमर के बीच या नीचे के हिस्से में होता है।
साइटिका: दर्द कमर से शुरू होकर हिप्स, जांघ, पिंडली और पैर की उंगलियों तक जाता है। यह आमतौर पर शरीर के एक तरफ होता है।
2. दर्द का प्रकार
सामान्य कमर दर्द: भारीपन, अकड़न या खिंचाव जैसा लगता है।
साइटिका: चुभन, जलन, झनझनाहट (Tingling), सुन्नता या सुई चुभने जैसा दर्द होता है।
3. दर्द का असर
सामान्य कमर दर्द: चलने, उठने या बैठने से थोड़ी राहत मिल सकती है।
साइटिका: बैठने, झुकने या खांसने से दर्द और बढ़ सकता है। चलना भी मुश्किल हो सकता है।
4. आराम से फर्क
सामान्य कमर दर्द: आराम करने से आराम मिलता है।
साइटिका: आराम करने पर भी दर्द बना रह सकता है या रात में बढ़ सकता है।
डॉक्टर को कब दिखाएं?- When to See Doctor
- एक तरफ के पैर में जलन या सुन्नता
- पेशाब या मल पर कंट्रोल नहीं होना
- दर्द बढ़ता जा रहा हो
- चलने में परेशानी या अचानक कमजोरी होना
बीमारी की पहचान कैसे होती है?
डॉक्टर आपकी जांच के साथ एमआरआई, एक्स-रे या सीटी-स्कैन जैसे टेस्ट करा सकते हैं जिससे यह साफ हो जाता है कि आपको साइटिका है या नहीं।
साइटिका का इलाज कैसे होता है?- Treatment For Sciatica
- दर्द कम करने के लिए एंटी-इंफ्लेमेटरी दवाएं दी जाती हैं।
- सही स्ट्रेचिंग और एक्सरसाइज से नस का दबाव कम किया जा सकता है।
- हॉट और कोल्ड पैक से सूजन और दर्द से राहत मिलती है।
- अगर नस पर दबाव ज्यादा हो और इलाज से आराम न मिले, तो सर्जरी की जरूरत भी पड़ सकती है।
कमर दर्द को मामूली समझकर टालना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। साइटिका और सामान्य कमर दर्द में फर्क समझना जरूरी है ताकि आप सही समय पर सही ट्रीटमेंट ले सकें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
FAQ
मुझे कैसे पता चलेगा कि मुझे साइटिका या कूल्हे का दर्द है?
साइटिका का दर्द कमर से शुरू होकर हिप्स और पैर तक जाता है, जबकि कूल्हे का दर्द आमतौर पर सिर्फ कूल्हे या उसके आसपास महसूस होता है और नीचे की ओर नहीं फैलता।साइटिका होने का मुख्य कारण क्या है?
साइटिका का मुख्य कारण स्लिप डिस्क होता है, जिसमें रीढ़ की नस दब जाती है। इसके अलावा खराब पॉश्चर, रीढ़ में चोट या हड्डियों की सूजन भी कारण हो सकते हैं।साइटिका कितने दिन तक रहता है?
साइटिका, 4 से 6 हफ्तों में ठीक हो सकता है, लेकिन अगर नस पर दबाव ज्यादा हो, तो यह बीमारी, महीनों तक रह सकती है और इलाज में देरी से स्थिति बिगड़ सकती है।