भारत में कोरोना वायरस के मामलों में पिछले 24 घंटों में सबसे बड़ी उछाल देखी गई। 23 मई को जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में 24 घंटे में ही 6,654 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं और 137 लोगों की मृत्यु हुई है। इसी के साथ भारत में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1,25,101 हो गया है और मरने वालों की संख्या 3720 तक पहुंच गई है। शुक्रवार को अकेले महाराष्ट्र में ही 2940 मरीज सामने आए हैं। महाराष्ट्र भारत का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है, जहां अब तक 44,582 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं मरने वालों की भी लगभग आधी संख्या अकेले महाराष्ट्र राज्य की है, जहां अब तक 1517 लोग इस वायरस के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं।
सिर्फ 5 शहरों से ही आए 60% से ज्यादा मामले
सरकार ने कहा है कि भारत में लॉकडाउन के असर से कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने में काफी मदद मिली है। सरकारी बयान के अनुसार कोरोना वायरस के 80% के लगभग मामले देश के 5 राज्यों तक सीमित हैं। इनमें भी 60% मामले सिर्फ 5 शहरों तक सीमित हैं। ये शहर हैं- मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद और थाने। नीति आयोग के मेंबर डॉ. वीके पॉल ने कहा कि भारत में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, दिल्ली और मध्यप्रदेश हैं।
डॉ. पॉल ने कहा, "ये बात किसी उपलब्धि से कम नहीं है। ये हमें आत्मविश्वास देती है कि हम दूसरे इलाकों को खोल सकते हैं। इतना बड़ा देश होने के बावजूद, सिर्फ लॉकडाउन के कारण ही कोरोना वायरस को कुछ इलाकों में ही सीमित कर लिया गया है।
इसे भी पढ़ें: लॉकडाउन खोलकर भी कैसे होगा कोरोना वायरस खत्म? वैज्ञानिकों ने सुझाया 50 दिन बंद, 30 दिन छूट का नया मॉडल
क्या है अन्य राज्यों का हाल?
तमिलनाडु भारत का दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां पिछले 24 घंटे में 786 नए मरीज पाए गए हैं। इसके बाद कल दिल्ली में भी 660 नए मामले सामने आए हैं। अन्य राज्यों की बात करें तो गुजरात में कल 363 मामले, राजस्थान में 267 मामले, उत्तर प्रदेश में 220 मामले, मध्य प्रदेश में 189 मामले, बिहार में 195 मामले, कर्नाटक में 138 मामले, पश्चिम बंगाल में 135 मामले सामने आए हैं। इन्हीं राज्यों में कोरोना के मरीज सबसे ज्यादा मरीज हैं। इसके अलावा बाकी राज्यों में 24 घंटे में 100 से कम मरीज मिले हैं।
ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ी
भारत में जिस तेजी से कोरोना वायरस के नए मरीज बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए ठीक होने वालों की संख्या कम है, लेकिन भारत की रिकवरी रेट में भी तेजी से सुधार आया है। शुक्रवार को 3250 और मरीजों को ठीक करके घर भेद दिया गया है, जिसके बाद भारत में कुल रिकवर्ड मरीजों की संख्या भी 51,784 हो गई है।
इसे भी पढ़ें: कोरोना वायरस वैक्सीन के पहले ह्यूमन ट्रायल में मिले बेहतर परिणाम, साल के अंत तक वैक्सीन आने की उम्मीद जगी
दुनिया में बढ़ रहे लगभग 1 लाख मरीज प्रतिदिन
कोरोना वायरस कितनी तेजी से फैल रहा है और लोगों को संक्रमित कर रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इन दिनों दुनियाभर में हर रोज लगभग 1 लाख कोरोना से संक्रमित मरीज सामने आने लगे हैं। दुनिया में कोरोना वायरस के मामले 53 लाख की संख्या पार कर चुके हैं। अब तक 3 लाख 40 हजार लोगों की मौत भी हो चुकी है। सिर्फ अमेरिका में ही कोरोना के 16 लाख 45 हजार मरीज हो चुके हैं और मरने वालों का आंकड़ा 97 हजार से ज्यादा हो चुका है। भारत इस समय कोरोना वायरस के कारण दुनिया का 11वां सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। हालांकि अन्य देशों की जनसंख्या को देखते हुए भारत में कोरोना मरीजों की संख्या का औसत बहुत कम है।
Read More Articles on Health News in Hindi
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version