भारत में कोरोना वायरस के मामले इस तेजी से बढ़ रहे हैं कि हर दिन मरीजों की संख्या का पिछला रिकॉर्ड टूट जाता है। सोमवार 1 जून को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में 5394 पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इसी के साथ भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,90,535 हो गई है। मरने वालों का आंकड़ा कल ही 5000 की संख्या पार कर गया था। 24 घंटे में इस वायरस के कारण मौतों के बाद ये संख्या 5394 तक पहुंच गई है।
1 जून से देशभर में लॉकडाउन 5.0 की शुरुआत हो रही है, जिसे कुछ लोग अनलॉक-1 भी कह रहे हैं। इस पांचवे लॉकडाउन में देश में ज्यादातर चीजें खोलने की सशर्त अनुमति दे दी गई है। ऐसे में कुछ लोग इस बात को लेकर ज्यादा चिंतित हैं कि लगातार बढ़ती संक्रमितों की संख्या के बावजूद लॉकडाउन खोलने के फैसले का क्या असर होगा।
भारत बना दुनिया का 7वां सबसे प्रभावित देश
सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अब भारत कोरोना वायरस से प्रभावित दुनिया का 7वां सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन चुका है। नए आंकड़ों के अनुसार अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन, ब्रिटेन और इटली के बाद अब भारत में सबसे ज्यादा मरीज हैं। एक समय इटली दुनिया में कोरोना वायरस का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया था और वहां से आने वाली खबरें दुनियाभर को चौंका रही थीं। लेकिन अब भारत इटली से 1 कदम पीछे है। भारत में अभी 1,90, 535 कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या है, जबकि सबसे ज्यादा प्रभावित देश में अमेरिका में ये संख्या 1,837,00 0 से ज्यादा हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात के अपने भाषण में कहा था कि भारत की जनसंख्या को देखते हुए अन्य देशों की अपेक्षा हमारे यहां वायरस कम फैला है।
इसे भी पढ़ें: अक्टूबर अंत तक कोरोना वायरस वैक्सीन आने की उम्मीद बढ़ी, Pfizer के CEO ने बताया किस तेजी से चल रहा है ट्रायल
टॉप स्टोरीज़
किस राज्य में बढ़े कितने मामले?
भारत में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात और राजस्थान हैं। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 2487 नए पॉजिटिव मरीज, तमिलनाडु में 1149 मामले, दिल्ली में 1295 मरीज, गुजरात में 436 और राजस्थान में 214 मरीज मिले हैं। इन 5 राज्यों में ही कोरोना वायरस का कहर सबसे ज्यादा है। हालांकि पिछले कुछ दिनों के आंकड़े देखें तो तमिलनाडु की अपेक्षा दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या प्रतिदिन ज्यादा बढ़ने लगी है। उत्तर प्रदेश में भी प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के बाद ग्रामीण इलाकों से कई मामले सामने आने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में यूपी में 378 मरीज बढ़े हैं, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 7823 पहुंच गई है। इसी तरह बिहार में भी संक्रमण बढ़ रहा है और यहां बीते रविवार को 179 मामले सामने आए हैं। अब बिहार में कुल मरीजों की संख्या 3815 हो गई है।
इसे भी पढ़ें: लॉकडाउन खोलकर भी कैसे होगा कोरोना वायरस खत्म? वैज्ञानिकों ने सुझाया 50 दिन बंद, 30 दिन छूट का नया मॉडल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ज्यादा सतर्क रहें
रविवार को मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भी लगातार बढ़ती संक्रमितों की संख्या पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश अब खुल गया है और हमें ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई मजबूती से लड़ी जा रही है। उन्होंने भारतीय आयुर्वेद और योग के महत्व को एक बार फिर से बताते हुए कहा कि कोरोना वायरस से लड़ाई में योग और आयुर्वेद की भूमिका अहम है। प्रधानमंत्री ने संबोधन के अंत में कहा, "कोरोना के खिलाफ लड़ाई अब भी उतनी ही गंभीर है। आपको, आपके परिवार को, कोरोना से अभी भी उतना ही गंभीर खतरा हो सकता है।"
Read More Articles on Health News in Hindi