Can People with Diabetes have ORS: डब्ल्यूएचओ की ओर से एक फॉर्मूला स्वीकृत किया गया है जिसे ओआरएस कहते हैं। इसका प्रयोग ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन के रूप में किया जाता है। ओआरएस का सेवन करने से शरीर में जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी दूर होती है। इस मिश्रण को सोडियम क्लोराइड, पोटेशियम क्लोराइड, ट्राइसोडियम साइट्रेट, पानी और ग्लूकोज से बनाया जाता है। सोडियम क्लोराइड को नमक के रूप में जाना जाता है, यह इलेक्ट्रोलाइट्स प्रदान करता है। पोटेशियम क्लोराइड शरीर में विभिन्न शारीरिक प्रक्रियाओं को समायोजित करने में मदद करता है। ट्राइसोडियम साइट्रेट पोषक तत्वों को संतुलित करने में मदद करता है। ग्लूकोज शरीर को ऊर्जा देता है और पानी की मदद से शरीर को सही संरचना मिलती है। ओआरएस में ग्लूकोज मौजूद होने के कारण अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या इसे डायबिटीज के मरीजों को दे सकते हैं या नहीं। इस सवाल का जवाब हम आगे लेख में जानेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
क्या डायबिटीज में ओआरएस पीना सुरक्षित है?- Is It Safe To have ORS In Diabetes
शरीर में पानी की कमी होने पर और लो-एनर्जी होने पर ओआरएस का सेवन किया जाता है। यह स्थिति डायबिटीज के मरीजों के साथ भी हो सकती है। वहीं ब्लड शुगर लेवल लो हो जाने पर भी घबराहट, चक्कर, दिल की धड़कन बढ़ने जैसे लक्षण नजर आते हैं। इस स्थिति में भी आपको ओआरएस का सेवन करना चाहिए। इस आधार पर आप कह सकते हैं कि जरूरत पड़ने पर डायबिटीज के मरीज ओआरएस का सेवन कर सकते हैं। हालांकि डायबिटीज के इलाज में कुछ विशेष दवाएं दी जाती हैं जिसका रिएक्शन ओआरएस के साथ हो सकता है। इसलिए डायबिटीज में डॉक्टर की सलाह पर ही ओआरएस का सेवन करना चाहिए। सामान्य तौर पर डायबिटीज के मरीजों को ओआरएस पीने से पोषक तत्वों और पानी की सही मात्रा मिलती है। इससे उनकी तबीयत में सुधार होता है।
इसे भी पढ़ें- शरीर में पानी की कमी को तुरंत दूर करता है ORS, जानें ओआरएस घोल बनाने का तरीका और फायदे
ओआरएस पीने से पहले बरतें ये सावधानियां- Precautions Before Drinking ORS
- अगर ओआरएस में मौजूद किसी पोषक तत्व से एलर्जी है, तो इस घोल का सेवन करने से बचना चाहिए।
- अगर ओआरएस पीने से उल्टी आ रही है, तो इसका सेवन न करें।
- ओआरएस का सेवन करते समय किसी अन्य दवा का सेवन न करें।
- गर्भवती महिलाएं ओआरएस का सेवन कर सकती हैं। लेकिन चिकित्सक से परामर्श करना उचित है।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।