कई लोगों के मुंह से इतनी भयंकर बदबू आती है कि उनसे बात करना भी मुश्किल हो जाता है। मुंह की बदबू के कारण आपको लोगों के सामने बोलने पर शर्मिन्दा होना पड़ता है। मुंह की बदबू के कई कारण हो सकते हैं। कई बार कुछ लोगों के मुंह से अनुवांशिकर कारणों से बदबू आती है तो कई बार साफ-सफाई की कमी के कारण मुंह से दुर्गंध आने की समस्या हो जाती है। अगर आप भी मुंह की बदबू या दुर्गंध से परेशान हैं, तो हम आपको बताते हैं इसे दूर करने का बेहद आसान उपाय। आमतौर पर लोग मुंह की बदबू के लिए माउथवॉश का प्रयोग करते हैं, मगर डेंटिस्ट बताते हैं कि आप बिना किसी खुश्बूदार माउथवॉश के प्रयोग के भी मुंह की बदबू से छुटकारा पा सकते हैं।
मुंह की बदबू का कारण
अगर आपको कोई अनुवांशिक समस्या नहीं है, तो मुंह की बदबू का कारण बहुत सामान्य हो सकता है। चिकित्सकों का मानना है कि मुंह सूखने के कारण भी मुंह से बदबू आने की समस्या हो सकती है। अमेरिकन डेंटल एसोसिएशन के प्रवक्ता Dr. Ada S. Cooper के अनुसार, "प्यास और मुंह सूखने के कारण अक्सर लोगों के मुंह से बदबू आने लगती है। जब आपका मुंह ज्यादा सूख जाता है, मुंह में बनने वाले थूक (सलाइवा) का निर्माण कम होने लगता है। अगर मुंह में थूक यानी सलाइवा कम होने पर मुंह में मौजूद बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं। ये बैक्टीरिया दांत-जीभ आदि के कोनों में छिपे भोजन के कणों को खाते हैं और दुर्गंध का कारण बनते हैं।
इसे भी पढ़ें:- पहली डेट को खराब न कर दे आपके सांसों की बदबू, ऐसे करें तैयारी
मुंह से बदबू आने के अन्य कारण
- मुंह की ठीक तरह से साफ-सफाई न करने के कारण भी मुंह में बैक्टीरिया और यीस्ट का प्रभाव बढ़ जाता है, जिसके कारण बदबू आने लगती है।
- रात को सोने से पहले अच्छी तरह कुल्ला करके न सोने से भोजन के कण सड़ जाते हैं और बैक्टीरिया हावी हो जाते हैं, ये भी मुंह की बदबू का कारण बन सकता है।
- कच्ची प्याज, कच्चे लहसुन आदि के सेवन से भी मुंह से बदबू आने की समस्या हो सकती है।
मुंह की बदबू दूर करने का आसान उपाय
डेंटिस्ट्स के मुताबिक मुंह की बदबू दूर करने का सबसे आसान रास्ता यह है कि आप ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। अगर आप पर्याप्त पानी पिएंगे, तो आपका मुंह नहीं सूखेगा, जिससे बैक्टीरिया ज्यादा मात्रा में नहीं पनप पाएंगे। चिकित्सकों के मुताबिक आपको रोजाना कम से कम 3-4 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए।
इसे भी पढ़ें:- गर्मी की बदबू से राहत दिलाएंगे घर पर आसानी से बनने वाले ये डियो
मुंह की बदबू दूर करने के लिए ध्यान रखें ये बातें
- रोज खाना खाने के बाद और सोने से पहले अच्छी तरह कुल्ला कर लें, ताकि मुंह में छिपे हुए भोजन कण बाहर निकल जाएं।
- रात में सोने से पहले चाय-कॉफी, शराब आदि का सेवन कभी भी न करें।
- रोज सुबह उठने के बाद और रात में सोने से पहले 2 बार ब्रश जरूर करें।
- शरीर में पानी की कमी न होने दें। पानी के अलावा दूसरे तरल आहार (लिक्वि़ड डाइट) भी लेते रहें।
Read more articles on Home Remedies in Hindi