डायबिटीज के मरीजों को क्या पीना है और क्या नहीं, यह फैसला सिर्फ स्वाद के आधार पर नहीं, बल्कि ब्लड शुगर लेवल को ध्यान में रखकर लेना पड़ता है। जब प्यास ज्यादा लगती है, तो लोग अक्सर नारियल पानी या नींबू पानी की ओर रुख करते हैं। दोनों ही नेचुरल और ताजगी देने वाली ड्रिंक मानी जाती हैं लेकिन सवाल यह है कि डायबिटीज में कौन सा विकल्प ज्यादा सुरक्षित है? एक तरफ नारियल पानी को नेचुरल एनर्जी ड्रिंक कहा जाता है, इसमें इलेक्ट्रोलाइट्स और हल्की नेचुरल मिठास होती है, जो शरीर को तुरंत हाइड्रेट करती है। वहीं दूसरी तरफ, नींबू पानी कम कैलोरी वाला, विटामिन C से भरपूर और ताजगी देने वाली ड्रिंक है।, लेकिन क्या नारियल पानी में मौजूद प्राकृतिक शुगर ब्लड शुगर बढ़ा सकती है? और क्या नींबू पानी सच में डायबिटीज फ्रेंडली है या इसमें भी कुछ सावधानियां जरूरी हैं? इस बारे में सही जानकारी के लिए हमने, जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटिशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन से बात की-
डायबिटीज में नारियल पानी vs नींबू पानी
डाइटिशियन अर्चना जैन बताती हैं कि डायबिटीज में शरीर की इंसुलिन क्षमता प्रभावित होती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है। ऐसे में जो भी ड्रिंक ली जाए, उसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI), नेचुरल शुगर की मात्रा और कुल कार्बोहाइड्रेट कंटेंट जरूरी हो जाता है। अगर तुलना की जाए, तो बिना चीनी का नींबू पानी डायबिटीज मरीजों के लिए ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। नारियल पानी में मौजूद नेचुरल शुगर ब्लड शुगर को हल्का बढ़ा सकती है, खासकर अगर मात्रा ज्यादा हो।
इसे भी पढ़ें: क्या डायबिटीज में बिना चीनी वाली चाय-कॉफी पीना पूरी तरह सुरक्षित है?
हालांकि, डाइटिशियन अर्चना जैन के अनुसार, ''हर मरीज की स्थिति अलग होती है। जिनका शुगर लेवल कंट्रोल है, वे कभी-कभार नारियल पानी ले सकते हैं। लेकिन जिनका शुगर लेवल अक्सर हाई रहता है, उन्हें नींबू पानी या सादा पानी को प्राथमिकता देनी चाहिए।''
नारियल पानी
डाइटिशियन अर्चना जैन के अनुसार, ''एक कप नारियल पानी में लगभग 6-8 ग्राम नेचुरल शुगर हो सकती है। यह मात्रा बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन जिन लोगों की अनियंत्रित डायबिटीज रहती है उन मरीजों को सावधानी रखनी चाहिए।'' अगर किसी का ब्लड शुगर कंट्रोल है और डॉक्टर ने अनुमति दी है, तो सीमित मात्रा यानी एक छोटा गिलास नारियल पानी लिया जा सकता है लेकिन इसे रोजाना ज्यादा मात्रा में पीना उचित नहीं है।
इसे भी पढ़ें: क्या डायबिटीज में मीठा पूरी तरह छोड़ देना चाहिए? एक्सपर्ट से जान लें सच्चाई
नींबू पानी
नींबू पानी में नेचुरल शुगर नहीं होती है, खासकर जब तक इसमें चीनी न मिलाई जाए। यह विटामिन C से भरपूर होता है और पाचन में मदद करता है। डाइटिशियन अर्चना जैन बताती हैं कि बिना चीनी का नींबू पानी डायबिटीज मरीजों के लिए सुरक्षित विकल्प है। नींबू का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है, जिससे ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता। गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर सुबह पीना कई लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
क्या कहती है स्टडी
JSR स्टडी के अनुसार, नारियल पानी पीने के 45 मिनट के भीतर रक्त शर्करा (Blood Glucose) और इंसुलिन में हल्की बढ़ोतरी देखी गई, जो 2 घंटे बाद सामान्य लेवल पर आ गई। इसमें पाया गया कि सामान्य लोगों की तुलना में 'प्री-डायबिटिक' व्यक्तियों में इंसुलिन का स्तर काफी बढ़ जाता है। हालांकि इसका प्रभाव मध्यम है, लेकिन यह व्यक्ति की मेटाबॉलिक स्थिति पर निर्भर करता है।

डाइटिशियन की सलाह
डाइटिशियन अर्चना जैन सलाह देती हैं कि अगर आप नारियल पानी पी रहे हैं तो नारियल पानी हमेशा ताजा पिएं, पैकेज्ड न लें और नींबू पानी में चीनी या शहद न मिलाएं। इसके अलावा ब्लड शुगर की नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी नई ड्रिंक को डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लें।
निष्कर्ष
डायबिटीज में नारियल पानी और नींबू पानी दोनों के अपने फायदे हैं, लेकिन सावधानी जरूरी है। डाइटिशियन अर्चना जैन के अनुसार, बिना चीनी का नींबू पानी ज्यादा सुरक्षित विकल्प है, जबकि नारियल पानी सीमित मात्रा में और कंट्रोल शुगर लेवल वाले मरीज ही लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
डायबिटीज के लक्षण क्या हैं?
डायबिटीज होने पर बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, थकान और कमजोरी, अचानक वजन घटना या बढ़ने जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं।क्या शुगर की बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है?
टाइप 1 डायबिटीज पूरी तरह ठीक नहीं होती, लेकिन इंसुलिन और लाइफस्टाइल से कंट्रोल की जा सकती है। टाइप 2 और प्रेग्नेंसी डायबिटीज लाइफस्टाइल, बैलेंस डाइट, एक्सरसाइज और दवाओं से कंट्रोल की जा सकती है।डायबिटीज में क्या क्या नहीं खाना चाहिए?
डायबिटीज में मीठी चीजों, रिफाइंड कार्ब्स, प्रोसेस्ड और पैकेटबंद फूड्स से बचना चाहिए, क्योंकि ये ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Feb 24, 2026 09:02 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Feb 24, 2026 09:02 IST
Modified By : Akanksha TiwariFeb 24, 2026 09:02 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Archana Jain