Doctor Verified

क्या नींद की कमी से शरीर में दर्द होता है? डॉक्टर से जानें

आजकल की खराब और तेजी से बदलती लाइफस्टाइल के साथ-साथ वर्किंग कल्चर का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। यहां जानिए, क्या नींद की कमी से शरीर में दर्द होता है? 
  • SHARE
  • FOLLOW
क्या नींद की कमी से शरीर में दर्द होता है? डॉक्टर से जानें


आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सफलता और व्यस्तता की दौड़ में इस कदर उलझ गए हैं कि सबसे जरूरी चीज नींद को ही नजरअंदाज करने लगे हैं। तेजी से बदलती लाइफस्टाइल, देर रात तक चलने वाले ऑफिस शेड्यूल, बढ़ता वर्किंग कल्चर, सोशल मीडिया का ज्यादा उपयोग और पार्टीज का ट्रेंड लोगों के सोने-जागने के समय को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। इस बदलती दिनचर्या का असर केवल मानसिक स्वास्थ्य पर ही नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई देने लगा है। थकान, चिड़चिड़ापन, ध्यान की कमी और सबसे सामान्य समस्या सिरदर्द और शरीर में दर्द अब आम होती जा रही है।

कई लोग नियमित रूप से पीठ दर्द, मांसपेशियों में जकड़न या सिर में भारीपन जैसी परेशानियों से जूझते हैं, लेकिन यह समझ नहीं पाते कि इसका कारण क्या है। ऐसे में अक्सर एक सवाल उठता है कि क्या नींद की कमी से शरीर में दर्द हो सकता है? इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने मेट्रो हॉस्पिटल, नोएडा के क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट विभाग की कंसल्टेंट डॉ. मनीषा सिंघल (Dr. Manisha Singhal, Consultant - Clinical Psychologist & Psychotherapist, Metro Hospital, Noida) से बात की-

क्या नींद की कमी से शरीर में दर्द होता है? - Can Lack Of Sleep Cause Body Ache

डॉ. मनीषा सिंघल बताती हैं कि हमारी नींद केवल दिमाग को आराम देने का समय नहीं होती, बल्कि यह शरीर की मरम्मत की प्रक्रिया का हिस्सा होती है। जब हम गहरी नींद में होते हैं, तब शरीर की मांसपेशियां आराम करती हैं, ऊतकों यानी टिश्यू की मरम्मत होती है और हार्मोन्स का स्राव संतुलित होता है। यदि ये प्रक्रियाएं बाधित हो जाएं, तो मांसपेशियों में जकड़न, जोड़ों में अकड़न और सामान्य रूप से शरीर में दर्द महसूस होना शुरू हो सकता है। नींद की कमी से शरीर में कई प्रकार के दर्द हो सकते हैं। तनाव, नींद की कमी और शरीर में दर्द ये तीनों एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। तनाव के कारण नींद खराब होती है, नींद की कमी से शरीर में दर्द होता है और दर्द के कारण फिर नींद में बाधा आती है।

इसे भी पढ़ें: गहरी नींद क्यों है जरूरी? जानें इसके फायदे और आपकी सेहत पर असर

1. मांसपेशियों में दर्द

शरीर को पूरा आराम न मिलने के कारण मांसपेशियां थक जाती हैं और उनमें ऐंठन या दर्द शुरू हो सकता है। जब आप रोजाना नींद पूरी नहीं करेंगे तो इससे शरीर में दर्द महसूस हो सकता है।

2. पीठ और गर्दन में अकड़न

गद्दे और तकिए का सही इस्तेमाल न करना और साथ ही कम नींद लेने से रीढ़ की हड्डी पर असर पड़ता है। जिसके कारण अक्सर लोगों को पीठ में दर्द की शिकायत रहती है।

can lack of sleep cause body ache

3. सिरदर्द

नींद की कमी से न्यूरोट्रांसमीटर असंतुलित हो जाते हैं, जिससे माइग्रेन या सिरदर्द की संभावना बढ़ जाती है।

इसे भी पढ़ें: रात में बार-बार जागता है बच्चा तो अपनाएं ये 5 टिप्स, उसे आएगी सुकून भरी नींद

4. जोड़ों का दर्द

नींद की कमी से आर्थराइटिस जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर यह समस्या बुजुर्गों में ज्यादा देखने को मिलती है।

नींद की कमी के कारण सिरदर्द से कैसे बचें - How to fix a headache from lack of sleep

1. रोजाना एक तय समय पर सोने और उठने की आदत बनाएं।
2. मोबाइल, टीवी और लैपटॉप से नीली रोशनी नींद को बाधित करती है। इसलिए इससे दूरी बनाएं।
3. बहुत अधिक कैफीन और मसालेदार भोजन नींद पर असर डालते हैं। इसलिए रात के समय ऐसा भोजन करने से बचें।
4. प्राणायाम और ध्यान तनाव को कम करके नींद सुधारने में मदद करते हैं। रोजाना इनका अभ्यास करें।
5. सही मुद्रा यानी पॉश्चर में सोना शरीर के दर्द को कम करता है।
6. यदि दर्द लगातार बना रहे तो डॉक्टर या एक्सपर्ट से सलाह लें।

निष्कर्ष

नींद की कमी न केवल आपकी कार्यक्षमता को घटाती है, बल्कि शरीर के कई हिस्सों में दर्द का कारण भी बन सकती है। हेल्दी जीवन के लिए जितना जरूरी संतुलित भोजन और एक्सरसाइज है, उतनी ही जरूरी है गहरी और पूरी नींद। अगर आप दिनभर थकान, पीठ दर्द या मांसपेशियों की जकड़न महसूस करते हैं, तो संभव है कि ऐसा नींद की कमी के कारण है।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • नींद की कमी का मुख्य कारण क्या है?

    नींद की कमी के मुख्य कारणों में अनियमित लाइफस्टाइल, बढ़ता तनाव, ज्यादा मोबाइल और स्क्रीन का उपयोग, देर रात तक काम या सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना, कैफीन युक्त ड्रिंक्स का सेवन, मानसिक चिंता शामिल हैं।
  • कम सोने से क्या दिक्कत होती है? 

    कम सोने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर कई नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं। इससे थकान, चिड़चिड़ापन, ध्यान की कमी और निर्णय लेने की क्षमता कमजोर हो सकती है। लंबे समय तक नींद की कमी हार्ट डिजीज, डायबिटीज, मोटापा और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा देती है। शरीर की इम्यूनिटी भी कम हो जाती है, जिससे बार-बार बीमार पड़ने की संभावना बढ़ती है। इसके अलावा, कम नींद मानसिक तनाव, डिप्रेशर और चिंता जैसी समस्याओं को जन्म दे सकती है।
  • सिर दर्द होने का मुख्य कारण क्या है?

    सिर दर्द होने के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन इसके मुख्य कारणों में तनाव, नींद की कमी, थकावट, डिहाइड्रेशन, ज्यादा स्क्रीन टाइम, गलत खानपान शामिल हैं। इसके अलावा माइग्रेन, हाई ब्लड प्रेशर, साइनस की समस्या, आंखों की कमजोरी और हार्मोनल बदलाव भी सिर दर्द का कारण बन सकते हैं। कुछ मामलों में ज्यादा कैफीन का सेवन या अचानक कैफीन छोड़ना भी सिर दर्द को बढ़ा सकता है। यदि सिर दर्द बार-बार होता है, तो डॉक्टर से सलाह लें।

 

 

 

Read Next

क्या ज्यादा नमक खाने से नींद आती है? एक्सपर्ट से जानें दोनों का कनेक्शन

Disclaimer