महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हर माह महिलाओं को पीरियड्स की एक निश्चित साइकिल से गुजरना पड़ता है। इस दौरान पेट में दर्द और मूड स्विंग्स का सामना करना पड़ता है। लेकिन, इसके अलावा भी खानपान और लाइफस्टाइल में बदलाव के चलते महिलाओं को प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या हो सकती है। इनमें फाइब्रॉयड, ओवरी से जुड़ी समस्या और एंडोमेट्रियोसिस आदि को शामिल किया जाता है। इन समस्याओं में महिलाओं को पीरियड्स देरी से आने या पीरियड्स के दौरान तेज दर्द का अनुभव होता है। ऐसे में कई बार महिलाएं पेट में होने वाली ऐंठन और दर्द को पीरियड पेन ही मान लेती हैं। जबकि, कुछ एंडोमेट्रियोसिस की ओर भी संकेत करते हैं। इस लेख में साईं पॉलिक्लीनिक की गाइनाक्लॉजिस्ट सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विभा बंसल से जानते हैं कि पीरियड और एंडोमेट्रियोसिस के दर्द में क्या अंतर होता है।
पीरियड्स में दर्द (Dysmenorrhea) क्या होता है? - What is Periods Pain In Hindi
पीरियड के दौरान दर्द होना एक सामान्य समस्या है, जिसे डिसमेनोरिया (Dysmenorrhea) कहा जाता है। यह दर्द मैंस्ट्रुअल के समय गर्भाशय की मांसपेशियों के सिकुड़ने के कारण होता है। इस समय पेट के निचले हिस्से में मरोड़, जांघों में दर्द, उल्टी, कमजोरी और थकावट की समस्या होती है। पीरियड्स पेन के प्रकार में प्राथमिक डिसमेनोरिया (Primary Dysmenorrhea) और द्वितीयक डिसमेनोरिया (Secondary Dysmenorrhea) को शामिल किया जाता है।
एंडोमेट्रियोसिस क्या है? - What Is Endometriosis In Hindi
एंडोमेट्रियोसिस एक क्रॉनिक समस्या है, जिसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत (एंडोमेट्रियम) जैसी कोशिकाएं गर्भाशय के बाहर बढ़ने लगती है। यह कोशिकाएं ओवरी, फैलोपियन ट्यूब्स को प्रभावित करती है। इसमें महिलाओं को तेज दर्द और प्रजनन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसमे महिलाओं को पीरियड्स के दौरान और शारीरिक संबंध के बाद तेज दर्द होता है। साथ ही, कुछ महिलाओं को भारी रक्तस्राव या अनियमित पीरियड्स का भी सामना करना पड़ता है।
पीरियड्स और एंडोमेट्रियोसिस के दर्द के बीच क्या अंतर होता है? - Difference Between Period Pain And Endometriosis In Hindi
दर्द की प्रकृति (Nature Of Pain)
पीरियड्स के दौरान महिलाओं को सामान्य और हल्का दर्द महसूस होता है। जबकि एंडोमेट्रियोसिस में महिलाओं को असहनीय, तेज और बार-बार दर्द महसूस होता है।
दर्द का समय (Pain Duration)
पीरियड्स के दौरान महिलाओं को पेट में दर्द एक या दो दिनों तक रहता है। जबकि, एंडोमेट्रियोसिस में पेट का दर्द पीरियड्स के दौरान, उससे पहले और बाद में भी हो सकता है।
दर्द का कारण (Causes Of Pain)
पीरियड पेन गर्भाशय की मांसपेशियों के संकुचन के कारण होता है। जबकि, एंडोमेट्रियोसिस गर्भाशय के बाहर एंडोमेट्रियल कोशिकाओं के कारण होता है।
लक्षण (Symptoms Of Pain)
पीरियड्स में महिलाओं को कमर दर्द, थकान, आलस और मितली बनी रहती है। जबकि, एंडोमेट्रियोसिस में इनफर्टिलिटी, पेट फूलना, कब्ज, भारी ब्लीडिंग होती है।
इलाज (Treatment Of Pain)
पीरियड्स पेन में महिलाओं को पेनकिलर दवाएं, हीट पैड, और लाइफस्टाइल में बदलाव की सलाह दी जाती है। जबकि, एंडोमेट्रियोसिस के इलाज में दवाएं, हार्मोनल थेरेपी और कुछ गंभीर मामलों में सर्जरी भी की जाती है।
इसे भी पढ़ेंः पीरियड्स में क्याें होता है जांघों और पेल्विक एरिया में दर्द? जानें इसके कारण और बचाव के उपाय
पीरियड दर्द और एंडोमेट्रियोसिस के बीच का अंतर समझना महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। नॉर्मल पीरियड पेन हर महिला को हो सकता है, वहीं एंडोमेट्रियोसिस एक गंभीर स्थिति है, जिसे समय पर पहचान और इलाज की आवश्यकता होती है। यदि महिलाएं पीरियड के दौरान असहनीय दर्द महसूस करती हैं या अन्य लक्षणों का अनुभव करती हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।